महान संगीतकार चित्रगुप्त की जयंती विशेष : जिनके काम को नहीं मिला उचित सम्मान

Special on the birth anniversary of the great musician Chitragupt: Whose work did not receive the due recognition.

संजय सक्सेना

हिंदी फिल्म संगीत के सुनहरे दौर की कल्पना कीजिए। एक तरफ नौशाद, शंकर-जयकिशन, एसडी बर्मन, मदन मोहन और रोशन जैसे नामों का दबदबा है, दूसरी तरफ एक ऐसा संगीतकार है, जिसकी धुनें घर-घर में बज रही हैं, लेकिन जिसकी चर्चा संगीत के बड़े दरबारों में उतनी नहीं होती। उसकी बनाई धुनों पर प्रेमी अपने प्यार का इजहार कर रहे हैं, विरह में डूबे लोग आंसू बहा रहे हैं और त्योहारों पर लोग झूम रहे हैं। इसके बावजूद उसे बड़े संगीतकारों की कतार में खड़ा करने में आलोचकों ने कंजूसी बरती। यह कहानी है महान संगीतकार चित्रगुप्त श्रीवास्तव की, जिन्होंने साबित किया कि संगीत की असली ताकत किसी बड़े बैनर या सितारे की मोहताज नहीं होती। चित्रगुप्त जी का जन्म 16 नवंबर 1917 को बिहार के गोपालगंज जिले के कमरैनी गांव में हुआ था। बचपन से ही संगीत के प्रति उनका झुकाव था। उन्होंने पंडित शिव प्रसाद त्रिपाठी से शास्त्रीय संगीत की विधिवत शिक्षा ली। मन में संगीतकार बनने की जिद ने 1945 में उन्हें मुंबई पहुंचा दिया। उस समय हिंदी सिनेमा में जगह बनाना आसान नहीं था। जबकि चित्रगुप्त जी की फिल्मी दुनिया में न पहचान थी, न किसी बड़े निर्माता का सहारा। शुरुआती दिनों में उन्हें ऐसी फिल्में मिलीं, जिन्हें फिल्म उद्योग में बहुत प्रतिष्ठा नहीं दी जाती थी। ‘अंबे तू है जगदंबे काली’ जैसी कालजयी रचना को धुन देकर उन्होंने इसे नवरात्रों और अन्य मौकों पर होने वाली पूजा का महत्वपूर्ण भजन बना दिया। आज उनके बेटे आनंद-मिलिंद उनकी संगीत की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

1946 में ‘लेडी रॉबिनहुड’ से स्वतंत्र संगीत निर्देशन की शुरुआत करने वाले चित्रगुप्त को कई वर्षों तक संघर्ष करना पड़ा। ‘फाइटिंग हीरो’, ‘तूफान क्वीन’ और ‘सिंदबाद द सेलर’ जैसी फिल्मों में काम करते हुए उन्होंने अपनी धुनों को लगातार निखारा। 1952 में ‘सिंदबाद द सेलर’ का गीत ‘अदा से झूमते हुए दिलों को चूमते हुए’ लोकप्रिय हुआ। 1953 की ‘नाग पंचमी’ में ‘मेरी चुनरिया उड़ाए लिए जाए’ और ‘आरती करो हरिहर की’ ने उनकी पहचान को विस्तार दिया। धीरे-धीरे कम बजट की फिल्मों के निर्माता उनके पास आने लगे। लेकिन यहां एक विडंबना भी थी। जिस संगीतकार की धुनें फिल्मों को यादगार बना रही थीं, उसे उन्हीं फिल्मों की श्रेणी के आधार पर छोटा समझा जा रहा था। उस दौर में संगीतकारों की प्रतिष्ठा अक्सर उनके पारिश्रमिक और फिल्म के बजट से तय होती थी। एक प्रकाशित विवरण के मुताबिक चित्रगुप्त एक फिल्म के संगीत के लिए करीब दस हजार रुपये लेते थे, जबकि बड़े संगीतकारों की फीस इससे कहीं अधिक थी। यह अंतर उनकी प्रतिभा का नहीं, फिल्म उद्योग की व्यावसायिक हैसियत का था। चित्रगुप्त ने इस व्यवस्था के सामने अपनी धुनों की गुणवत्ता से जवाब दिया।

