
भारत की पुरुष और महिला टीम के कई खिलाड़ियों के विवाह समारोह में मौजूद रहने की उम्मीद
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : भारतीय हॉकी टीम के तेज तर्रार स्ट्राइकर मनदीप सिंह 21 मार्च को भारतीय महिला हॉकी टीम की फुलबैक उदिता दुहान के साथ जालंधर मे 21 मार्च को शादी के बंधन में बंध जाएंगे। मनदीप और उदिता की शादी सिख रीति रिवाज से होगी। मनदीप सिह और उदिता दुहान दोनों ही भारतीय हॉकी टीमों की ओलंपिक में नुमाइंदगी कर चुके हैं। मनदीप भारत की 2020 में टोक्यो और 2024 में पेरिस ओलंपिक में कांसा जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य रहे जबकि उदिता बेहद करीब से 2020 से टोक्यो में कांसे से चूक चौथे रही भारतीय टीम की फुलबैक रही। दोनों मनदीप की शादी में उनके अपने ही गांव मीठापुर के भारत के पूर्व कप्तान सेंटर हाफ मनप्रीत सिंह और फुलबैक वरुण कुमार के साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह सहित ज्यादातर खिलाड़ियों के मौजूद रहने की उम्मीद है। साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम की उदिता के साथ खेल रही कई खिलाड़ियों के भी विवाह समारोह में मौजूद रहने की उम्मीद है।
इन दोनों की शादी से पहले 19 मार्च को एक डीजे पार्टी होगी। 21 मार्च को शादी के बाद अगले दिन भव्य रिसेप्शन होगा। उदिता हिसार(हरियाणा की हैं जबकि मनदीप सिंह भारत के पूर्व कप्तान और परगट सिंह के गांव मीठापुर के बाशिंदे हैं। 25 जनवरी, 1995 को जन्में मनदीप सिंह सिंह इस समय पंजाब पुलिस में डीएसपी हैं।
कुछ ही महीने पहले पूर्व ओलंपियन आकाशदीप सिंह ने 2020 के ओलंपिक में चौथे स्थान पर ही भारतीय महिला हॉकी टीम की मिडफील्डर मोनिका मलिक से विवाह किया था।
मनदीप सिंह की बाबत एक रोचक बात यह है कि वह भारत को 2016 में लखनउ में एफआईएच जूनियर हॉकी विश्व कप जिताने से पहले सरदार सिंह की कप्तानी में हेग(नीदरलैंड) में भारत के लिए सीनियर हॉकी विश्व कप खेले। मनदीप भारत की सीनियर हॉकी टीम के लिए 260 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले और 120 गोल किए। वह भारत की 2020 की टोक्या 2024 की पेरिस ओलंपिक में कांसा, 2022 मे हांगजू में एशियाई खेलों में स्वर्ण व 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में कांसा जीतने वाली टीम के सदस्य रहे। वह भारत की 2016 में लंदन और 2018 में ब्रेडा में आखिरी चैंपियंस ट्रॉफी तथा बर्मिंघम में 2022 में राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली तथा 2018 में मस्कट में तथा 2023 में चेन्नै में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के साथ रहे। मनदीप सिंह के हॉकी स्ट्राइकर के रूप में खेल को निखारने में खासतौर पर अब भारतीय महिला हॉकी टीम के चीफ कोच हरेन्द्र सिंह का खासा योगदान रहा। मनदीप खुद भी इस बात को मानते हैं कि हरेन्द्र सिंह ने भारत की जूनियर और सीनियर पुरुष टीम का कोच रहते हुए उनके हॉकी कौशल को निखारने में अहम भूमिका निभाई।
उदिता दुहान का जन्म 14 जनवरी, 1998 को हिसार जिले के भिवानी के नांगल गांव में हुआ। उदिता ने 2015 में पुलिस अधिकारी रहे अपने पिता जसबीर सिंह को खो दिया लेकिन उनकी मां गीता देवी ने उन्हें बराबर हॉकी खेलने को प्रेरित किया।वह भारत की 2023 में रांची और 2024 में राजगीर में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम की सदस्या रही उदिता दुहान को श्राची रार बंगाल टाइगर्स ने हॉकी इंडिया लीग 2025 में सबसे महंगा 32 लाख में खरीदा था। उदिता ने हरियाणा की ओर सीनियर हॉकी टीम में खेल कर बढ़िया प्रदर्शन कर 2017 में सीनियर भारतीय हॉकी टीम के लिए अंतर्राष्ट्रीय हॉकी का आगाज किया। उदिता 2018 एशियाई खेलों में भारत की रजत पदक जीतने , 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में कांसा जीतने वाली टीम का हिस्सा रही हैं। उन्होंने 2021 टोक्यो ओलंपिक में भारत को ऐतिहासिक चौथे स्थान पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।