रविवार दिल्ली नेटवर्क
नई दिल्ली : भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक में आरईसी लिमिटेड को वर्ष 2025-26 के लिए राजभाषा नीति के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के आधार पर प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
आरईसी को यह पुरस्कार माननीय केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल जी द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर विद्युत तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्री श्रीपाद येसो नाइक, उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्य सभा सांसद श्री दिनेश शर्मा, लोक सभा सांसद श्री सुरेश कुमार कश्यप तथा विद्युत मंत्रालय के सचिव श्री पंकज अग्रवाल भी मौजूद थे। यह पुरस्कार आरईसी के सीएमडी श्री जितेन्द्र श्रीवास्तव, आई.ए.एस., ने प्राप्त किया।
यह विशेष गर्व का विषय है कि आरईसी ने यह सम्मान विद्युत क्षेत्र के सभी केंद्रीय सार्वजनिक उद्यमों, अधीनस्थ कार्यालयों तथा मंत्रालय से संबद्ध संगठनों में अर्जित किया है।
यह उपलब्धि राजभाषा हिंदी के संवर्धन, प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति आरईसी की सतत प्रतिबद्धता और संगठन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। राजभाषा नीति के विभिन्न प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन, हिंदी में कार्य-संस्कृति को प्रोत्साहन तथा नवीन पहलों के सफल क्रियान्वयन के क्षेत्र में आरईसी द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को इस सम्मान के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हुई है।
यह पुरस्कार पूरे आरईसी परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह पुरस्कार न केवल संगठन की उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करता है, बल्कि राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में आरईसी की अग्रणी भूमिका को भी रेखांकित करता है।





