दीपक कुमार त्यागी
अग्निशमन विभाग के जांबाजों ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद राहुल पाल के नेतृत्व में आग पर किया नियंत्रण
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद पर 16 सितंबर 2026 को फायर स्टेशन वैशाली पर अपराह्न 13:32 बजे सूचना प्राप्त हुई कि वैभव खंड इंदिरापुरम स्थित ‘ पार्श्वनाथ मजेस्टिक आवासीय परिसर के एक फ्लैट में भीषण अग्निकांड घटित हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही प्रभारी अग्निशमन केंद्र, वैशाली 02 अग्निशमन वाहन (फायर टेंडर्स) एवं एक वाटर बाउज़र मय यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना हुए, कुछ ही समय में मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद मौके पर पहुंचे एवं देखा कि आग D-ब्लाक, तृतीय तल पर स्थित फ्लैट मालिक अनीता खेत्रपाल के फ्लैट में तीव्रता से धधक रही थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद राहुल पाल के निर्देशन में फायर यूनिट ने तृतीय तल से होज पाइप लटका कर होजलाइन बिछाई एवं आग पर काबू करने हेतु फ्लैट के अंदर प्रवेश किया व आग बुझाने का कार्य तत्परता से शुरू किया। अग्निशमन दल की अदम्य कार्यकुशलता, तत्परता एवं समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप अल्प समय के भीतर ही आग पर पूर्णतः नियंत्रण पाकर उसे पूर्ण रूप से शांत कर दिया गया एवं आग को आसपास के फ्लैट में फैलने से पहले ही रोक लिया गया। मौके पर अनीता खेत्रपाल उम्र लगभग 60 वर्ष मौके पर मौजूद थी, राहत की बात यह रही कि अग्निकांड घटित होने के समय कोई भी व्यक्ति फ्लैट में फंसा नहीं था एवं समय रहते सभी लोग बिल्डिंग से बाहर आ चुके थे ।इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालाँकि, फ्लैट में संग्रहित घरेलू वस्तुएं आग की चपेट में आने से जलकर क्षतिग्रस्त हो गई हैं।





