बदकिस्मती से हम गेंदबाजी में अपनी योजना को अमली जामा पहनाने से चूक गए : श्रेयस

Unfortunately we failed to execute our plan in bowling: Shreyas

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : कप्तान शे होप के शतक और ऑलराउंडर किमो पॉल गेंद से ‘पंजे’ की बदौलत वेस्ट इंडीज ने मेजबान भारत को हैदराबाद में चौथे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बुधवार रात 24 रन से हरा कर पांच मैचों की सीरीज में दो दो की बराबरी हासिल कर दी। होप का यह मौजूदा टी 20 सीरीज का दूसरा और इस दौरे पर वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज सहित यह चौथा शतक है। शे होप ने मौजूदा दौरे पर वेस्ट इंडीज के लिए तीन वन डे और टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज के शुरू के चार मैचों सहित इस दौरे पर मेजबान भारत के खिलाफ चार शतक और एक अर्द्ध शतक जड़ा है और वह अब तक इस दौरे में सबसे ज्यादा कुल 539 रन बना चुके हैं। होप इस दौरे पर जिन तीन मैचों में अविजित रहे उसमें वेस्ट इंडीज की टीम विजयी रही। गेंदबाजों की ‘कब्र’ बनी हैदराबाद के राजीव गांधी की पिच पर दोनों टीमे 200 के पार ही नहीं पहुंची कुल 470 रन बने । संजू सैमसन का तेज अर्द्बशतक और दो हैदराबादियों -तिलक वर्मा (43) व नीतिश रेड्डी (41) की तेज पारियां भी भारत को चौथे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में हार से नहीं बचा सकी। सच तो यह है कि भारत अपने गेंदबाजों के योजना को अमली जामा नहीं पहना पाने के कारण ही चौथा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच हारा और इसमें प्रिंस यादव ने सबसे कम दस और अक्षर पटेल ने 11 रन से कुछ अधिक की दर ये रन से दिए जबकि इन दोनों को छोड़ मेजबान टीम के बाकी चारों गेंदबाजों से 13 प्रति ओवर से अधिक की रन दिए।

भारत की चौथे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में हार पर कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा,‘ हम सही लाइन-लेंग्थ के साथ गेंदबाजी नहीं कर पाए। जीत के लिए 250 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए बेशक आपको ताकत की दरकार थी और मुझे अपनी भारतीय टीम की इसे हासिल करने के लिए अप्रोच पसंद आई। बदकिस्मती से हम गेंदबाजी में अपनी योजना को अमली जामा पहनाने से चूक गए। जीत के लिए बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पॉवरप्ले तक हमने तब भी 12 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाए जब गेंदबाजों को पिच से कुछ मदद मिली रही थी। वेस्ट इंडीज के गेंदबाजों ने यह बात समझ ली थी कि खासतौर पर बीच के ओवर में पिच पर उछाल के बाद गेंद कुछ रुक कर आ रही थी। अब पांचवां टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच रोचक रहेगा। जहां तक हैदराबाद की पिच की बात है तो आप हमारी टीम के हर खिलाड़ी की सोच व रवैये को देख सकते हैं। हमें आगे सही सोच दिखानी होगी।‘

तिलक का आउट होना का मैच का निर्णायक मोड़ : संजू सैमसन
तेज अर्द्ध शतक जड़ने वाले भारत के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने मैच के बाद कहा,‘ तिलक वर्मा का आउट होना बुधवार को चौथे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच का निर्णायक मोड़ था। उससे पहले तक हम 10-12 रन प्रति ओवर की दर से रन बना कर आगे बढ़ रहे थे और तब तक दबाव में भी तिलक और नीतिश रेड्डी बढ़िया बल्लेबाजी कर रहे थे। पांच विकेट गंवाने के बाद भी मैच पर भी इस तरह की पकड़ वाकई बहुत बढ़िया बात थी। दो नौजवान क्रिकेटरों- तिलक वर्मा और नीतिश रेड्डी -का वेस्ट इंडीज के गेंदबाजों पर प्रहार कर भारत पर से दबाव हटाना बहुत बढ़िया बात थी। बेशक मैं भारत की हार से बहुत निराश हूं। बेशक मैं चाहता था कि हमारी टीम चौथा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीते। मुझे वाकई बल्लेबाजी करने में बहुत मजा आया। जब जीत के लिए 250 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रहे तो फिर आपको तब भरोसा बरकरार रखना होता और मैंने बस यही किया। जहां तक अनुभवी जसप्रीत बुमराह की कमी अखरने की बात है तो उन्होंने कहा बुमराह तो कोई विकल्प ही नहीं है और उन जैसा गेंदबाज पीढ़ियों में एक बार मिलता है और हम वाकई खुशकिस्मत है कि वे हमारी भारतीय टीम में है। नौजवान तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपनी भूमिका बढ़िया ढंग से निभा रहे हैं और उनके साथ ही नवोदित स्विंग गेंदबाज प्रिंस यादव ने पिछले कुछ मैचों से प्रभावी गेंदबाजी की है। मेरा मानना है कि हमारे पास वाकई कई प्रतिभासम्पन्न गेंदबाज हैं और वे जितना खेलेंगे उतने बेहतर होते जाएंगे। जहां तक अर्शदीप सिंह के अपने कंधे पर मैच के बाद बर्फ लगाने की बात है तो मैं उम्मीद करता हूं कि वह जल्द ही इससे उबर फिट हो जाएंगे।’

टीम को जीत का बढ़िया मौका देने की कोशिश की : होप
मैन ऑफ द’ मैच वेस्ट इंडीज के कप्तान शे होप ने कहा,‘ मैंने अपनी टीम को जीत का सबसे बढ़िया मौका देने की कोशिश की और पहले विकेट के लिए 50 रन की भागीदारी बढ़िया रही। पिच पर गेंद उम्मीद से ज्यादा रुक कर आ रही थी। शुरू में हमे लगा कि पिच बल्लेबाजी के लिए रहेगी। शुरू में पिच पर उछाल असमान थी और बाद के ओवरों में स्पिनरों के सामने शॉट जड़ना मुश्किल हो गया। जहां तक स्पिनर गुड़ाकेश मोती से लगातार तीन ओवर फिंकवाने की बात है तो बतौर कप्तान आपको कई बार मुश्किल फैसले लेने पड़ते हैं। हमारे पास बेंगलुरू में पांचवां व निर्णायक टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच व सीरीज जीतने का बढ़िया मौका है।