मुख्यमंत्री ने किया प्रथम गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2025 का शुभारम्भ

Chief Minister inaugurated the first Gaja Ghantakarna Mahotsav-2025

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा, टिहरी में आयोजित प्रथम गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2025 का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गजा स्थित घण्टाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की तथा राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ सभी को महोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे महोत्सव समृद्ध संस्कृति और परम्परा को आगे बढ़ाने में अद्वितीय सहयोग देते हैं। गजा घण्टाकर्ण मंदिर पौराणिक मंदिरों में से एक है। बदरीनाथ की परिक्रमा के बाद दूसरी परिक्रमा यहां पर की जाती है। पर्यटन की दृष्टि से यह अत्यन्त महत्वपूर्ण स्थल है, जहां से हरिद्वार और हिमालय के दर्शन होते हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव के आयोजन से यहां पर विकास की एक नई नींव पड़ रही है, जो ऐतिहासिक समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है।

उन्होंने कहा कि गजा में लगभग ₹30 करोड़ की लागत से पॉलीटेक्निक, ₹24 करोड़ की लागत से हेंवलघाटी पम्पिंग पेयजल योजना का कार्य, नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला, विश्राम गृह का कार्य किया गया है। स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने हेतु वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, हॉउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है। कौशल विकास में निपुण स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बहनों के द्वारा तैयार किए गए शानदार उत्पाद विदेशी कम्पनियों को भी पीछे छोड़ रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा स्थानीय मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया जिनका चयन एमबीबीएस, आईआईटी, एनआईटी, भारतीय नौसेना आदि में हुआ है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा शहीद विक्रम सिंह नेगी के गांव की सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा भी की गई।

इस मौके पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, जिलाध्यक्ष भाजपा उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख प्रशासक, नरेन्द्रनगर राजेन्द्र भण्डारी, चम्बा शिवानी बिष्ट, नगरपालिका परिषद् अध्यक्ष चम्बा, शोभनी धनोला, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, लोक गायक प्रीतम भरतवाण सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रहे।