दीपक कुमार त्यागी
शिक्षा, संस्कार और आधुनिक सुविधाओं से ही होगा विकसित भारत का निर्माण – धीरेंद्र सिंह
“बदलते जेवर और विकसित उत्तर प्रदेश की सबसे खूबसूरत तस्वीर वह होगी, जब हमारे क्षेत्र का हर बच्चा शिक्षित होगा, हर नौजवान आत्मनिर्भर होगा और हर परिवार समृद्धि की ओर अग्रसर होगा।” – धीरेंद्र सिंह
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-36 और आसपास के क्षेत्र के बच्चों एवं नौजवानों को आज एक शानदार सौगात मिली। सेक्टर-36 स्थित सामुदायिक केंद्र में स्थापित लाइब्रेरी का आज विधिवत लोकार्पण जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के करकमलों से संपन्न हुआ। इस लाइब्रेरी में बच्चों एवं युवाओं को निःशुल्क सदस्यता, फ्री वाई-फाई तथा विभिन्न विषयों की पुस्तकों की सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-36 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अजय भाटी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि “किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है। आज के नौजवान कल के भारत का भविष्य हैं। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध हों। इस लाइब्रेरी के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगे।”
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने आगे कहा कि “विकास का अर्थ केवल बड़ी-बड़ी सड़कें, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक इकाइयां और गगनचुंबी इमारतें बनाना ही नहीं है, बल्कि समाज की आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है। विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।”
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र में हो रहे विकास की चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में जेवर विधानसभा क्षेत्र और गौतमबुद्ध नगर ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, औद्योगिक निवेश, आधुनिक सड़क संपर्क, बेहतर विद्युत व्यवस्था तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकसित हो रही सुविधाओं ने इस क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदल दी है। एक समय था जब यहां के नौजवानों को रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन आज उन्हीं नौजवानों के लिए उनके घरों के आसपास रोजगार और उद्यमिता की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में हमारे शिक्षित और कुशल नौजवानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सेक्टर-36 में स्थापित यह लाइब्रेरी केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों, आकांक्षाओं और उज्ज्वल भविष्य का केंद्र बनेगी। आज यहां पढ़ने वाला कोई बच्चा कल प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर अथवा सफल उद्यमी बनकर इस क्षेत्र का नाम रोशन करेगा, यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।”
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने सेक्टर-36 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री अजय भाटी एवं उनकी पूरी टीम की इस सराहनीय पहल के लिए प्रशंसा करते हुए कहा कि अन्य सेक्टरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसी सकारात्मक पहल होनी चाहिए, जिससे बच्चों एवं नौजवानों की ऊर्जा को सही दिशा मिल सके।





