- राजस्थान की लोकधुनों को डिजिटल पंख : विश्व के सांस्कृतिक मानचित्र पर नई पहचान की ओर अग्रसर भारतीय संस्कृति
- वीणा म्यूजिक ऐप भारत की वैश्विक सॉफ्ट पावर को नई ऊँचाई देने का प्रयास
- आगामी 29 नवंबर 2026 को जयपुर के प्रतिष्ठित रामबाग पैलेस में राजस्थान के माननीय राज्यपाल श्री हरिभाऊ किशनराव बागडे के करकमलों द्वारा ‘वीणा म्यूजिक मोबाइल ऐप’ का भव्य लोकार्पण किया जाएगा
- ‘घूमर वॉल्यूम-5’ : सांस्कृतिक परंपरा की निरंतरता का संकेत
नीति गोपेंद्र भट्ट
जब दुनिया के किसी कोने में ‘केसरिया बालम’ की स्वर लहरियाँ गूँजती हैं, जब माँड़ की मिठास श्रोताओं को भाव-विभोर करती है, जब घूमर की थिरकन राजस्थान की सांस्कृतिक छवि को जीवंत करती है और जब मांगणियार तथा लंगा कलाकारों की आवाज मरुस्थल की अनूठी संगीत परंपरा का परिचय कराती है, तब वह केवल संगीत का अनुभव नहीं होता, बल्कि भारत की सदियों पुरानी सभ्यता, लोकजीवन और सांस्कृतिक आत्मा से साक्षात्कार होने का अहसास होता है।
देश-दुनिया में राजस्थानी संगीत और संस्कृति को हर घर की चौखट तक पहुँचाने का कार्य कर अमर हो गए केसरी चंद मालू (के.सी. मालू) ने अपने परिवार के परंपरागत व्यापार एवं व्यवसाय को छोड़ अपने जीवन का लक्ष्य राजस्थान के लोकसंगीत को उसकी गौरवमयी विरासत और परंपरा को आगे बढ़ाने, उसकी गरिमा बनाए रखते हुए लोकप्रिय बनाने तथा सैकड़ों कलाकारों की प्रतिभाओं को तराशने के साथ ही उनकी आजीविका का स्थायी साधन बनाने में अपना सारा जीवन समर्पित कर दिया।
आज राजस्थान की पहचान उसके ऐतिहासिक दुर्गों, भव्य महलों, मरुस्थलीय विस्तार, रंग-बिरंगी वेशभूषा और शौर्यगाथाओं तक ही सीमित नहीं है। इस प्रदेश की वास्तविक आत्मा उसके लोकसंगीत, लोकभाषाओं, लोककलाओं और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक परंपराओं में बसती है। यहाँ के गीतों में इतिहास है, वीरता है, प्रेम और विरह की संवेदनाएँ हैं, भक्ति है, प्रकृति के प्रति अनुराग है और कठिन परिस्थितियों में भी जीवन को उत्सव की तरह जीने का दर्शन है।
राजस्थान की लोकधुनें किसी एक भूभाग या समुदाय की संपत्ति नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विविधता की अमूल्य धरोहर हैं। यही कारण है कि स्वर्गीय के.सी. मालू के अथक प्रयासों से इन धुनों ने देश की सीमाओं को पार कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है।
राजस्थान का जादुई लोकसंगीत : मनोरंजन नहीं, सभ्यता की जीवंत अभिव्यक्ति
राजस्थान का लोकसंगीत सदियों के सामाजिक अनुभवों और सांस्कृतिक विकास का जीवंत दस्तावेज है। यहाँ के गीत जीवन के प्रत्येक अवसर से जुड़े हैं। जन्म, विवाह, तीज-त्योहार, वर्षा की प्रतीक्षा, खेती, प्रेम, विरह, युद्ध, शौर्य और आध्यात्मिक साधना—हर भाव की अपनी लोकधुन और अपनी अभिव्यक्ति है।
मारवाड़ की माँड़, मेवाड़ की लोकपरंपराएँ, ढूँढाड़ के गीत, शेखावाटी की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियाँ, हाड़ौती और वागड़ की लोकधुनें तथा मेवात और अन्य क्षेत्रों की संगीत शैलियाँ राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता को अभिव्यक्त करती हैं।
पनिहारी गीतों में ग्रामीण जीवन की संवेदना है, घूमर में उत्सवधर्मिता है, चंग और गेर में सामूहिक उल्लास है और लोकदेवताओं के भजनों में जनआस्था की गहरी अभिव्यक्ति है।
मांगणियार और लंगा समुदायों की संगीत परंपराएँ राजस्थान की सबसे विशिष्ट सांस्कृतिक उपलब्धियों में गिनी जाती हैं। कमायचा, खड़ताल, सारंगी, रावणहत्था, मोरचंग, भपंग और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि इस प्रदेश को अलग पहचान देती है। इन कलाकारों ने पीढ़ियों से मौखिक परंपराओं के माध्यम से संगीत को जीवित रखा है।