1955 की फिल्म ‘शिवभक्त’ उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव बनी। दक्षिण भारत के प्रतिष्ठित एवीएम प्रोडक्शन के लिए संगीतकार सचिन देव बर्मन ने चित्रगुप्त का नाम सुझाया था। यह मामूली बात नहीं थी। उस दौर में स्थापित संगीतकार का किसी दूसरे संगीतकार की सिफारिश करना उसकी क्षमता की स्वीकृति थी। एवीएम के साथ उनका जुड़ाव आगे ‘भाभी’, ‘मैं चुप रहूंगी’ और दूसरी फिल्मों तक पहुंचा। मगर बड़े बैनर का यह साथ उनके पूरे करियर की स्थायी पहचान नहीं बन सका। सवाल उठता है कि क्या किसी संगीतकार का मूल्यांकन उसकी फिल्म के बजट से किया जाना चाहिए या उसकी रचनाओं की उम्र से? चित्रगुप्त की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मेलोडी थी। वह धुन को इतना सहज बनाते थे कि पहली बार सुनने वाला भी उसे गुनगुनाने लगता था। लेकिन इस सहजता को साधना आसान नहीं था। इसके पीछे शास्त्रीय संगीत की समझ, लोकधुनों की पहचान और शब्दों की भावनात्मक जरूरत को समझने की क्षमता थी। 1957 की ‘भाभी’ इसका शानदार उदाहरण है। ‘जा रे जादूगर देखी तेरी जादूगरी’ में चंचलता है, ‘टाई लगा के माना बन गए’ में शरारत है और ‘कारे-कारे बादरा’ में राग मेघ मल्हार की छाया सुनाई देती है। वहीं ‘चली चली रे पतंग’ में उत्सव का उल्लास है। मोहम्मद रफी का ‘चल उड़ जा रे पंछी’ आज भी सुनने वाले को भीतर तक छूता है। एक ही फिल्म में इतने अलग भावों को संगीत में ढालना साधारण उपलब्धि नहीं थी।

संगीतकार चित्रगुप्त की धुनों का संसार किसी एक रंग तक सीमित नहीं था। ‘बरखा’ का ‘एक रात में दो-दो चांद खिले’, ‘जबक’ का ‘तेरी दुनिया से दूर’, ‘आकाशदीप’ का ‘दिल का दीया जला के गया’, ‘काली टोपी लाल रुमाल’ का ‘दगा दगा वई वई वई’ और ‘गेस्ट हाउस’ का ‘दिल को लाख संभाला जी’ सुनिए। हर गीत में अलग मिजाज और अलग संगीत भाषा दिखाई देती है। लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, मुकेश, आशा भोसले, किशोर कुमार और मन्ना डे जैसे गायकों की आवाज का उन्होंने अलग-अलग ढंग से इस्तेमाल किया। लता के साथ उनकी जोड़ी ने अनेक यादगार गीत दिए। संगीतकार मिलिंद ने 2022 में बताया था कि उनके पिता ने लता के लिए करीब दो सौ गीतों की धुनें बनाईं। यह संख्या उनके आपसी रचनात्मक रिश्ते की व्यापकता बताती है। चित्रगुप्त का एक कम चर्चित पक्ष भक्ति संगीत भी है। ‘अंबे तू है जगदंबे काली’ आज भी नवरात्र में घरों और मंदिरों में सुनाई देता है। इस गीत की लोकप्रियता किसी प्रचार अभियान की देन नहीं, उसकी भावनात्मक शक्ति का परिणाम है। उन्होंने लता मंगेशकर से लाल बहादुर शास्त्री की पत्नी ललिता शास्त्री के लिखे दो गैर-फिल्मी गीत भी रिकॉर्ड कराए थे। ‘बता दे कोई मोहे शाम’ और ‘भोला भोला रटते रटते’ उनकी संगीत रुचि के विस्तार को दिखाते हैं। वह फिल्मी गीतों के संगीतकार भर नहीं थे, बल्कि भक्ति और आध्यात्मिक रचनाओं के भाव को भी समझते थे।

