गोपेन्द्र नाथ भट्ट
फटाफट क्रिकेट के नाम से मशहूर टी-20 प्रारूप में भारत ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए विश्व क्रिकेट में एक नया इतिहास और एक नया कीर्तिमान रच दिया है। रविवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में लाखों द बीएमर्शकों की उपस्थिति में आईसीसी मेन्स टी – 20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर भारतीय टीम ने यह साबित कर दिया कि वह सीमित ओवरों के इस रोमांचक प्रारूप का विश्व क्रिकेट में असली सम्राट है। इस प्रारूप में भारत ने तीन बार विश्व विजेता,लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने और अपने देश में मेजबानी करते हुए खिताब जीतने के तीन नायाब रिकॉर्ड भी स्थापित किए है। इसके अलावा टेस्ट, 50 ओवर्स के एक दिवसीय क्रिकेट तथा टी- 20 के साथ महिला टेस्ट और वन डे क्रिकेट के विश्व विजेता बन भारत ने क्रिकेट के हर प्रारूप में अपनी बादशाहत की धाक जमाई है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अपने परिवार और पुत्र अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जयंत शाह और क्रिकेट के हर प्रारूप में भारत को विश्व कप दिलाने वाले सभी कप्तान कपिल देव,एम एस धोनी,रोहित शर्मा आदि अहमदाबाद में टी-20 विश्व कप की इस जीत के साक्षी बने और अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय टीम को इस अभूतपूर्व विजय पर ट्वीट कर एक्स पर अपनी हार्दिक बधाई दी । राजधानी नई दिल्ली सहित पूरे देश में जोरदार जश्न शुरू हो गया। नई दिल्ली के इण्डिया गेट पर लोगों का उत्साह और उमंग देखने लायक था।
अहमदाबाद में भारत को मिली टी- 20 क्रिकेट के वर्ल्ड कप की इस ऐतिहासिक जीत ने न केवल भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाई दी है, बल्कि करोड़ों भारतीयों के दिलों में गर्व और अपार उत्साह की लहर का संचार भी कर दिया है। टी-20 क्रिकेट में भारत की ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस प्रारूप की शुरुआत से ही भारतीय टीम लगातार मजबूत प्रदर्शन करती रही है। 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने पहला टी-20 विश्व कप जीतकर दुनिया को चौंका दिया था। उस समय युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम ने यह दिखा दिया था कि क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में भी वह बड़े-बड़े दिग्गजों को चुनौती देने की क्षमता रखती है। 2017 और 2024 में भी भारतीय टीम ने विश्व विजेता ट्रॉफी उठाई। वर्तमान टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन शुरुआत से ही शानदार रहा टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतरकर हर मुकाबले में अपना दम दिखाया। बल्लेबाजी में विस्फोटक अंदाज और गेंदबाजी में सटीक रणनीति और फील्डिंग में बेजोड़ प्रदर्शन कर भारत को हर मैच में बढ़त दिलाई।
सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय बल्लेबाजों ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। शीर्ष क्रम ने तेज शुरुआत दी तो मध्यक्रम ने जिम्मेदारी के साथ पारी को संभाला। वहीं गेंदबाजों ने भी निर्णायक मौकों पर विपक्षी टीमों को दबाव में रखा। तेज गेंदबाजों की गति और स्पिन गेंदबाजों की चतुराई ने विरोधी टीमों की रणनीतियों को ध्वस्त कर दिया। क्षेत्र रक्षण में भी भारतीय टीम ने इस बार अद्भुत प्रदर्शन दिखा अपना कमाल का खेल दिखाया है। इस जीत का सबसे बड़ा संदेश यह है कि भारतीय क्रिकेट अब केवल प्रतिभा पर ही नहीं बल्कि मजबूत रणनीति, फिटनेस और आधुनिक प्रशिक्षण पद्धति पर भी आधारित है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने पिछले कुछ वर्षों में घरेलू क्रिकेट और खिलाड़ियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। इसी का परिणाम है कि भारतीय टीम के पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की लंबी कतार है। भारतीय टीम के मैनेजर गौतम गम्भीर ने भी अपने आलोचकों का मुँह बंद कर दिया है।
राजस्थान का क्रिकेट की इस महान यात्रा में अविस्मरणीय योगदान रहा है ।बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष राजसिंह डूंगरपुर ने क्रिकेट के हर प्रारूप और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाने की जो पहल की थी, वह आज फलीभूत हो रही है। वर्तमान काल खंड में टी-20 प्रारूप की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और इस खेल ने क्रिकेट को नई ऊर्जा दी है। तेज गति, रोमांच और अप्रत्याशित परिणामों के कारण यह प्रारूप दुनिया भर में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। भारत में तो यह खेल एक उत्सव की तरह मनाया जाता है। आईपीएल जैसी लीग ने भी भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनने में बड़ी भूमिका निभाई है। भारत की इस जीत का प्रभाव केवल खेल तक सीमित नहीं है। यह जीत देश के युवाओं को प्रेरणा देती है कि अनुशासन, मेहनत और टीमवर्क के जरिए किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। भारतीय टीम की सफलता ने यह भी साबित कर दिया है कि जब प्रतिभा और अवसर का सही मेल होता है तो असंभव भी संभव हो जाता है।
अंततः कहा जा सकता है कि टी-20 विश्व कप जीतकर भारत ने फटाफट क्रिकेट में अपनी बादशाहत फिर से स्थापित कर दी है। यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट की निरंतर प्रगति, खिलाड़ियों की मेहनत और देशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक है। आने वाले वर्षों में भी भारतीय टीम से इसी तरह के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है, जिससे भारत विश्व क्रिकेट में अपनी सम्राट की पहचान को और मजबूत करता रहेगा।