उनके गीतों में राजस्थान का इतिहास, सामाजिक सद्भाव, धार्मिक आस्था, प्रकृति, लोककथाएँ और मानवीय संबंधों की अनगिनत कहानियाँ सुरक्षित हैं, लेकिन बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश में इन परंपराओं के सामने नई चुनौतियाँ भी हैं।
अनेक दुर्लभ लोकगीत और धुनें आज भी सीमित समुदायों और कलाकार परिवारों तक सिमटी हुई हैं। युवा पीढ़ी का पारंपरिक संगीत से जुड़ाव भी कई क्षेत्रों में कमजोर हुआ है। यदि समय रहते इनका व्यवस्थित दस्तावेजीकरण, संरक्षण और डिजिटल प्रसार नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियाँ इस अमूल्य विरासत के कई हिस्सों से वंचित हो सकती हैं।
इसलिए लोकसंस्कृति का संरक्षण केवल पुराने गीतों को सुरक्षित रखने का विषय नहीं है। यह हमारी सामूहिक स्मृति, भाषायी पहचान और सामाजिक इतिहास को भविष्य तक पहुँचाने का दायित्व है।
वीणा म्यूजिक : 1987 से शुरू हुई सांस्कृतिक यात्रा और नई पीढ़ी का संकल्प
राजस्थान की इस सांस्कृतिक यात्रा में 1987 में स्थापित वीणा म्यूजिक समूह, जयपुर का योगदान उल्लेखनीय रहा है। मई 1987 में जयपुर से शुरू हुई इस यात्रा के पीछे स्वर्गीय के.सी. मालू की दूरदर्शिता, संगीत के प्रति समर्पण और राजस्थानी लोकसंस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का संकल्प था।
उस समय अश्लीलता और फूहड़ता भरे राजस्थानी संगीत का स्तर काफी हल्का एवं निम्न था और इस कारण इसका बाजार भी सीमित था। लोकगीतों की रिकॉर्डिंग, वितरण और प्रचार-प्रसार के साधन भी आज की तुलना में काफी सीमित थे।
ऐसे दौर में के.सी. मालू जी ने समझा कि राजस्थान की लोकधुनों के स्तर और मर्यादा को सम्मानजनक स्थान दिलाने तथा उसकी सस्ती लोकप्रियता के स्थान पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की क्षमता को विकसित किया जा सकता है।
उन्होंने लोकसंगीत को आधुनिक रिकॉर्डिंग तकनीक से जोड़ने, लोकगायकों और संगीतकारों को मंच उपलब्ध कराने तथा पारंपरिक धुनों को नए श्रोता वर्ग तक पहुँचाने का प्रयास किया। वीणा ने लोकसंगीत को केवल व्यावसायिक उत्पाद नहीं, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान और विरासत के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में काम किया।
कैसेट और ऑडियो सीडी के दौर से शुरू हुई यह यात्रा आज यूट्यूब, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों तक पहुँच चुकी है। वीणा म्यूजिक की वेबसाइट के अनुसार, उसके पास 4,000 से अधिक मूल मास्टर ट्रैक और 200 से अधिक चर्चित एल्बमों की विरासत है।
यह उपलब्धि बताती है कि क्षेत्रीय भाषा और लोकसंगीत की अपनी व्यापक रचनात्मक क्षमता है और सही दृष्टिकोण के साथ उसे बड़े मंच तक पहुँचाया जा सकता है। वीणा की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि उसने राजस्थान के लोकसंगीत को आधुनिक संगीत निर्माण और प्रस्तुति से जोड़ते हुए उसकी पारंपरिक पहचान को व्यापक बनाने का प्रयास किया।
इस तरह यह समूह केवल संगीत निर्माण करने वाला प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि राजस्थान की लोकधरोहर को संरक्षित और प्रचारित करने वाली एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक संस्था के रूप में भी उभरा है।
