राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आ रही हैं मथुरा, तीन दिन वृंदावन और गोवर्धन में मंदिरों के करेंगी दर्शन; ट्रैफिक रहेगा प्रभावित

President Draupadi Murmu is coming to Mathura, will visit temples in Vrindavan and Govardhan for three days; traffic will be affected

रविवार दिल्ली नेटवर्क

मथुरा : राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु तीन दिन तक ब्रज में प्रवास करेंगी। वह वृंदावन और गोवर्धन में मंदिरों में दर्शन करेंगी। 19 मार्च से 21 मार्च तक गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा लगाने के साथ ही प्रेम मंदिर और इस्कान के दर्शन भी करेंगी। बुधवार को राष्ट्रपति के आगमन का कार्यक्रम जारी हो गया।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु का विमान 19 मार्च की शाम पांच बजे आर्मी कैंट के हेलीपैड पर उतरेगा। वह वृंदावन के एक होटल में प्रवास करेंगी। यहां से वह शाम को इस्कान मंदिर की आरती में शामिल होंगी। इसके अलावा प्रेम मंदिर में भी दर्शन और आरती में शामिल होंगी

20 मार्च की सुबह वह संत प्रेमानंद से मुलाकात कर उनके प्रवचनों का श्रवण करेंगी। राष्ट्रपति सुबह 11 बजे वृंदावन स्थित बाबा नीव करोरी की समाधि स्थली पहुंचेंगी। यहां भ्रमण के बाद वह उड़िया बाबा के आश्रम व दावानल कुंड भी जाएंगी।

दोपहर में साढ़े 12 बजे वह रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चेरिटेबल हास्पिटल के नए कैंसर ब्लाक का उद्घाटन करेंगी। शाम को वह साध्वी ऋतंभरा के वात्सल्य ग्राम पहुंचेंगी। 21 मार्च को राष्ट्रपति गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में दर्शन करेेगी। इसके बाद वह गोल्फ कार्ट से गोवर्धन की परिक्रमा लगाएंगी।

राष्ट्रपति के मथुरा प्रवास और मंदिर दर्शन कार्यक्रम के चलते बीच-बीच में ट्रैफिक रोका जाएगा। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। डीएम सीपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति का तीन दिवसीय कार्यक्रम प्रस्तावित है, तैयारियां तेज हो गई हैं।