2047 की डेडलाइन और ‘इंडिया स्टोरी’ :

Deadline of 2047 and ‘India Story’:

पत्रकारों के साथ संवाद में प्रधानमंत्री का संदेश : भारत की उपलब्धियों को दुनिया तक पहुंचाए मीडिया

गोपेन्द्र नाथ भट्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 12 नवंबर को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों से संवाद करते हुए विकसित भारत के संकल्प को एक नई समयसीमा और व्यापक राष्ट्रीय दृष्टिकोण से जोड़ने का प्रयास किया। उनका संदेश स्पष्ट था कि आजादी के सौ वर्ष पूरे होने अर्थात 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना अब केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि देश के सामने निर्धारित लक्ष्य और समयसीमा है। प्रधानमंत्री ने मीडिया से भारत की उपलब्धियों और सफलताओं की कहानियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मोदी के इस संबोधन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू 2047 की डेडलाइन है। उन्होंने पत्रकारों की कार्यशैली का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार समाचार पत्र और टेलीविजन की दुनिया समयसीमा के अनुसार काम करती है, उसी प्रकार राष्ट्र निर्माण के लिए भी लक्ष्य और समयसीमा आवश्यक हैं। उनका तर्क है कि 2047 तक इंतजार करना उद्देश्य नहीं, बल्कि उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आज से ही छोटे-बड़े पड़ाव तय करके आगे बढ़ना जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता, चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, मोबाइल निर्माण, सेमीकंडक्टर उद्योग, सौर ऊर्जा, स्टार्टअप और यूपीआई जैसी डिजिटल भुगतान व्यवस्था को भारत की बदलती तस्वीर के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि भारत की कहानी में अपार संभावनाएं हैं और इसे दुनिया तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

इस संवाद में प्रधानमंत्री ने गरीबी उन्मूलन का भी उल्लेख किया और विश्व बैंक के आंकड़ों का हवाला देते हुए पिछले बारह वर्षों में लगभग 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से ऊपर आने का दावा किया। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि का दावा है, लेकिन गरीबी के आकलन के मानकों, आय, रोजगार, शिक्षा, पोषण और जीवन स्तर के व्यापक आंकड़ों के आधार पर इसकी निरंतर समीक्षा भी जरूरी है।

मोदी ने नशे की बढ़ती समस्या पर मीडिया से जनजागरण अभियान चलाने का आग्रह भी किया। युवाओं को नशे से बचाने के लिए मीडिया, शैक्षणिक संस्थाओं, परिवारों और सामाजिक संगठनों की साझेदारी निश्चित रूप से समय की मांग है। प्रधानमंत्री ने पत्रकारों के बदलते दौर का उल्लेख करते हुए प्रेस विज्ञप्तियों से इंस्टाग्राम रील तक के सफर की चर्चा की। वास्तव में डिजिटल क्रांति ने समाचारों की दुनिया बदल दी है, लेकिन इसके साथ फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाओं और अपुष्ट खबरों की चुनौती भी बढ़ी है।

निष्कर्ष के रुप में प्रधानमंत्री मोदी का संदेश भारत की उपलब्धियों को वैश्विक पहचान दिलाने और विकसित भारत के लक्ष्य के लिए सामूहिक प्रयासों की अपील है।