वीणा की ‘घूमर’ संगीत श्रृंखला इस यात्रा की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज इस नृत्य के गीतों के वीणा म्यूजिक के चार सफल संस्करणों ने राजस्थानी संगीत को व्यापक श्रोता वर्ग तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अब 4 दिसंबर 2026 को ‘घूमर वॉल्यूम-5’ के विमोचन का प्रस्ताव इस सांस्कृतिक परंपरा की निरंतरता का संकेत है। इसके पूर्व आगामी 29 नवंबर 2026 को जयपुर में वीणा म्यूजिक मोबाइल ऐप का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।
के.सी. मालू : एक व्यक्ति नहीं, लोकसंस्कृति को समर्पित विचार
किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान केवल उसकी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसके पीछे काम करने वाले विचार और दृष्टिकोण से बनती है। वीणा म्यूजिक की स्थापना के पीछे भी ऐसा ही एक सांस्कृतिक विचार था।
राजस्थान सरकार के सर्वोच्च सिविल अवार्ड ‘राजस्थान रत्न’ अलंकरण से सम्मानित स्वर्गीय के.सी. मालू का योगदान केवल गीतों के निर्माण और प्रसार तक सीमित नहीं था। वे राजस्थानी भाषा, लोकसंगीत और सांस्कृतिक अस्मिता के महत्व को समझते थे। उनके लिए लोकगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि राजस्थान की सामूहिक स्मृति और सामाजिक पहचान के वाहक थे।
राजस्थानी भाषा की पहचान और उसे व्यापक मान्यता दिलाने के प्रयासों में भी उनकी रुचि और भागीदारी रही। उन्होंने यह समझा कि किसी भी समाज की सांस्कृतिक पहचान तभी सुरक्षित रह सकती है, जब उसकी भाषा, साहित्य, संगीत और परंपराओं को सम्मान तथा संरक्षण मिले।
विगत 14 जुलाई 2026 को जयपुर में उनके असामयिक निधन से राजस्थान के संगीत और सांस्कृतिक जगत को गहरा आघात लगा, लेकिन किसी व्यक्ति का वास्तविक योगदान उसकी अनुपस्थिति के बाद भी उसके विचारों, संस्थागत विरासत और नई पीढ़ी के संकल्प में जीवित रहता है।अब उनके पुत्र हेमजीत मालू ,प्रसेनजीत मालू और वीणा समूह की नई पीढ़ी इस यात्रा को आधुनिक तकनीक और बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने में जुटी है। मोबाइल ऐप इसी प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी है।
हेमजीत मालू के सामने चुनौती केवल एक डिजिटल उत्पाद को सफल बनाने की नहीं, बल्कि अपने पिता की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की भी है। यदि यह पहल कलाकारों, श्रोताओं, शोधकर्ताओं और प्रवासी समुदाय को एक साझा मंच पर ला पाती है, तो यह व्यक्तिगत विरासत से आगे बढ़कर राजस्थान की सांस्कृतिक संपदा के संरक्षण का माध्यम बन सकती है।
स्वर्गीय के.सी. मालू और वीणा म्यूजिक समूह की चार दशकों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दुनिया के कोने-कोने तक पहुँचाने की दिशा में जयपुर के प्रतिष्ठित वीणा म्यूजिक समूह की नई पहल महत्वपूर्ण सांस्कृतिक घटना के रूप में सामने आ रही है।
आगामी 29 नवंबर 2026 को जयपुर में वीणा म्यूजिक मोबाइल ऐप का लोकार्पण प्रस्तावित है। यह पहल केवल एक मोबाइल एप्लीकेशन का शुभारंभ नहीं, बल्कि राजस्थान के लोकसंगीत को डिजिटल युग की संभावनाओं से जोड़ने और उसे वैश्विक मंच उपलब्ध कराने का एक दूरदर्शी प्रयास है।
इस पहल का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों में बसे करीब 10 करोड़ प्रवासी राजस्थानियों और राजस्थानी मूल के लोगों के साथ-साथ देश-विदेश के संगीत प्रेमियों तक अपनी पसंद का राजस्थानी संगीत पहुँचाने की परिकल्पना की गई है।
यह मंच अपनी मातृभूमि से दूर रह रहे लोगों के लिए भाषा, संस्कृति, स्मृतियों और भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम बन सकता है। आज जब डिजिटल तकनीक दुनिया को एक साझा मंच पर ला रही है, तब यह प्रश्न भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि क्या हम अपनी क्षेत्रीय भाषाओं, लोककलाओं और पारंपरिक संगीत को इस परिवर्तन का हिस्सा बना पा रहे हैं? वीणा म्यूजिक की यह पहल इसी प्रश्न का सकारात्मक उत्तर तलाशने का अवसर प्रदान करती है।
