पाक के फरहान व सैम अयूब से भारत को चौकस रहना होगा
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एशियाई खेलों में शनिवार को निशीन (जापान) को फाइनल जीत अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखने की मजबूत दावेदार के रूप में उतरेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच बेशक क्रिकेट ही नहीं किसी भी खेल में मुकाबले में सबसे बड़ी चुनौती भावनाओं पर काबू रख मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की होती है और श्रेयस की टीम इसके लिए जेहनी तौर पर भी तैयार दिखाई देती है। दोनों देशों के बीच अब तक 17 मुकाबलों में टी 20 विश्व कप चैंपियन भारत ने पाकिस्तान से 14 जीते हैं और मात्र तीन हारे है। भारत ने पाकिस्तान से अपने पिछले लगातार छह टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीते हैं और इस सिलसिले को शनिवार को फाइनल में आगे बढ़ाने को प्रतिबद्ब दिखाई देता है। भारत ने बेहद इकतरफा सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराया जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को छह विकेट से हरा कर फाइनल में स्थान पाया।
भारत ने अपने पिछले लगातार पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीते हैं जबकि पाकिस्तान ने पांच में से चार मैच जीते हैं। भारत के लिए अच्छी बात है कि बारिश के कारण क्वॉर्टर फाइनल के धुलने के बाद सेमीफाइनल में इशान किशन के तूफानी अविजित अर्द्धशतक और वैभव सूर्यवंशी की तेज पारी और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, बाएं हाथ के स्पिनर ऑलराउंडर अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर , अभिषेक शर्मा के गेंदबाजी इकाई के रूप में बेहतरीन प्रदर्शन से श्रीलंका को बौना साबित करते हुए बड़ी जीत दर्ज की थी।
पाकिस्तान अपने विस्फोटक सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान से भारत के खिलाफ बड़ी पारी की आस करेगा। फरहान ने टी 20 एशिया कप में अकेले ही भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जम कर धुनाई कर सबको हैरान कर दिया। अहम बात यह है कि निशीन में फाइनल की पिच पर बड़े स्ट्रोक खेलना आसान नहीं हैं और बुमराह भी उनसे हिसाब चुका सस्ते में आउट करने को बेताब होगे। फरहान ने भारत ही पाकिस्तान के लिए पिछले तीन मैचों -57,58, 40-भले ही दो अर्द्ध शतक जड़े हैं लेकिन बदकिस्मती से बावजूद इसके वह अपनी टीम को मैच नहीं जिता सके। पाकिस्तान को भारत के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करना है तो फरहान को बड़ी पारी खेलने की जरूरत है। फरहान के साथ पाकिस्तान के पास सैम अयूब के रूप में दे दना, दे दना कर अपने नाम मैच का रुख पलटने वाला बल्लेबाज है जिससे भारत को उनसे व फरहान से चौकस रहना होगा।
वहीं भारत के लिए अच्छी बात है कि उसके विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन ने काफी तेज गति से रन बनाए है और अब यह देखना होगा कि क्या शनिवार को भी वह तीसरे नंबर पर खेलेंगे या पारी का आगाज करेंगे। भारत शनिवार को अपनी एकादश में बुमराह के साथ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को उतार सकता है औ ऐसे में लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को एकादश से बाहर बैठना पड़ सकता है।
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, इशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर, उपकप्तान तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे के रूप में मजबूत बल्लेबाजी है। पाकिस्तान के अनुभवहीन तेज गेंदबाज आक्रमण के लिए भारत के विस्फोटक बल्लेबाजी क्रम को रोकना खासी मुश्किल चुनौती रहने वाली है। अच्छी बात यह है कि फाइनल में खिली धूप की भविष्यवाणी की गई है। बारिश की आशंका बेहद कम है।
भारत की संभावित एकादश : वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर),श्रेयस अय्यर (कप्तान), इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह/ रवि बिश्नोई।
पाकिस्तान संभावित एकादश : साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), सैम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफत मिनहास, अहमद दनियाल, मोहम्मद वसीम, सूफियान खान, अबरार अहमद।
क्रिकेट फाइनल : भारत वि पाक (सुबह साढ़े दस बजे से)।