1964 का एक दिलचस्प प्रसंग उनके काम करने के तरीके को सामने लाता है। उनके घर के बगीचे में आनंद बख्शी गीत लिख रहे थे। मजरूह सुल्तानपुरी दूसरी जगह बैठे थे, राजेंद्र कृष्ण संगीत-कक्ष में जुटे थे और प्रेम धवन पिछवाड़े नारियल के पेड़ के नीचे लिख रहे थे। चित्रगुप्त बारी-बारी सबके पास जाकर उनके काम की प्रगति देखते थे। यह दृश्य किसी संगीतकार के स्टारडम से ज्यादा उसकी कार्यशैली और पेशेवर अनुशासन का परिचय देता है। चार बड़े गीतकारों के साथ एक ही समय में काम कर पाना उनकी संगठन क्षमता और रचनात्मक समझ का प्रमाण था। उनकी प्रतिभा का एक और महत्वपूर्ण अध्याय भोजपुरी सिनेमा है। 1962 में प्रदर्शित ‘गंगा मैया तोहे पियरी चढ़ैबो’ को पहली भोजपुरी फिल्म के रूप में पहचान मिली। चित्रगुप्त ने शैलेंद्र के गीतों को ऐसी धुनें दीं, जिनमें बिहार की मिट्टी, लोकजीवन और पारिवारिक संवेदनाएं एक साथ सुनाई देती हैं। ‘लागी नाहीं छूटे राम’, ‘भौजी’ और ‘बलम परदेसिया’ जैसी फिल्मों में उनका योगदान भोजपुरी संगीत की मजबूत नींव बना। हिंदी सिनेमा में जिन लोकधुनों को अक्सर हल्केपन के साथ देखा जाता था, चित्रगुप्त ने उन्हें अपनी रचनाओं में सम्मान और विस्तार दिया। यही उनकी सांस्कृतिक जड़ों की असली ताकत थी।

चित्रगुप्त जी का फिल्मी ही नहीं, निजी जीवन भी संघर्षों से भरा रहा। इसी बीच 1968 में दिल का दौरा पड़ा और 1974 में पक्षाघात ने उनकी सक्रियता को प्रभावित किया। परिवार के सामने आर्थिक परेशानियां आईं। बेटे मिलिंद के मुताबिक, कठिन समय में परिवार को कार तक बेचनी पड़ी और चित्रगुप्त बसों से सफर करके स्टूडियो पहुंचते थे। इसके बावजूद उन्होंने संगीत से रिश्ता नहीं तोड़ा। अस्सी के दशक में भोजपुरी फिल्मों ने उन्हें फिर काम दिया। 1988 की ‘शिवगंगा’ उनके जीवनकाल की अंतिम फिल्मों में गिनी जाती है। 14 जनवरी 1991 को मकर संक्रांति के दिन उनका निधन हो गया। उनकी विरासत को बेटों आनंद-मिलिंद ने आगे बढ़ाया। ‘कयामत से कयामत तक’ का ‘पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा’ मानो पिता के संघर्ष और सपने को अगली पीढ़ी की आवाज देता है। आज जब पुराने हिंदी फिल्मी गीत डिजिटल मंचों पर नई पीढ़ी तक पहुंच रहे हैं, चित्रगुप्त को फिर से सुनने और समझने की जरूरत है। उनके गीतों की लोकप्रियता किसी बीते दौर की भावुक याद भर नहीं है। यह उस संगीत की ताकत है, जो समय, पीढ़ी और बाजार की सीमाएं पार कर जाता है।