विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला कमेटी की अनूठी पहल

A unique initiative by the world-famous Luv Kush Ramlila Committee

मोहित त्यागी

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के जरिए 1 करोड़ लोगों तक पहुंचेगी लाल किले की लवकुश रामलीला, Gen Z और युवाओं को जोड़ने की अनूठी पहल।

100 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने लव कुश रामलीला के प्रचार-प्रसार का लिया संकल्प, फैशन डिजाइनर, मेकअप आर्टिस्ट, ब्लॉगर और यूट्यूबर्स भी जुड़े, इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर रील्स, शॉर्ट वीडियो और लाइव प्रसारण के जरिए होगा रामलीला का प्रचार।

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक रामलीला मंचन एवं दशहरा पर 20 अक्टूबर 2026 को मनाया जाएगा। रामलीलाओं को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी कड़ी में लाल किला मैदान में आयोजित होने वाली देश की प्रसिद्ध लवकुश रामलीला के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष , युवाओं, महिलाओं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं प्रभु श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से एक विशेष अभियान शुरू किया है। घर-घर राम, घर-घर तुलसी अभियान के तहत 5100 तुलसी के पौधे Gen Z को दिए जाएंगे | 1 लाख दीपों से प्रभु श्री राम की आकृति बनाई जाएगी।

लवकुश रामलीला कमेटी द्वारा आज CTI चेयरमैन बृजेश गोयल के नेतृत्व में 100 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामलीला के व्यापक प्रचार-प्रसार और सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश तक प्रभु श्रीराम की लीला को पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस अभियान से जुड़े प्रत्येक इंफ्लुएंसर के इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर लगभग 1 लाख से लेकर 10 लाख तक फॉलोअर्स हैं। इस प्रकार डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से रामलीला को एक करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया युवाओं और नई पीढ़ी तक अपनी बात पहुंचाने का सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। हमारा उद्देश्य केवल रामलीला का प्रचार करना नहीं, बल्कि Gen Z, युवाओं और महिलाओं को भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों, संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ना भी है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान में फैशन डिजाइनर, मेकअप आर्टिस्ट, ब्लॉगर, यूट्यूबर्स और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स अपनी स्वेच्छा से और निशुल्क योगदान देंगे। ये सभी अपने सोशल मीडिया पेजों पर आकर्षक रील्स, शॉर्ट वीडियो, फोटो और लाइव प्रसारण के जरिए लवकुश रामलीला के भव्य मंचन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएंगे।

इस अभियान से जुड़ने वाले प्रमुख इंफ्लुएंसर्स में प्रियंका सक्सेना, निकिता आर्या, श्वेता राजपाल, पूजा दुआ, आशी बजाज, निधि नंदराजोग, अंजलि मठारु, प्रियंका सोबती, गुलफ्शा कुरेशी, अनिशा गुप्ता, वाणी मनचंदा, अनामिका सचदेवा सहित अनेक लोकप्रिय सोशल मीडिया हस्तियां शामिल हैं।

अर्जुन कुमार ने कहा कि लवकुश रामलीला इस वर्ष परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रही है। हमारा प्रयास है कि जो युवा आज मोबाइल और सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताते हैं, वे उसी माध्यम से प्रभु श्रीराम की दिव्य लीला से जुड़ें और भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को जानें। यह अभियान रामलीला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

लवकुश रामलीला कमेटी को विश्वास है कि सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की इस विशेष पहल से इस वर्ष रामलीला का संदेश करोड़ों लोगों तक पहुंचेगा और देश की युवा पीढ़ी भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित होगी।

इस अवसर पर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स का स्वागत पवन गुप्ता, सुभाष गोयल, बृजमोहन गोयल, अखिल सिंघल आदि ने किया।