तिलक वर्मा ने अविजित अर्द्ध शतक जड़ भारत के माथे लगाया ‘विजय तिलक’

Tilak Verma put 'Vijay Tilak' on India's forehead after scoring an unbeaten half century.

  • भारत ने न्यूजीलैंड से दूसरा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय जीत सीरीज में 2-0 की बढ़त ली
  • कप्तान सेंटनर का गेंद से ‘चौका’ भी न्यूजीलैंड को जीत नहीं दिला सका

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : उपकप्तान तिलक वर्मा ने मैच के मिजाज के मुताबिक बेहतरीन अविजित अर्द्ध शतक जड़ भारत के माथे न्यूजीलैंड के खिलाफ सांसें रोक देने वाले दूसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शनिवार को हेगले ओवल (क्राइस्टचर्च) में मात्र एक गेंद के बाकी रहते चार विकेट से ‘विजय तिलक’ लगा उसे पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त दिला दी। भारत का यह 300 वां टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच था और शनिवार की रोमांचक जीत से वाकई उसकी पांच मैचों की सीरीज जीतने की प्रबल संभावनाएं पैदा हो गई हैं। कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर (4/21) का गेंद से चौका और ग्लेन फिलिप्स और बेवन जेकॉब्स की चौथे विकेट की शतकीय भागीदारी भी न्यूजीलैंड को हार से नहीं बचा सकी। भारत के नजरिए से दिलचस्प और अहम बात यह रही कि लगातार दूसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय में मध्यक्रम के लड़खड़ाने के बावजूद फिर निचले क्रम ने उसे जीत दिलाई जो यह दर्शाता है कि टीम के हरेक सूरमा को अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा है।

ग्लेन फिलिप्स ( 70 रन, 43 गेंद, चार छक्के, चार चौके ) और बेवन जेकॉब्स ( 58 रन, 46 गेंद, एक छक्का, पांच चौके ) के तेज अर्द्धशतकों और दोनों की पहले पॉवरप्ले में तीन विकेट मात्र 41 रन गंवाने के बाद चौथे विकेट की 116 रन की भागीदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर में निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 180 रन का मजबूत स्कोर बनाया। भारत के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (2/33)ने अपने चौथे व आखिरी तथा पारी के 18 वें ओवर की आखिरी ऑफ स्टंप से बहुत बाहर जाती गेंद पर फिलिप्स को बड़े शॉट के लिए ललचा कर नमन धीर के हाथों बाउंड्री पर कैच करा उनकी और जेकॉब्स की भागीदारी को तोड़ा। बेवन जैकब्ज ने पारी के अंतिम पूर्व में तेज गेंदबाज नीतिश रेड्डी की फुलटॉस को उड़ाने के फेर में लॉन्ग ऑफ पर अक्षर पटेल को कैच थमा दिया और न्यूजीलैंड ने पांचवां विकेट 165 रन पर खोया। चार बरस भारतीय टीम में वापसी करने वाले स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार ने डैरल मिचेल का विकेट जरूर लिया लेकिन इसके लिए उन्होंने सबसे ज्यादा 50 रन दिए जबकि तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (1/30) और नीतिश रेड्डी (1/31) ने भी एक एक विकेट चटकाया।
जवाब में मैन ऑफ द’मैच हैदराबाद के उपकप्तान तिलक वर्मा की नमन धीर ((31रन, 17 गेंद, 3 छक्के, एक चौका ) के साथ छठे विकेट की 42 और अपने हैदराबाद साथी नीतिश रेड्डी के साथ सातवें विकेट की 69 रन की अटूट भागीदारी की बदौलत भारत ने 19.5 ओवर में छह विकेट पर 181 रन बनाकर मैच जीत लिया। तिलक वर्मा 26 गेंद खेल कर एक छक्के व पांच चौकों की मदद से 51 और नीतिश रेड्डी 13 रन गेंद खेल कर एक छक्के और एक चौके की मदद से 26 रन रन बनाकर अविजित रहे। भारत ने पांच विकेट 70 रन खो दिए लेकिन ऐसे में पहले टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में जीत के हीरो नमन धीर के जड़े तीन छक्कों और तिलक वर्मा के सही वक्त पर गियर बदल अपने हैदराबादी साथी नीतिश रेड्डी के साथ आखिरी 4.5 ओवर में 68 रन जोड़ कर टीम को एक नामुमकिन सी जीत दिलाई। तिलक वर्मा ने शुरू की 9 गेंदों पर दस रन बनाए थे लेकिन अगली 16 गेंदों में 41 रन बना मैच जिता कर दम ही लिया।

