- भारत को अभिषेक, इशान व संजू से बड़ी पारियों की आस
- ऑफ स्पिनर चेज से भारतीय बल्लेबाजों को चौकस रहना होगा
- वेस्ट इंडीज को कम स्कोर पर रोकने की जिम्मेदारी अर्शदीप व मयंक पर
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारत अब मेहमान वेस्ट इंडीज से हैदराबाद में बुधवार को चौथा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच भी जीत 3-1 की विजयदाई बढ़त के साथ पांच मैचों की सीरीज एक मैच के बाकी रहते ही अपने नाम करने उतरेगा। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के आतिशी अर्द्धशतक व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के इंदौर में चटकाए तीन विकेट की बदौलत भारत ने वेस्ट इंडीज से तीसरा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच 14 रन से जीत सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। भारत ने वेस्ट इंडीज से अपने पिछले पांच में चार टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीते हैं और उसके खिलाफ जीत के साथ अपना दबदबा बनाए रखने की पुरजोर कोशिश करेगा। हैदराबाद की इस पिच पर रन बरसते हैं और बुधवार को बारिश की कोई आशंका नहीं है। ऐसे में ओस गिरने के बाद तो गेंदबाजों को और चौकस रहने की जरूरत होगी क्योंकि उनके लिए रनों पर लगाम लगाना और मुश्किल हो जाएगा।
भारत के लिए सबसे सुखद रहा उसके तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह द्वारा अपनी बेहतरीन स्विंग से पहले वन डे सीरीज और फिर मौजूदा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय सीरीज सहित चार मैचों तीन शतक व एक अर्द्ध शतक जड़ने वाले मेहमान वेस्ट इंडीज टीम के कप्तान शे होप को बोल्ड कर उन्हें सस्ते में आउट करने की राह तलाशना है। कप्तान श्रेयस अय्यर और मैन ऑफ द’ मैच रहे अर्शदीप सिंह ने भारत की इस जीत का श्रेय टीम के गेंदबाजों के योजना को अमली जामा पहनाने को दिया। अभिषेक और इशान किशन की दूसरे विकेट की शतकीय भागीदारी के बावजूद दसवें से 15 वें ओवर के बीच 20 रन में चार विकेट गंवाने के बावजूद निचले क्रम के बल्लेबाजों खासतौर पर प्रिंस यादव की छोटी उपयोगी पारियों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 223 पर पहुंच पाया था। साथ ही भारत की पारी को रफ्तार देने में जुटे उपकप्तान तिलक वर्मा जिस तरह बेवजह के असमंजस में और अक्षर पटेल जिस अंदाज में बेवजह गफलत में रनआउट हुए उससे भारत की पारी 223 रन पर सिमट गई अन्यथा भारत बेशक 250 रन के पार पहुंच सकता था। खैर इसी तरह की अनश्चितताएं ही क्रिकेट को रोचक बनाती हैं।
भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम 1024 गेंदो में दुनिया में सबसे तेज 2000 रन पूरे किए। इस पिच पर भारत टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 300 रन बनाने के करीब पहुंच था। सबसे दिलचस्प बात यह मैदान अभिषेक शर्मा और इशान किशन की आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद का गृह मैदान है। इस पर आईपीएल में अभिषेक शर्मा और इशान किशन कई बड़ी पारियां खेल चुके हैं। भारत अपने शीर्षक्रम में अभिषेक व संजू सैमसन की सलामी जोड़ी , इशान किशन , कप्तान श्रेयस अय्यर व उपकप्तान तिलक वर्मा से बड़ी पारियों की उम्मीद करेगा। भारत के लिए मौजूदा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक शतक सहित कुल सबसे ज्यादा 143 रन बनाए जबकि इशान किशन ( कुल 117), दूसरे नंबर पर और उनके बाद एक एक अर्द्धशतक जड़ने वाले अभिषेक शर्मा (कुल 110 रन) और संजू सैमसन (कुल 96 रन) और तिलक वर्मा (कुल 72 रन) है। सबको चौंकाते हुए ऑफस्पिन ऑलराउंडर रॉस्टन चेज (छह विकेट) ने वस्ट इंडीज के लिए शुरू के तीन मैचों में सबसेज्यादा कुल छह विकेट चटकाए हैं। भारतीय बल्लेबाजों को वेस्ट इंडीज के ऑफस्पिनर चेज से जरूर चौकस रहना होगा। इसमें भी सबसे दिलचस्प बात यह है कि चेज उने गेंद संभालते ही भारत के बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, इशान किशन और शिवम दुबे को आउट कर उसकी पारी को तीन में से दो मैचों में बिखेरी है। चेज के बाद तेज गेंदबाजी ऑलराउंड स्प्रिंगर ने चार विकेट चटकाए हैं।
