टीएमयू में मशहूर बांसुरी वादक पं. राजेंद्र प्रसन्ना की अद्वितीय प्रस्तुति

Renowned flute player Pt. Rajendra Prasanna gives a unique performance at TMU

रविवार दिल्ली नेटवर्क

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में स्पिक मैके के प्रोग्राम में सुप्रसिद्ध बांसुरी वादक पंडित राजेंद्र प्रसन्ना, तबला वादक पं. देवज्योति दास गुप्ता और बांसुरी वादक सम्यक पाराशरी की अद्भुत संगत

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद में सुप्रसिद्ध बांसुरी वादक पंडित राजेंद्र प्रसन्न ने अपनी अद्वितीय प्रस्तुति से सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडित प्रसन्ना ने अपनी साधना, कला और मधुर सुरों से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा एवम् आनंद से सराबोर कर दिया। पंडित जी की बांसुरी से निकले प्रत्येक सुर ने श्रोताओं के हृदय को स्पर्श करके अलौकिक अनुभूति प्रदान की। तबले पर पं. देवज्योति दास गुप्ता और बांसुरी पर श्री सम्यक पाराशरी की संगत ने संगीत की इस महफिल को नई ऊंचाई प्रदान की। मेडिकल के एलटी 2 में दोनों सत्रों को संगीत प्रेमियों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी ने इस महफिल को अविस्मरणीय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के संग हुआ। स्वागत भाषण में डीन स्टुडेंट्स वेलफेयर प्रो. एमपी सिंह ने कहा, ऐसे सांस्कृतिक आयोजन स्टुडेंट्स को भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में स्पिक मैके के क्षेत्रीय समन्वयक प्रो. मुकुल किशोर, डेंटल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप तांगड़े, प्रो. उपेंद्र मलिक, श्री अनंत भारद्वाज के साथ-साथ डेंटल एवम् नर्सिंग कॉलेज की फैकल्टीज एवम् छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. रत्नेश जैन ने पंडित राजेंद्र प्रसन्न और उनके सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। स्पिक मैके के इस प्रोग्राम में टीएमयू कल्चर एंड हेरिटेज क्लब का भी सहयोग रहा। संचालन सीटीएलडी की फैकल्टी श्रीमती मणि सारस्वत ने किया।