रविवार दिल्ली नेटवर्क
अमेरिका सहित 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि रहे शामिल
नई दिल्ली/गाज़ियाबाद : गाज़ियाबाद के प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अंकुर गौड़ (एमपीटी) को द्वारका, नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित वर्ल्ड फिजियोथेरेपी एशिया वेस्टर्न पैसिफिक (एडब्ल्यूपी) रीजनल कॉन्फ्रेंस 2026 में “फिजियोफिट चैलेंज” के लिए ऑफलाइन जज के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट्स द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में दस हजार से अधिक डेलीगेट्स ने पंजीकरण कराया। आयोजकों के अनुसार इस रिकॉर्ड पंजीकरण के साथ भारत का नाम विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है। कॉन्फ्रेंस में 50 से अधिक देशों के विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया जिनमें ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया, फिलीपींस, म्यांमार, मालदीव, यूएई, कतर, कुवैत, कनाडा और अमेरिका शामिल रहे। इन देशों के विशेषज्ञों ने अपने शोध और अनुभव साझा किए। कॉन्फ्रेंस का विषय “सबके लिए फिटनेस: समुदायों का सशक्तिकरण, समावेशी स्वास्थ्य का निर्माण” रहा। इसमें कीनोट व्याख्यान, वर्कशॉप, पैनल चर्चा व शोध प्रस्तुतियाँ हुईं।
यह आयोजन वर्ल्ड फिजियोथेरेपी से जुड़ा है, जो 128 सदस्य संगठनों के माध्यम से 6 लाख से अधिक फिजियोथेरेपिस्ट्स का प्रतिनिधित्व करती है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित फिजियोफिट चैलेंज इसी थीम के अनुरूप रोज़मर्रा की ज़िंदगी में फिटनेस को बढ़ावा देने का प्रयास था।
डॉ. गौड़ को कल्चरल कमेटी ने उनकी विशेषज्ञता को देखते हुए आमंत्रित किया।कार्डियो-पल्मोनरी केयर, पेन मैनेजमेंट और न्यूरोरिहैबिलिटेशन में लगभग दो दशकों का अनुभव रखने वाले डॉ. गौड़ गाज़ियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित रिलीफ फिजियोथेरेपी एंड पेन मैनेजमेंट सेंटर और कवि नगर स्थित न्यूरोरिहैब एंड फिजियो सेंटर के संस्थापक हैं। उन्होंने अपोलो लाइफ ग्रुप (एनएचएआई) जैसे कॉर्पोरेट संस्थानों को भी अपनी सेवाएँ दी हैं। 11 वर्षों से अधिक समय से नियमित जिम करने वाले फिटनेस प्रेमी और शौकीन ड्रमर डॉ. गौड़ क्लिनिकल ज्ञान के साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जजिंग पैनल में लेकर आए।
डॉ. गौड़ ने कहा, “इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है। फिटनेस एक जीवनशैली है और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने में फिजियोथेरेपिस्ट की अहम भूमिका है।” इस उपलब्धि पर डॉ. अंकुर गौड़ को आईएपी (पूर्वी क्षेत्र) के जॉइंट सेक्रेटरी डॉ. जोजी एम. जॉन, आईएपी उत्तर प्रदेश राज्य के उपाध्यक्ष डॉ. पवन सैनी, आईएपी जिला गाज़ियाबाद के संयोजक डॉ. गुरुचरण, आईएपी गाज़ियाबाद की कोषाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी और आईएपी गाज़ियाबाद के महासचिव डॉ. नमित वार्ष्णेय सहित सभी ने शुभकामनाएँ दीं।





