कप्तान संजय के गोल से न्यूजीलैंड से दूसरा हॉकी मैच ड्रॉ करा भारत की पुरुष टीम सीरीज में 1-0से आगे

Indian men's team leads 1-0 in the series after drawing the second hockey match with New Zealand with the goal of captain Sanjay.

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : कप्तान फुलबैक व ड्रैग फ्लिकर संजय की अगुआई में भारत की नौजवान खिलाड़ियों से सज्जित पुरुष हॉकी टीम ने दो बार पिछड़ने के बाद गजब का जीवट दिखा कर वापसी करते हुए शनिवार को ऑकलैंड में भारत-न्यूज़ीलैंड खेल एकता शताब्दी कार्यक्रम के मौके पर आयोजित तीन मैचों की हॉकी सीरीज का दूसरा मैच दो दो गोल से ड्रॉ खेला।

डायलन थॉमस ने दूसरे क्वॉर्टर खत्म होने से पांच मिनट पहले गोल कर न्यूजीलैंड की हॉकी टीम का खाता खोला। अंगद बीर सिंह ने तीसरे क्वॉर्टर के पांचवें मिनट में गोल कर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एक एक की बराबरी दिला दी। सैम हीना ने खेल खत्म होने से चार मिनट पहले गोल कर मेजबान न्यूजीलैंड को फिर 2-1 से आगे कर दिया। कप्तान ड्रैग फ्लिकर संजय ने अगले ही मिनट पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत को दो दो गोल की बराबरी दिला दी। भारत सीरीज का पहला मैच 3-2 से जीत कर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। भारत को यह हॉकी सीरीज जीतने के लिए अब रविवार को मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाने वाला सीरीज का तीसरा आखिरी मैच ड्रॉ कराना ही काफी होगा। वहीं न्यूजीलैंड की कोशिश सीरीज का तीसरा और आखिरी हॉकी मैच जीत कर एक एक की बराबरी पर समाप्त कराने की होगी।

तीन मैचों की यह हॉकी सीरीज भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के सौ बरस का जश्न मनाने के लिए आयोजित की जा रही है। 1926 में हॉकी के जादूगर दद्दा ध्यानचंद की अगुआई में भारतीय सेना की हॉकी टीम न्यूजीलैंड में उसके खिलाफ हॉकी मैच खेलने आई थी।