संजू सैमसन (14 रन, 17 गेंद, एक छक्का, एक चौका) न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी की धीमी गेंद को पढ़ नहीं पाए और जल्दी शॉट खेल ग, और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर उछली और पॉइंट पर ग्लेन फिलिप्स उनका बढ़िया कैच लपक लिया और भारत ने पहला विकेट 40 रन पर पारी के पांचवें ओवर में खोया। वैभव सूर्यवंशी (4 रन, 8 गेंद) ने तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ की गेंद को ऑफ साइड के घेरे के उपर से उड़ाने की कोशिश में डैरल मिचेल को कैच थमा दिया और भारत ने दूसरा विकेट पारी के सातवें ओवर में 44 रन पर खो दिया। अभिषेक शर्मा (27 रन, 21 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ने न्यूजीलैंड के कप्तान बाए हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर की मिडल और ऑफ स्टंप पर फ्लाइटेड गेंद को कदमों का इस्तेमाल कर उड़ाने के फेर में डीप मिड विकेट पर स्मिथ को कैच थमा दिया और भारत ने नौवें ओवर में तीसरा विकेट मात्र 56 रन पर खो दिया। भारत ने दस ओवर मे तीन विकेट खोकर 66रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचल सेंटनर की फ्लाइटेड गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में कप्तान श्रेयस अय्यर ( 7 रन, 11 गेंद ) हवा में मात खा कर बोल्ड हो गए और भारत ले चौथा विकेट 69 रन पर खो दिया और स्कोर में एक रन ही और जुड़ा था कि अक्षर पटेल ( 11 रन, 9 गेंद, एक छक्का ) ने उनकी फ्लाइटेड गेंद को पैरों का इस्तेमाल कर उड़ाने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर डैरल मिचेल को कैच थमा दिया और तब सेंटनर का गेंदबाजी विश्लेषण था 1.5-0-6-3। नमन धीर (31रन, 17 गेंद, 3 छक्के, एक चौका ) ने न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर के चौथे व आखिरी तथा पारी के 15 वें ओवर की अंतिम पूर्व ऑफ स्टंप पर फ्लाइटेड गेंद को उड़ाने की कोशिश में एक्सट्रा कवर पर ग्लेन फिलिप्स को कैच थमा दिया और भारत ने छठा विकेट 112 रन पर गंवा दिया। मिचेल सेंटनर का गेंदबाजी विश्लेषण रहा 4-0-21-4। सेंटनर ने अभिषेक शर्मा, कप्तान श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और नमन धीर के रूप में बीच के ओवर में लगातार चार विकेट चटका कर भारत की हालत खस्ता कर दी थी लेकिन तिलक वर्मा और नीतिश रेड्डी ने भारत को चार विकेट के बाकी रहते जीत दिला कर ही दम लिया।

इससे पहले न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स ने पारी के शुरू में 16 गेंदों में 16 रन बनाए लेकिन अर्शदीप सिंह की गेंद पर चौका जड़ कर 33 गेंद खेल कर तीन चौकों व तीन छक्कों की मदद से अपना अर्द्ध शतक पूरा किया न्यूजीलैंड ने 15.1 ओवर में तीन विकेट पर 12 रन बनाए। जैकब्स ने अपना अर्द्ध शतक 40 गेंद खेल कर पांच चौकों की मदद से पूरा किया।

