विश्व शांति के लिए देश-विदेश के लेखकों का हुआ समागम

A gathering of writers from India and abroad for world peace

रविवार दिल्ली नेटवर्क

कोलकाता : इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर इंटरक्लचरल स्टडीज एंड रिसर्च हर वर्ष शांति के प्रयासों के अंतर्गत विश्व भर के कवियों, लेखकों,चिंतकों को सांस्कृतिक नगरी कोलकाता आमंत्रित करता है, जहां आपसी विचार-विमर्श,काव्य पाठ,फ़िल्में, नाटक तथा आपसी समझदारी विकसित करने की प्रचेष्ठा की जाती है और इसकी विशेष भूमिका में रहते हैं-पेशे से चिकित्सक और साहित्यिक डॉ सुदीप्तो चटर्जी! इस वर्ष भी कई देशों से प्रतिनिधि उपस्थित हुए और कुछ संस्थाओं के सहयोग से कई सत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।उसी क्रम में कोलकाता ट्रांसलेटर्स फ़ोरम के सहयोग से हुए एक सत्र की अध्यक्षता कर रहे थे- वरिष्ठ साहित्यकार तथा फ़ोरम के अध्यक्ष श्री रावेल पुष्प, विशिष्ट अतिथि थे पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त डोगरी कवि श्री मोहन सिंह तथा संचालन में थीं श्रीमती मंदाकिनी भट्टाचार्य और फटिक चौधरी। इस मौके पर हाल ही में अनूदित कुछ पुस्तकों पर चर्चा की गई तथा काव्य पाठ हुआ। इसमें सबसे आकर्षक रहा बांग्लादेश के लेखक अब्दुस सलीम द्वारा स्वीडिश नाटककार के अनूदित नाटक का श्रुति नाटक के रूप में प्रस्तुति, जिसकी मुख्य भूमिका में थे- रावेल पुष्प तथा तृष्णा बसाक। इसके अलावा थे अरित्रिक दत्ता चौधरी,अनुष्टुप कुंडू तथा अरुण ज्योति चटर्जी। कार्यक्रम के अंत में श्यामल भट्टाचार्य ने धन्यवाद दिया। इस त्रिदिवसीय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय लेखकों के मिलन ने विश्व में शांति के प्रयासों को एक नई दिशा तो अवश्य दी।