डिजिटल क्रांति : लोकसंगीत के संरक्षण और विस्तार का नया युग
21वीं सदी में डिजिटलीकरण ने ज्ञान, शिक्षा, व्यापार, संचार और मनोरंजन की दुनिया को बदल दिया है। आज मोबाइल फोन के माध्यम से व्यक्ति दुनिया के किसी भी हिस्से में उपलब्ध संगीत, साहित्य और सांस्कृतिक सामग्री तक पहुँच सकता है।
इस परिवर्तन ने क्षेत्रीय भाषाओं और लोककलाओं के सामने अभूतपूर्व अवसर पैदा किए हैं। पहले किसी लोकगीत को सीमित क्षेत्र में ही सुना जाता था। उसकी रिकॉर्डिंग और वितरण के लिए पारंपरिक माध्यमों पर निर्भर रहना पड़ता था। आज डिजिटल तकनीक के माध्यम से वही गीत कुछ क्षणों में अंतरराष्ट्रीय श्रोता वर्ग तक पहुँच सकता है।लेकिन डिजिटलीकरण का वास्तविक अर्थ केवल संगीत को इंटरनेट पर उपलब्ध करा देना नहीं है। इसका व्यापक अर्थ है—संगीत का संरक्षण, व्यवस्थित वर्गीकरण, कलाकारों की पहचान, रचनाओं के अधिकारों की सुरक्षा, नई प्रतिभाओं को अवसर, श्रोताओं तक पहुँच और आर्थिक संभावनाओं का निर्माण।
वीणा म्यूजिक ऐप इस व्यापक अवधारणा के अनुरूप विकसित होता है तो इसे राजस्थान की लोकसंस्कृति के लिए एक समर्पित डिजिटल मंच बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा सकता है।
इसमें राजस्थान के गीतों को उनकी क्षेत्रीय बोलियों, संगीत शैलियों, लोकपरंपराओं और कलाकारों के अनुसार व्यवस्थित किया जा सकता है। पुराने और दुर्लभ गीतों का डिजिटल अभिलेखागार बनाया जा सकता है। लोकवाद्यों, पारंपरिक गायन शैलियों और गीतों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का परिचय भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक डिजिटल तकनीकों के सहयोग से भविष्य में गीतों की पहचान, भाषा संबंधी जानकारी, अनुवाद, उपशीर्षक और सांस्कृतिक व्याख्या जैसी सुविधाएँ भी विकसित की जा सकती हैं। इससे गैर-राजस्थानी और विदेशी श्रोताओं के लिए इन गीतों को समझना आसान होगा।
इस प्रकार एक क्षेत्रीय संगीत ऐप भविष्य में लोकविरासत, सांस्कृतिक ज्ञान और शोध के लिए भी महत्वपूर्ण डिजिटल संसाधन बन सकता है।
नवोदित कलाकारों के लिए अवसर और लोकसंगीत की नई अर्थव्यवस्था
किसी भी लोकसंस्कृति की सबसे बड़ी पूँजी उसके कलाकार होते हैं। राजस्थान के गाँवों और कस्बों में आज भी अनेक ऐसे लोकगायक, वादक और कलाकार हैं, जिनके पास पीढ़ियों से चली आ रही दुर्लभ संगीत परंपराओं का ज्ञान है। इनमें से अनेक कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुँचने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता।
इसलिए किसी भी डिजिटल पहल की सफलता का मूल्यांकन केवल उसके डाउनलोड, गीतों की संख्या या श्रोताओं की संख्या से नहीं होना चाहिए। यह देखना भी आवश्यक है कि उससे कलाकारों को कितना लाभ मिला और उनकी आजीविका में कितना सुधार आया।
वीणा समूह ने अपने संस्थापक के.सी. मालू के नेतृत्व में अब तक 10,000 से अधिक कलाकारों को प्रशिक्षण देने और संगीत क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए तैयार करने का कार्य किया है। यह प्रतिभा विकास की दृष्टि से एक उल्लेखनीय प्रयास है।
नई डिजिटल पहल के माध्यम से नवोदित गायकों को अपनी प्रस्तुतियाँ साझा करने, संगीत विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और व्यापक श्रोता वर्ग तक पहुँचने के अवसर मिल सकते हैं।
