गोपेन्द्र नाथ भट्ट
भारतीय क्रिकेट को समय-समय पर ऐसे युवा सितारे मिलते रहे हैं जिन्होंने अपनी प्रतिभा से दुनिया को चौंकाया है। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स टीम के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। वैभव के रूप में भारतीय क्रिकेट में नए सूर्य का उदय हुआ है जिसके खेल ने क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले भारत रत्न सचिन रमेश तेंदुलकर सहित दुनिया के नामी गरामी क्रिकेट दिग्गजों को उसकी तारीफ में कसीदे गढ़ने को मजबूर कर दिया है।
वैभव ने आईपीएल 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। उन्होंने आईपीएल- 2026 के इस सीजन के 16 मैचों में 230 से अधिक की औसत स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए है और आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा 65 छक्के लगा कर वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल का 14 वर्षों पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। हालाँकि राजस्थान रॉयल्स फाइनल में नहीं पहुंच सकी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप जीतकर और रिकॉर्डों की झड़ी लगाकर पूरा आईपीएल-2026 अपने नाम कर लिया। टीम के आईपीएल फाइनल में नहीं पहुंचने के बाद उनके भावुक होकर रो पड़ने की तस्वीरें करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के दिल को छू गईं।
देश के उप प्रधानमंत्री रहे दिवंगत बाबू जगजीवन राम के गृह जिले बिहार के समस्तीपुर का यह लाड़ला मात्र पंद्रह वर्ष की छोटी आयु में क्रिकेट मैदान पर ऐसा छाया कि हर कोई दाँतों अंगुली दबाने को मजबूर हो गया। अपनी निर्भीक बल्लेबाजी, आक्रामक अंदाज और असाधारण प्रतिभा के दम पर वैभव ने न केवल कई रिकॉर्ड अपने नाम किए, बल्कि क्रिकेट जगत के दिग्गजों को भी हैरतअंगेज में डाल दिया। टूर्नामेंट के अंत में उनकी आंखों से निकले आंसू इस बात का प्रमाण थे कि यह युवा खिलाड़ी केवल रिकॉर्ड बनाने नहीं, बल्कि अपनी टीम को चैंपियन बनाने का सपना और प्रतिबद्धता लेकर मैदान में उतरा था। तभी लगातार तीन पारियों में शतक जड़ने के निकट पहुंचने के बावजूद वह खुदगर्ज नहीं बना। वैभव सूर्यवंशी के खेल ने अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। बड़े-बड़े गेंदबाजों के सामने उनका निडर रवैया देखने लायक था। उन्होंने कई मैचों में अकेले दम पर राजस्थान रॉयल्स को जीत दिलाई और टीम की बल्लेबाजी की धुरी बनकर उभरे। उनके बल्ले से निकले चौकों और छक्कों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया तथा उसमें सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह जैसे खिलाड़ियों का अक्स दिखा। विशेष कर उसने धोनी के ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ की याद दिलवा दी।
वैभव ने दबाव की परिस्थितियों में भी अपने खेल को प्रभावित नहीं होने दिया। चाहे लक्ष्य का पीछा करना हो या फिर टीम को संकट से उबारना, हर मौके पर उन्होंने एक महान खिलाड़ी की तरह परिपक्वता का परिचय दिया। यही कारण रहा कि क्रिकेट विशेषज्ञों ने उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा बताया। उनके शानदार प्रदर्शन की गूंज केवल भारत तक सीमित नहीं रही वरन उसकी चमक पूरी दुनिया में फैली। पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने माना कि इतनी कम उम्र में इतनी तकनीकी दक्षता और मानसिक मजबूती बिरले खिलाड़ियों में ही देखने को मिलती है। उनकी बल्लेबाजी में आधुनिक टी-20 क्रिकेट का आक्रामक तेवर तो दिखाई दिया। साथ ही पारंपरिक क्रिकेट की झलक भी नजर आती है।राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ तक पहुंचाने में वैभव सूर्यवंशी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। कई मौकों पर उन्होंने मैच का रुख बदलकर टीम को जीत की राह दिखाई। अन्त में उनके आंसू हार की निराशा भर नहीं थे, बल्कि अपनी टीम और प्रशंसकों के प्रति समर्पण का प्रतीक थे। सोशल मीडिया पर यह दृश्य तेजी से वायरल हुआ।
आईपीएल 2026 भले ही उनके लिए ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा नहीं कर पाया हो, लेकिन इस टूर्नामेंट ने उन्हें करोड़ों दिलों का चहेता बना दिया है। क्रिकेट के इतिहास में कई महान खिलाड़ियों की कहानियां आंसुओं से शुरू होकर ट्रॉफियों पर समाप्त हुई हैं। वैभव सूर्यवंशी की कहानी भी शायद उसी दिशा में आगे बढ़ रही है। फाइनल में न पहुंच पाने का दर्द
उन्हें और मजबूत बनाएगा। इस युवा सितारे ने साबित कर दिया है कि रिकॉर्ड बनाए जा सकते हैं, लेकिन दिल जीतने के लिए जुनून, समर्पण और संवेदनशीलता की जरूरत होती है। वैभव सूर्यवंशी के पास ये तीनों गुण भरपूर मात्रा में मौजूद हैं। आज वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बन चुके हैं। उनकी प्रतिभा, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण उन्हें आने वाले वर्षों में और ऊंचाइयों तक ले जा सकता है। अनेक दिग्गजों ने वैभव को भारत को सीनियर टीम का हिस्सा बनाने की माँग भी कर दी है।यदि ऐसा होता है तो यह सचिन तेंदुलकर के बाद। भारतीय क्रिकेट में दूसरा नया प्रयोग होगा।
राजस्थान रॉयल्स के उदीयमान वैभव सूर्यवंशी रुपी इस नए सूरज के क्रिकेट जगत में चमकने से राजस्थान क्रिकेट की समृद्ध विरासत को संबल मिला है। राजस्थान ने भारतीय क्रिकेट को कई ऐसे खिलाड़ी और खेल प्रशासक दिए हैं जिन्होंने घरेलू क्रिकेट, अंतरराष्ट्रीय स्तर और आईपीएल में अपनी एक अलग ही पहचान बनाई है। राजस्थान की रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टीम से कई बड़े नाम जुड़े रहे हैं। इनमें महारावल लक्ष्मण सिंह, महाराणा भगवत सिंह, सलीम दुर्रानी, राजसिंह डूंगरपुर, हनुमंत सिंह, सूर्यवीर सिंह, किशन रुंगटा, पार्थ सारथी शर्मा, आकाश चोपड़ा,अजय जडेजा और प्रवीण आमरे जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिन्होंने अलग अलग समय में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया। हाल के वर्षों में भी राजस्थान क्रिकेट की नई पौध ने भी देश को कई प्रतिभाशाली सितारे दिए है। राजस्थान से क्रिकेट खेल प्रशासकों की सूची भी बहुत लम्बी है जिनमें भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रहें पी एम रूंगटा और राजसिंह डूंगरपुर जैसे नाम विशेष उल्लेखनीय है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत भी जिस शख्स ललित कुमार मोदी ने की थी वे भी राजस्थान के अलवर से ताल्लुक रखते है। उन्होंने इंग्लैंड के लीग क्रिकेट मैचों की तर्ज पर आईपीएल की शुरुआत की लेकिन, बाद में विवादास्पद होने से उनका इससे नाता टूट गया।





