दीपक कुमार त्यागी
गाजियाबाद : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में आमजन द्वारा अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि गरीब, पीड़ित, दिव्यांग, बुजुर्ग एवं बेसहारा लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य की समस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (नगर), सिटी मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