वीणा ऐप की प्रस्तावित विशेषताएँ और नवोदित कलाकारों के लिए नई व्यवस्थाएँ इसे सामान्य संगीत मंचों से अलग पहचान दिला सकती हैं। विशेष रूप से यदि प्रशिक्षण, प्रतिभा खोज, रिकॉर्डिंग, प्रस्तुति और श्रोताओं से जुड़ने की सुविधाओं को एक साथ विकसित किया जाता है, तो यह लोकसंगीत के क्षेत्र में नई संभावनाएँ खोल सकता है।
इसके लिए कलाकारों के चयन, प्रशिक्षण, प्रस्तुति और पारिश्रमिक की पारदर्शी व्यवस्था आवश्यक होगी। कलाकारों की रचनाओं पर उनके अधिकार सुरक्षित रहें, पारंपरिक समुदायों के सांस्कृतिक ज्ञान का सम्मान हो और संगीत के व्यावसायिक उपयोग से होने वाले लाभ में कलाकारों को उचित भागीदारी मिले।
विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिला कलाकारों, युवा गायकों और पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाने वाले कलाकारों को डिजिटल मंच से जोड़ना सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगा।
लोकसंगीत तभी जीवित रहेगा, जब उसके संरक्षक कलाकार सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे।
प्रवासी राजस्थानियों के लिए अपनी माटी से जुड़ने का वैश्विक सेतु
राजस्थान का एक महत्वपूर्ण पक्ष उसका व्यापक प्रवासी समाज है। देश के महानगरों से लेकर खाड़ी देशों, यूरोप, अमेरिका, कनाडा, दक्षिण-पूर्व एशिया और अफ्रीका तक राजस्थानी मूल के लोगों की उपस्थिति है।
प्रवासी राजस्थानियों ने व्यापार, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा, तकनीक, सामाजिक सेवा और अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। लेकिन आर्थिक और व्यावसायिक सफलता के साथ अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुँचाना भी एक बड़ी चुनौती है।
विदेशों में जन्मे और पले-बढ़े अनेक बच्चों के लिए राजस्थान उनके माता-पिता और दादा-दादी की स्मृतियों में बसा हुआ प्रदेश हो सकता है। ऐसे में डिजिटल माध्यमों से राजस्थानी गीतों, लोककथाओं, भजनों और पारंपरिक संगीत तक उनकी पहुँच बढ़ाना सांस्कृतिक निरंतरता के लिए उपयोगी होगा।
कल्पना कीजिए कि लंदन में रहने वाला कोई राजस्थानी परिवार अपने बच्चों को माँड़ और घूमर सुनाता है, दुबई में रहने वाला कोई युवा अपने गाँव की लोकधुन से जुड़ता है या अमेरिका में बैठा कोई प्रवासी अपने बचपन में सुने लोकदेवता के भजन को फिर से सुन पाता है।
उस क्षण डिजिटल तकनीक केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहती, बल्कि जन्मभूमि और प्रवासी जीवन के बीच भावनात्मक संबंध का सेतु बन जाती है।
करीब 10 करोड़ प्रवासी राजस्थानियों और राजस्थानी मूल के लोगों तक इस पहल की संभावित सांस्कृतिक पहुँच का विचार अपने आप में महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रवासी समुदाय के संगठनों, राजस्थानी समाजों, सांस्कृतिक संस्थाओं और विदेशों में सक्रिय भारतीय संगठनों के साथ साझेदारी विकसित की जा सकती है।
ऐसा होने पर वीणा म्यूजिक ऐप राजस्थान के बाहर रहने वाले लोगों के लिए केवल संगीत सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी भाषा, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहने का एक आत्मीय मंच बन सकता है।
भाषा, लोकस्मृति और राजस्थानी अस्मिता का संरक्षण
राजस्थान की संस्कृति पर चर्चा राजस्थानी भाषा के बिना अधूरी है। भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं होती, बल्कि वह किसी समाज की स्मृति, इतिहास, साहित्य और सामूहिक पहचान की वाहक होती है।
