रविवार दिल्ली नेटवर्क
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के टिमिट कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन की ओर से आयोजित इंटरकॉलिजिएट चैंपियनशिप- 2026 के आधा दर्जन क्रिकेट मुकाबलों में फार्मेसी कॉलेज, एग्रीकल्चर कॉलेज और मेडिकल कॉलेज की टीमों ने धमाकेदार जीत दर्ज की। फार्मेसी कॉलेज ने फिजियोथैरेपी कॉलेज को 44 रनों, एग्रीकल्चर कॉलेज ने डेंटल कॉलेज को 115 रनों और मेडिकल कॉलेज ने फाइन आर्ट्स कॉलेज को 09 विकेट से मात देते हुए मुकाबले अपने नाम किए। फार्मेसी और फिजियोथेरेपी के मुकाबले में फार्मेसी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। फार्मेसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 151 रनों का पहाड़नुमा स्कोर बनाया। फॉर्मेसी की ओर से बल्लेबाज वीरेंद्र ने 31 गेंदों में 69 की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 बेहतरीन छक्के शामिल रहे। फिजियोथैरेपी की तरफ से सलमान ने 1 विकेट अपने नाम किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फिजियोथेरेपी की टीम 12 ओवर में महज 106 रन बना पाई। फिजियोथेरेपी की ओर से फैजल ने 4 चौके की मदद से 35 रनों की पारी खेली। फार्मेसी की तरफ से आदित्य ने 3 ओवरों में 3 विकेट चटकाए। फार्मेसी के वीरेंद्र को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे और मुकाबलों में पैरामेडिकल कॉलेज ने नर्सिंग कॉलेज, एजुकेशन कॉलेज ने लॉ कॉलेज और मैनेजमेंट कॉलेज ने इंजीनियरिंग कॉलेज को हराया।
एग्रीकल्चर और डेंटल कॉलेज के मुकाबले में डेंटल कॉलेज का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय बहुत महंगा साबित हुआ। एग्रीकल्चर की टीम ने ये मुकाबला 115 रनांे से अपने नाम किया। एग्रीकल्चर ने 12 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 179 का विशाल स्कोर खड़ा किया। एग्रीकल्चर की तरफ से हर्ष राज ने 17 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 54 रनो की ताबड़तोड़ पारी खेली। हर्ष को बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मन ऑफ द मैच चुना गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डेंटल की टीम पूरे 12 ओवर खेलते हुए 9 विकेट के नुकसान पर महज 64 रनों पर ही ढेर हो गई। एग्रीकल्चर की ओर से अजहर ने 2 ओवर में 3 विकेट, जबकि डेंटल की ओर से अक्षित ने 18 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। इस धमाकेदार जीत के साथ एग्रीकल्चर अगले राउंड के लिए क्वालीफाई हुआ।
फाइन आर्ट्स कॉलेज और मेडिकल कॉलेज के मुकाबले में मेडिकल की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। 12-12 ओवर के इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए फाइन आर्ट्स की टीम 9 विकेट के नुकसान पर महज 59 रन ही बना सकी। फाइनआर्ट की तरफ से मुस्तफा ने 13 रन 11 गेंदों में 1 चौके की मदद से 13 रन बनाए और टीम के सबसे सफल बल्लेबाज साबित हुए। मेडिकल की तरफ से अभय सिंह ने 2 ओवर में 3 विकेट अपने नाम किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेडिकल की टीम ने मात्र 6.1 ओवरों में 1 विकेट खोकर 60 रनों का लक्ष्य प्राप्त कर लिया। फाइन आर्ट्स की ओर से 1 मात्र विकेट आकाश कोहली के नाम रहा। मेडिकल की ओर से शिवम ने 13 गेंदों में 18 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। इस दौरान शिवम ने कुल 2 चौके जड़े। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मेडिकल के अभय सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।





