राजस्थानी अकादमी ने बदला आयोजन स्थल, अब आईवान-ए-गालिब ऑडिटोरियम में होगा कार्यक्रम
नीति गोपेन्द्र भट्ट
नई दिल्ली : राजस्थानी कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजस्थानी अकादमी द्वारा आयोजित 34वीं राजस्थानी लोक नृत्य प्रतियोगिता एवं 12वीं राजस्थानी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन अब शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को आईवान-ए-गालिब ऑडिटोरियम, आईवान-ए-गालिब रोड, आईटीओ के निकट, नई दिल्ली में किया जाएगा। अकादमी ने आयोजन स्थल में परिवर्तन की जानकारी दी है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे उद्घाटन समारोह से होगी। इसके बाद सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12 बजे तक राजस्थानी लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी राजस्थानी लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्यों और रंग-बिरंगी वेशभूषाओं की मनोहारी प्रस्तुतियां देंगे। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे राजस्थानी चित्रकला प्रतियोगिता के पुरस्कार समारोह का आयोजन होगा।
राजस्थानी अकादमी के इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में राजस्थान की समृद्ध लोक कला, संगीत, नृत्य, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि एवं जागरूकता पैदा करना है। लोक नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान के विभिन्न अंचलों की सांस्कृतिक विविधता और लोक जीवन की झलक देखने को मिलेगी।
आयोजन को लेकर राजस्थानी अकादमी के अध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता और सचिव सुमन माहेश्वरी ने बताया कि अकादमी लंबे समय से दिल्ली में राजस्थानी भाषा, साहित्य, कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित करती रही है। विद्यालयी विद्यार्थियों को मंच प्रदान करना इसी सांस्कृतिक अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और राजस्थान की कला-संस्कृति से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है। अकादमी ने सभी कला एवं संस्कृति प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।





