आमरण अनशन का तीसरा दिन : बिजली विभाग और प्रशासन की चुप्पी के खिलाफ संत समाज का शंखनाद!

Third day of fast unto death: Sant Samaj's conch sound against the silence of electricity department and administration!

  • दीपक कुमार त्यागी
  • तल्हेटा बिजलीघर पर संतों का जमावड़ा, महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज ने शिष्य के समर्थन में भरी हुंकार।
  • महन्त यति रणसिंहानन्द गिरी महाराज की दो टूक चेतावनी — “कल शाम तक सुनवाई नहीं हुई तो 20 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय पर ही शुरू होगा आमरण अनशन!”

मोदीनगर : सिद्धपीठ टिक्की वाले बाबा मन्दिर, तल्हेटा में रात्रिकालीन स्थायी बिजली व्यवस्था की मांग को लेकर श्रीमहंत यति रणसिंहानन्द गिरी महाराज का आमरण अनशन आज तीसरे दिन भी जारी रहा। तीन दिन बीत जाने के बावजूद शासन-प्रशासन के किसी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा धरनास्थल पर पहुंचकर संतों की सुध न लेना प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

18 नवंबर को तल्हेटा बिजलीघर पर संत समाज की बड़ी एकजुटता देखने को मिली। महन्त यति रणसिंहानन्द गिरी महाराज के समर्थन में उनके गुरुदेव महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज, शिव शक्ति धाम डासना देवी मन्दिर, डासना से स्वयं धरनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ संत समाज के अनेक वरिष्ठ संतों ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

धरनास्थल पर पहुंचे संतों में प्रमुख रूप से महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज, शिव शक्ति धाम डासना देवी मन्दिर, डासना। महामंडलेश्वर राजेशरानंद गिरी महाराज — बखरवा, मोदीनगर। महन्त गुरुदास महाराज — कोडिया के तालाब। महन्त रामानंद गिरी महाराज — खिंदौड़ा शिव मन्दिर। यति परमात्मानंद गिरी महाराज — शिव मन्दिर, शहजादपुर। इसके अतिरिक्त यति धर्मानंद गिरी महाराज और यति योगानन्द गिरी महाराज पहले दिन से ही आमरण अनशन पर अपने महन्त के साथ डटे हुए हैं।

अपने शिष्य के समर्थन में पहुंचे महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी जी महाराज ने प्रशासन की उदासीनता पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि “तीन दिन से स्वामी रणसिंहानन्द आमरण अनशन पर बैठे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन के किसी भी अधिकारी ने उनसे संपर्क करने तक की जरूरत नहीं समझी। यह प्रशासन की संवेदनहीनता, निरंकुशता और घमंड को दर्शाता है। क्या इस देश में संतों की आवाज सुनने वाला कोई नहीं है?”

उन्होंने आगे कहा कि “हम अपने शिष्य के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। यह लड़ाई केवल एक मन्दिर की बिजली की नहीं है, बल्कि संत समाज के सम्मान और धार्मिक स्थलों के अधिकारों की लड़ाई है। प्रशासन यह गलतफहमी निकाल दे कि संत समाज को अकेला छोड़ दिया जाएगा।”

महामंडलेश्वर राजेशरानंद गिरी महाराज ने कहा कि “शासन-प्रशासन तत्काल इस मामले का संज्ञान ले। संत समाज अब इस उपेक्षा को बर्दाश्त नहीं करेगा। महन्त यति रणसिंहानन्द महाराज के साथ पूरा संत समाज खड़ा है।”

उन्होंने स्पष्ट कहा कि “किसी मन्दिर को रात्रिकालीन बिजली उपलब्ध कराना प्रशासन का कोई अहसान नहीं है। यह धार्मिक स्थल की आवश्यक व्यवस्था और जायज मांग है। इसे तत्काल पूरा किया जाना चाहिए।”

तीसरे दिन भी प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल न होने पर श्रीमहंत यति रणसिंहानन्द गिरी महाराज ने आंदोलन को अगले चरण में ले जाने की स्पष्ट चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि “आज आमरण अनशन का तीसरा दिन है। अभी तक न कोई जिम्मेदार अधिकारी यहां पहुंचा है और न ही स्वास्थ्य परीक्षण के लिए डॉक्टरों की कोई टीम भेजी गई है। क्या संतों की जान की कोई कीमत नहीं है? क्या अपनी धार्मिक आस्था और मन्दिर की मूलभूत व्यवस्था के लिए हमें अपनी जान दांव पर लगानी पड़ेगी?”

उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि “मैं शासन-प्रशासन को अंतिम अवसर दे रहा हूं। कल 19 नवंबर की शाम तक यदि हमारी मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो 20 नवंबर को सुबह जिलाधिकारी कार्यालय, गाजियाबाद पर ही आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। अब यह आंदोलन आश्वासनों से नहीं, बल्कि मांग पूरी होने पर ही समाप्त होगा।”

इस अवसर पर यति धर्मानंद गिरी महाराज, यति परमात्मानंद गिरी महाराज, यति योगानन्द गिरी महाराज सहित तल्हेटा गांव से राधे त्यागी, जयनन्द प्रधान, बिजेंद्र त्यागी, सतवीर त्यागी, राजेन्द्र त्यागी, दीपक त्यागी, पाली, डॉ. अजय त्यागी सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में मन्दिर के लिए रात्रिकालीन स्थायी बिजली व्यवस्था की मांग का समर्थन किया और आंदोलन में अपनी भागीदारी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

प्रशासन के सामने एक स्पष्ट मांग
सिद्धपीठ टिक्की वाले बाबा मन्दिर, तलहेटा, मोदीनगर में रात्रिकालीन स्थायी विद्युत व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत स्वार्थ का आंदोलन नहीं है। यह क्षेत्र की आस्था, धार्मिक परम्परा और मन्दिर की आवश्यक व्यवस्था से जुड़ा विषय है। अब संत समाज और क्षेत्रवासी अपनी जायज मांग को लेकर एकजुट हैं। प्रशासन समय रहते चेत जाए, अन्यथा 20 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय पर आंदोलन का अगला अध्याय शुरू होगा।