फतेहपुर शेखावाटी में गोयनका मन्दिर “भादों अमावस्या उत्सव ” का पाँच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ

Five-day 'Bhadon Amavasya Utsav' festival begins at the Goenka Temple in Fatehpur Shekhawati

रविवार दिल्ली नेटवर्क

10 सितम्बर को अवार्ड समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को मुख्य अतिथि और नगरीय विकास और आवासन राज्य मंत्री झाबरसिंह खर्रा शामिल होंगे

नई दिल्ली/फतेहपुर (शेखावाटी ) : भारत और विदेशों के विभिन्न हिस्सों से अपनी कुल देवी *दादी माँ * को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए राजस्थान के फतेहपुर (शेखावाटी ) में एकत्रित हुए गोयनका समुदाय के जाने माने प्रवासी राजस्थानियों ने पांच दिवसीय भादों अमावस्या उत्सव के पहले दिन अपनी अपनी कुल देवी के दर्शन कर उनके प्रति सम्मान, श्रद्धा और समर्पण का भाव अर्पित किया। इस अवसर पर श्री शक्ति गोयनका ट्रस्ट कोलकत्ता के मैनेजिंग ट्रस्टी सुशील कुमार गोयनका ने समुदाय के साथ हवन पूजन किया ।

इस महोत्सव में भारत और विदेशों में बसे गोयनका समुदाय के लगभग छह सौ परिवार हिस्सा ले रहें हैं जिसमें देश की चोटी के औद्योगिक घरानों के सीएमडी एवं सीईओ और विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज शामिल हैं । यह उत्सव आध्यात्मिकता , परम्परा और प्राचीन विरासत का मिश्रण है जोकि भव्यता से मनाया जाता है । देश के महानगरों और विदेशों में पैदा हुई नई पीड़ी द्वारा इस उत्सव में सहभागिता से इसका आकर्षण और भी बढ़ गया है और त्यौहार की ऐतिहासिक निरन्तरता भी बनी हुई है।

भादों अमावस्या उत्सव गोयनका समुदाय का महत्वपूर्ण त्यौहार है जोकि हर साल फतेहपुर शेखावाटी में पांच दिन तक मनाया जाता है। इस दौरान शेखावाटी क्षेत्र से सैकड़ों साल पहले ब्यापार आदि के लिए अपना घर -बार छोड़ कर अन्यत्र चले गए गोयनका समुदाय के प्रवासी राजस्थानी अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए हर साल फतेहपुर शेखावाटी आते हैं । इस दौरान वे अपनी कुल देवी की दर्शन कर अपने समुदाय की शांति और समृद्धि के लिए पूजा करते हैं और अपने युवा बच्चों की प्रगति की कामना करते है।

इस त्यौहार के पहले दिन वृन्दाबन की पूज्य साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती दीदी जी को तीन दिवसीय अमृतमयी प्रवचनों के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है ।समारोह के दौरान सामूहिक मंगल पाठ ,भजनों की हाउजी ,योग साधना ,कन्या पूजन ,दादी की मेहंदी ,आरती , अभिषेक , थोक पूजन एवं प्रसाद का बितरण आदि आयोजन होंगे। भादों अमावस्या उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 5 .30 बजे मंगल आरती ,सुबह सात बजे श्रंगार आरती और सायं सात बजे संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा ।

इस महोत्सव के समापन पर 10 सितम्बर को आयोजित अवार्ड समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को मुख्य अतिथि और नगरीय विकास और आवासन राज्य मंत्री झाबरसिंह खर्रा को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है । समारोह में समाज के गणमान्य और प्रतिभाशाली व्यक्तियों को पुरुस्कृत किया जाएगा ।