भारत का इंदौर मे तीसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय में शिवम दुबे को एकादश से बाहर रख कर नीतिश रेड्डी को महंगे होने के चलते टीम के लिए बोझ बनते बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव की जगह स्विंग प्रिंस यादव को एकादश में शामिल करने का फैसला सही साबित हुआ। भारत के अब हैदराबाद में चौथे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में भी तीसरे टी 20 में जीतने वाली एकादश के साथ ही उतरने की उम्मीद है। हैदराबाद में सभी निगाहें टीम के दो हैदरबादियों -उपकप्तान तिलक वर्मा और तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतिश रेड्डी पर रहने की उम्मीद है। बराबर चोट के चलते टीम इंडिया में रहने की बजाय उससे बाहर ज्यादा रहने वाले ऑलराउंडर हार्दिक पांडया की गैरमौजूदगी में नीतिश रेड्डी का फिट रह कर बराबर उपलब्ध रहना टीम इंडिया के संतुलन के लिए बेहद जरूरी है। यही कारण है कि भारत के चीफ कोच गौतम गंभीर के साथ बॉलिंग कोख मॉर्ने मॉर्केल बराबर नीतिश रेड्डी को एकादश में बराबर रखने की जुगत में लगे रहते हैं। नीतिश रेड्डी फिट रह कर भारत को बराबर उपलब्ध रहते हैं तो वह खासतौर पर अगले बरस दक्षिण अफ्रीका में होने वाले आईसीसी वन डे क्रिकेट विश्व कप के लिए बेहद उपयोगी और जरूरी साबित होंगे।
वेस्ट इंडीज के ऑलराउंडर शेरफन रदरफर्ड (कुल 172 रन) दो अर्द्धशतकों सहित रन बनाने में शीर्ष पर और कप्तान शे होप (कुल 159 रन) एक शतक और एक अर्द्धशतक सहित मौजूदा पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में तीन मैचों के बाद रन बनाने में दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। वेस्ट इंडीज के बल्लेबाज खासतौर पर उसके केवल तीसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय में सस्ते में आउट होने वाले कप्तान शे होप के साथ शेरफन रदरफर्ड और शेमरन हेटमायर ब़ड़ी पारियां खेल कर रनों का अंबार लगा कर भारत के सामने जीत के लिए बड़ा लक्ष्य खड़ा करने की उम्मीद कर सकते हैं। ऐसे में वेस्ट इंडीज की टीम बुधवार को चौथे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय में जीत के साथ बराबरी की आस कर सकती है। वहीं एक दिलचस्प बात यह है वेस्ट इंडीज के खिलाफ मौजूदा सीरीज से अपने टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर का आगाज करने वाले भारत के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर नमन धीर ने सबसे ज्यादा पांच विकेट चटकाए हैं और सभी छक्का खाने के तुरंत बाद। भारत के ऑफस्पिनर नमन धीर के साथ तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, मयंक यादव पर वेस्ट इंडीज को कम स्कोर रोकने की जिम्मेदारी रहेगी।
भारत के लिए उसके ऑफ स्पिन ऑलराउंडर नमन धीर (5 विकेट) उसके सबसे कामयाब गेंदबाज रहे हैं जबकि रफ्तार के सौदागर बराबर करीब 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले मयंक यादव (4 चार विकेट),स्विंग गेंदबाज अर्शदीप सिंह( चार विकेट) के साथ स्पिनर अक्षर पटेल (तीन विकेट) और बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव(तीन विकेट) आते हैं। कुल मिला कर भारत की गेंदबाजी अपने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को कार्यभार प्रबंधन के चलते आराम देने और हार्दिक पांडया और हर्षित राणा के अभी भी चोट से उबरने में जुटे होने के बावजूद वेस्ट इंडीज से बेहतर नजर आती है।
बुधवार: भारत वि वेस्ट इंडीज (चौथा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय ,हैदराबाद), शाम सात बजे से)।





