मोहित त्यागी
नई दिल्ली: मास्क प्लेयर्स आर्ट ग्रुप द्वारा आयोजित तीन दिवसीय नेशनल थिएटर फेस्टिवल का राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के सम्मुख ऑडिटोरियम में शानदार शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में विधायक अनिल शर्मा, दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही, अभिनेता एवं टीवी एंकर श्रीवर्धन त्रिवेदी व समाजसेविका डॉ. शोभा विजेन्दर ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया।
इस आयोजन का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों की नाट्य परंपराओं, भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत को एक साझा मंच प्रदान करना है। इसी उद्देश्य के तहत असम, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, बिहार, उत्तराखंड और हरियाणा के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां देने के लिए दिल्ली में सहभागिता की।
पहले दिन मैथिली भाषा के नाटक को बिहार की अछिंञ्जल नाट्य संस्था द्वारा दर्शकों के समक्ष रखा गया। अभिनेता व लेखक काश्यप कमल के इस नाटक को शिवा कुन्देर द्वारा निर्देशित किया गया। बोझ, सामाजिक परंपराओं के बीच महिलाओं की स्थिति और उनकी मानसिक पीड़ा को बेहद संवेदनशीलता से दर्शकों के सामने रखता है। अभिनेता काश्यप कमल ने अपने सभी पात्रों को बख़ूबी निभाकर भाषाई बंधनों को पीछे छोड़ दर्शकों का खूब मन मोहा।
दिन की दूसरी प्रस्तुति, असम के विंग्स थियेटर की रही। प्रेरणा और संवेदनाओं से ओतप्रोत यह मंचन किस्मत बानो के निर्देशन में हुआ इसकी लेखिका भी वही हैं। हेलेन केलर की आत्मकथा पर आधारित इस नाटक में एनी सुलिवन और हेलेन केलर के असाधारण संबंध तथा संघर्ष को दर्शाया गया। किस्मत बानो ने हेलेन और राजश्री शर्मा ने शिक्षिका की भूमिका में शानदार अभिनय कर दर्शकों की संवेदनाओं को गहरा छू दिया। अन्य भूमिकाओं में पंखी कश्यप, अश्फकउर रहमान, समीरा ख़ातून, शहनाज़ अली व अहिल खत्री बहुत ही सधा हुआ अभिनय किया। साथ ही नाटक का संगीत व प्रकाश पक्ष की बहुत मज़बूत रहा।
दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों की खूब सराहना मिली। यह महोत्सव भारतीय रंगमंच की विविध परंपराओं और सांस्कृतिक एकता को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा।





