टीएमयू के डीएलएड विभाग में श्रद्धाभाव के संग मनाई गई बापू एवम् शास्त्री की जयंती

Birth anniversaries of Bapu and Shastri celebrated with reverence at TMU's D.El.Ed. Department

रविवार दिल्ली नेटवर्क

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी,मुरादाबाद के डीएलएड विभाग एवम् फैकल्टी ऑफ एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवम् पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। समारोह का शुभारंभ दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित करके श्रद्धांजलि के संग हुआ। डीन स्टुडेंटस वेलफेयर प्रो. एमपी सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवम् लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए स्टुडेंट्स को दोनों महापुरुषों के आदर्शों, विचारों और सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

डीएलएड विभाग की प्राचार्या डॉ. कल्पना जैन और फैकल्टी ऑफ एजुकेशन के टीचर्स श्री रंजीत जी ,श्री मयंक आदि ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, प्रेम, शांति एवम् नैतिकता के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन दर्शन को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का भावपूर्ण स्मरण किया। समारोह में शिक्षकों एवम् स्टुडेंट्स ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र एवम् समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।