- प्रभु श्रीराम का जीवन हमें आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है – नितिन नवीन
- विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
- केंद्रीय मंत्री एवं सांसदों के साथ किया प्रभु श्रीराम की अद्भुत रामलीला का अवलोकन
- फिल्म अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी ने निभाई केवट की भूमिका
दीपक कुमार त्यागी
दिल्ली : लाल किला मैदान में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया आज प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने वाले भावपूर्ण केवट प्रसंग का विशेष आकर्षण देखने को मिला। इस प्रसंग में प्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं सांसद मनोज तिवारी ने केवट की भूमिका निभाई। अपनी मधुर आवाज और गीतों के माध्यम से उन्होंने रामलीला के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि लीला के दौरान केवट प्रसंग के साथ सुमंत की वापसी, राजा दशरथ के देहावसान, भरत-कैकेयी संवाद तथा चित्रकूट में भरत मिलाप जैसे भावनात्मक प्रसंगों का मंचन किया गया। इन प्रसंगों में प्रभु श्रीराम के प्रति प्रेम, त्याग, कर्तव्य और पारिवारिक मर्यादाओं का मार्मिक चित्रण देखने को मिला।
आज लव कुश रामलीला में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, सांसद प्रवीण खंडेलवाल, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद एवं प्रसिद्ध कलाकार मनोज तिवारी तथा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने भी रामलीला का अवलोकन किया।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि रामलीलाएं भारतीय संस्कृति और परंपरा की सशक्त प्रतीक हैं। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। हम सभी को उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।
कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं सांसदों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