मारवाड़ी, मेवाड़ी, ढूँढाड़ी, हाड़ौती, शेखावाटी, मेवाती और वागड़ी जैसी क्षेत्रीय भाषायी अभिव्यक्तियाँ राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाती हैं। लोकगीतों ने इन बोलियों और भाषायी परंपराओं को पीढ़ियों तक जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अनेक ऐसी कहावतें, लोककथाएँ और पारंपरिक शब्दावली हैं, जिनका संरक्षण केवल लिखित दस्तावेजों से संभव नहीं है। उनकी संगीत और मौखिक परंपराओं को सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है।
इसलिए वीणा म्यूजिक जैसे मंचों पर गीतों के साथ उनकी भाषा, क्षेत्रीय पृष्ठभूमि, सांस्कृतिक अर्थ और कलाकारों का परिचय उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
राजस्थानी भाषा को व्यापक शैक्षणिक, साहित्यिक और संवैधानिक पहचान दिलाने के प्रयासों को भी इस अभियान से जोड़ना चाहिए। डिजिटल माध्यम भाषा की लोकप्रियता बढ़ाने, नई पीढ़ी को उससे परिचित कराने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसके साहित्य तथा संगीत का प्रसार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
भारत की सॉफ्ट पावर और सांस्कृतिक कूटनीति में राजस्थान की भूमिका
आज अंतरराष्ट्रीय संबंधों में किसी देश की पहचान केवल उसकी आर्थिक और राजनीतिक शक्ति से नहीं बनती। उसकी संस्कृति, कला, साहित्य, संगीत, भाषा और परंपराएँ भी विश्व में उसकी प्रतिष्ठा का निर्माण करती हैं। इसी व्यापक अवधारणा को सांस्कृतिक कूटनीति और सॉफ्ट पावर कहा जाता है।
भारत के पास योग, आयुर्वेद, शास्त्रीय संगीत, सिनेमा, साहित्य, हस्तशिल्प और विविध लोकपरंपराओं के रूप में असाधारण सांस्कृतिक पूँजी है। राजस्थान इस सांस्कृतिक पूँजी का एक महत्वपूर्ण प्रतिनिधि है।
राजस्थान की लोकधुनें दुनिया के विभिन्न देशों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगीत समारोहों और पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से पहले से अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी हैं। अब डिजिटल माध्यम इस पहचान को और व्यापक बनाने की क्षमता रखते हैं।
वीणा म्यूजिक जैसी पहल को भारतीय दूतावासों, विदेशों में स्थित भारतीय सांस्कृतिक केंद्रों, प्रवासी संगठनों, अंतरराष्ट्रीय संगीत महोत्सवों और विश्वविद्यालयों के साथ जोड़ा जा सकता है।
विदेशों में राजस्थानी लोकसंगीत समारोह, कलाकारों के आदान-प्रदान, डिजिटल संगीत कार्यशालाओं और सांस्कृतिक संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इससे राजस्थान की लोककला के साथ भारत की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
इसका आर्थिक पक्ष भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकसंगीत की लोकप्रियता बढ़ने से राजस्थान के सांस्कृतिक पर्यटन, हस्तशिल्प, पारंपरिक वेशभूषा, स्थानीय खानपान और ग्रामीण कला परंपराओं को भी लाभ मिल सकता है।
इस प्रकार संगीत, पर्यटन और रचनात्मक अर्थव्यवस्था के बीच एक नया संबंध विकसित किया जा सकता है।
सरकार, संस्थानों और निजी क्षेत्र की साझा जिम्मेदारी
राजस्थान की लोकसंस्कृति का संरक्षण केवल व्यक्तिगत प्रयासों या निजी संस्थानों की जिम्मेदारी नहीं हो सकता। इसके लिए राज्य सरकार, केंद्र सरकार, विश्वविद्यालयों, सांस्कृतिक संस्थानों, निजी क्षेत्र और कलाकार समुदाय की साझेदारी आवश्यक है।
राजस्थान सरकार को लोककला और संगीत के संरक्षण के लिए दीर्घकालिक नीति तैयार करनी चाहिए। प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक क्षेत्रों में लोककला एवं संगीत अकादमियों, प्रशिक्षण केंद्रों, रिकॉर्डिंग स्टूडियो और डिजिटल संसाधन केंद्रों की स्थापना की जा सकती है।
यदि सरकार उपयुक्त स्थान, आधारभूत सुविधाएँ और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराए, तो वीणा जैसे अनुभवी संस्थानों के साथ मिलकर राजस्थानी लोकसंगीत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
