- दीपक कुमार त्यागी
- उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किसानों से संतुलित मात्रा में रासायनिक उर्वरकों के उपयोग, “खेत बचाओ अभियान” से जुड़ने, संतुलित कीटनाशकों के प्रयोग तथा जैविक कीटनाशकों को बढ़ावा देने का आह्वान किया
- प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं कृषक गोष्ठी में 500 से अधिक किसानों ने किया प्रतिभाग
गाजियाबाद : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्राकृतिक खेती कार्यशाला, त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम तथा जनपद स्तरीय कृषक गोष्ठी का आयोजन विकास भवन परिसर, गाजियाबाद में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने की।
कार्यक्रम में लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर, गाजियाबाद विधायक संजीव शर्मा, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच, गाजियाबाद महापौर सुनीता दयाल, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एस.पी. पाण्डेय, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह तथा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. आकांक्षा सिंह एवं डॉ. चन्द्रपाल गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं लगभग 500 किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह द्वारा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत कर किया गया। इसके उपरांत कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार एवं डॉ. चन्द्रपाल गुप्ता ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यशाला के दौरान किसानों को जीवामृत एवं बीजामृत तैयार करने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन कर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, कम लागत में अधिक उत्पादन तथा कृषि में नवाचारों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत चर्चा की गई।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे खेती की लागत कम होगी, मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी तथा किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने संतुलित मात्रा में रासायनिक उर्वरकों के उपयोग, “खेत बचाओ अभियान” से जुड़ने, संतुलित कीटनाशकों के प्रयोग तथा जैविक कीटनाशकों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही किसानों से ‘ग्रो सेफ फूड 2.0’ अभियान से जुड़ने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को मिलेट्स उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु बाजरा बीज की निःशुल्क मिनीकिट का वितरण भी किया गया।
अंत में जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वैज्ञानिकों, कृषकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।





