भारत का पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में पहला मैच बांग्लादेश से

India's first match in men's Asian Champions Trophy hockey against Bangladesh

  • भारत सहित छह टीमें राउंड रॉबिन लीग में एक दूसरे से खेलेंगी
  • सभी लीग मैच जालंधर में, सेमीफाइनल व फाइनल मोहाली में होंगे

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : मेजबान मौजूदा चैंपियन भारत हीरो पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में अभियान का आगाज पहले दिनबांग्लादेश के खिलाफ 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में मैच से करेगा। पाकिस्तान के सुरक्षा कारणों का बहाना बना आखिरी वक्त पर टूर्नामेंट से हटने पर बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। भारत ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा पांच बार -2011, 2016, 2018 (पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता), 202, 2024 -खिताब जीते है। भारतीय पुरुष बेशक पंजाब के हॉकी प्रेमी दर्शकों के सामने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में खिताबी छक्का जड़ने उतरेगी। 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक तक खेले जाने वाली पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में एशियाई खेलों की चैंपियन भारत और वहां उपविजेता रही मलयेशिया, कांस्य पदक विजेता जापान, दक्षिण कोरिया, चीन व बांग्लादेश सहित कुल छह टीमें शिरकत करेंगी। टूर्नामेंट के सभी लीग मैच 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। दोनों सेमीफाइनल 4 नवंबर को फाइनल व तीसरे स्थान का मैच 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर स्टेडियम में खेले जाएगा। पांच बार का और मौजूदा चैंपियन भारत पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में खिताब बरकरार रखने उतरेगा।

टूर्नामेंट शिरकत करने वाली सभी छह टीमें राउंड रॉबिन लीग में एक दूसरे से खेलेंगी। हर टीम लीग चरण में पांच पांच मैच खेलेगी। लीग चरण की समाप्त पर शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वॉलिफाई करेंगी। भारत 27 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करने के बाद 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान , 1 नवंबर को मलयेशिया तथा 2 नवंबर को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा। भारत के सभी लीग मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से शुरू होंगे। टूर्नामेंट तीन रेस्ट डे(आराम के दिन) 28 अक्टूबर, 31 अक्टूबर व 3 नवंबर हैं और इन तीनों कोई मैच नहीं होंगे।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, ‘एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के कार्यक्रम की घोषणा से इसके लिए रोमांच और बढ़ गया है। हम एशिया भर से इसमें शिरकत करने आ रही टीमों का स्वागत करते हैं। हमें इस टूर्नामेंट बेहतरीन हॉकी देखने को मिलने की उम्मीद है।’
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा,‘ पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी पंजाब 2026 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ इसकी उलटी गिनती शुरू हो गई है। हॉकी इंडिया को इसमें शिरकत करने वाली टीम की मेजबानी और पंजाब के जोश व मेहमान नवाजी दिखाने का फख्र है। हमें रोमांचक और कड़े मैचों वाले टूर्नामेंट की उम्मीद है। हमें उम्मीद है यह टूर्नामेंट हॉकी प्रेमियों को और हॉकी के और करीब लाएगा। यह टूर्नामेंट को सर्वोच्च स्तर पर खेलने का मौका भी मुहैया कराएगा।’