भारत के बाएं हाथ के तेज गेदबाज अर्शदीप सिंह के पहले और पारी के दूसरे ओवर की तीसरी कोण बनाकर बाहर निकलती गेंद को सलामी बल्लेबाज टिम सिरफिट (7 रन, 6 गेंद, एक छक्का) ने उड़ाने की कोशिश की लेकिन गेंद से ज्यादा मूव से मात खा इसे उड़ाने की कोशिश में तिलक वर्मा को कवर में कैच थमा दिया और न्यूजीलैंड ने पहला विकेट मात्र 9 रन पर खो दिया। स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार के दूसरे और पारी के तीसरे ओवर की आखिरी मिडल और ऑफ स्टंप पर पिच देर से मूव हुई गेंद पर डैरल मिचेल (6 रन, 5 गेंद, एक चौका) ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में एक्सट्रा कवर में तिलक वर्मा को कैच थमा दिया और न्यूजीलैंड ने अपना दूसरा विकेट 18 रन पर खो दिया। रफ्तार के सौदागर मयंक यादव की जगह एकादश में जगह पाने वाले दिल्ली के ही स्विंग कराने में माहिर प्रिंस यादव के पहले और पॉवरप्ले के आखिरी ओवर में मिडल व लेग स्टंप पर पिच हुई गेंद को उड़ाने के फेर में सलामी बल्लेबाज फिन एलन (16 रन, 14 गेंद, एक छक्का) बोल्ड हो गए और न्यूजीलैंड ने तीसरा विकेट 41 रन पर खो दिया। न्यूजीलैंड ने सात ओवर में तीन विकेट खोकर अपने 50 रन पूरे किए।

मुझे खुद पर फख्र है : तिलक वर्मा
मैन ऑफ द’ मैच तिलक वर्मा ने कहा, ‘ जब मैं क्रीज पर उतरा तो मैंने आखिर तक खेलने की ही सोची थी। शनिवार के मैच से पहले मैं हेड कोच गौतम गंभीरसर और बल्लेबाजी कोच कोटक सर से बात कर रहा था कि पूरा भरोसा करता है कि मैं अगर आखिर तक बल्लेबाजी करुं तो हम जीत सकते हैं। मुझे खुद पर फख्र है। मैं नमन से कह रहा था कि हम अत तक टिके रह सकते हैं। पिच धीमी है। मैंने नमन से कहा कि जब स्पिनर गेंदबाजों के लिए आएंगे तो हम उन पर प्रहार करेंगे बदकिस्मती से नमन मिचेल सेंटनर के आखिरी ओवर में आउट हो गए अन्यथा हम 18 वें ओवर में ही मैच जीत सकते थे। मुझे खुशी है मैंने अपने हैदराबादी साथी नीतिश के साथ मिल कर अंतत: भारत को जीत दिलाई।’

तिलक वर्मा और नीतिश रेड्डी ने गजब का जज्बा दिखाया : श्रेयस अय्यर
भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा,‘ हर खिलाड़ी मैच जिताने की क्षमता और शनिवार को हमें इसका नमूना साफ देखने को मिला। जब हमने लगातार विकेट गंवाए तो हमें मैच अपनी हाथ से फिसलता लगा। ऐसे में तिलक वर्मा और नीतिश रेड्डी ने गजब का जज्बा दिखाया। नमन धीर ने एक बार फिर अहम पारी खेली। नमन धीर गजब के गेंदबाज भी हैं और इसमें उनका जज्बा दिखाई देता है और वह एक बेहतरीन क्रिकेटर हैं। हमने पारी के शुरू में बहुत डॉट गेंदें खेली और इससे हम पर दबाव बन गया। तब हमने रन रेट बढ़ाने की कोशिश लेकिन न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी की। अगर हमारे बल्लेबाजों ने गैप के बीच से चौके जड़े होते तो हम आसानी से जीत के लक्ष्य की ओर बढ़ सकते हे। जहां तक बात क्षेत्ररक्षण की है तो हमारा एक दूसरे के लिए बस यही निर्देश था कि जो गेंद हममें से किसी की ओर भी आए तो हम उसके लिए पहले से ही तैयार रहें जिससे प्रतिद्वंद्वी टीम दो रन दौड़ने से पहले दो बार सोचे।