दीपक कुमार त्यागी
गाजियाबाद : “होनहार बिरवान के होत चीकने पात” मुहावरा बचपन से ही अपनी प्रतिभा को दिखा रहे “अभिमन्यु त्यागी” पर एकदम सटीक बैठता है। सकारात्मक व मेहनती व्यक्तित्व के धनी “अभिमन्यु” में सफलता पाने का जुनून बचपन से ही परिजनों व शिक्षकों को दिखने लगा था। मूल रूप से सिहानी सद्दिक नगर (हाल निवासी विला आनंदम, मेरठ रोड, गाजियाबाद) निवासी “अभिमन्यु त्यागी” पुत्र स्वर्गीय संदीप त्यागी पोली ने “जेईई मेंस” की परीक्षा 93.6 परसेंटाइल के साथ उत्तीर्ण करके अपना, अपने परिजनों, शिक्षकों व स्कूल का नाम रोशन किया है, जिसके बाद से ही “अभिमन्यु त्यागी” को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। “अभिमन्यु त्यागी” दिल्ली पब्लिक स्कूल मेरठ रोड गाजियाबाद का होनहार छात्र है।
यहां आपको बता दें कि “अभिमन्यु त्यागी” के पिता स्वर्गीय संदीप त्यागी पोली की पहचान बेहद ही मिलनसार, मेहनती व शानदार व्यक्तित्व के रूप में आम जनमानस के बीच होती थी, वह लोगों के सुख-दुख में हर पल निस्वार्थ भाव से खड़े रहते थे। लेकिन दुर्भाग्यवश अल्पायु में ही “अभिमन्यु” के सिर से पिता का साया उठ गया था। लेकिन उन्होंने विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी कभी हार नहीं मानी और उन्होंने अपना, माता-पिता व परिजनों के सपने को धरातल पर साकार करने के लिए जेईई एग्जाम की तैयारी चरणबद्ध तरीके से कक्षा 11 से ही शुरू कर दी थी और पिछले 2 वर्षों से “अभिमन्यु” लगातार मेहनत कर रहे थे। जिसके परिणामस्वरूप ही अब “अभिमन्यु त्यागी” ने “जेईई मेंस” की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है, मैं “अभिमन्यु त्यागी” के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बहुत-बहुत हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हुआ।