राज्य के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों को भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। लोकसंगीत पर शोध, दुर्लभ धुनों का दस्तावेजीकरण, क्षेत्रीय बोलियों का अध्ययन, पारंपरिक वाद्ययंत्रों का संरक्षण और लोककलाकारों के जीवन पर शोध परियोजनाएँ शुरू की जानी चाहिए।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में लोकसंगीत तथा लोककला से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहिए। युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए संगीत प्रतियोगिताएँ, प्रशिक्षण शिविर और डिजिटल रचनात्मकता कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
इसके साथ ही केंद्र सरकार की सांस्कृतिक संस्थाओं, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), पर्यटन विभाग और संबंधित मंत्रालयों के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थानी संगीत के प्रचार की संभावनाएँ तलाशनी चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के संदर्भ में भी यह पहल प्रासंगिक है। विशेषकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सम्मानजनक रोजगार, आर्थिक विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़े उद्देश्यों के साथ इसे जोड़ा जा सकता है।
जरूरत एक ऐसे समन्वित मॉडल की है, जिसमें परंपरा का सम्मान हो, तकनीक का उपयोग हो, कलाकारों को आर्थिक सुरक्षा मिले और राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हो।
जयपुर से दुनिया तक : 29 नवंबर की पहल और नई उम्मीदें
वीणा म्यूजिक ऐप का प्रस्तावित लोकार्पण राजस्थान की सांस्कृतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अवसर है। वीणा समूह के प्रबंध निदेशक हेमजीत मालू के अनुसार, 29 नवंबर के जयपुर समारोह के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राजस्थान धरोहर प्रोत्साहन प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत तथा राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।
यह समारोह केवल एक डिजिटल उत्पाद के लोकार्पण तक सीमित न रहे, बल्कि राजस्थान की लोकसंस्कृति के भविष्य पर व्यापक संवाद का अवसर भी बने। इसमें सरकार, संगीत जगत, कलाकारों, शिक्षाविदों, प्रवासी संगठनों और डिजिटल तकनीक से जुड़े विशेषज्ञों की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
इस अवसर पर एक दीर्घकालिक सांस्कृतिक संकल्प भी सामने आना चाहिए—राजस्थान की दुर्लभ लोकधुनों का संरक्षण, कलाकारों की आर्थिक सुरक्षा, नई प्रतिभाओं का प्रशिक्षण, राजस्थानी भाषा का प्रचार, डिजिटल अभिलेखागार का निर्माण और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक नेटवर्क का विकास।
वीणा ऐप में उपलब्ध कराई जाने वाली विशेष सुविधाओं और नवोदित कलाकारों के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं को भी इस व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप विकसित करना होगा।
उसकी सफलता केवल श्रोताओं की संख्या से नहीं, बल्कि इस बात से भी मापी जानी चाहिए कि कितने कलाकारों को अवसर मिला, कितनी दुर्लभ धुनें संरक्षित हुईं और कितने नए श्रोता राजस्थान की संस्कृति से जुड़े।
माटी की खुशबू को तकनीक के पंख देने का समय
आज दुनिया आधुनिकता की ओर तेजी से बढ़ रही है, लेकिन साथ ही अपनी सांस्कृतिक जड़ों की तलाश भी कर रही है। परंपरा और तकनीक के बीच संतुलन स्थापित करना ही किसी जीवंत सभ्यता की सबसे बड़ी विशेषता है। राजस्थान की लोकसंस्कृति में यह क्षमता सदियों से मौजूद है। यहाँ की धुनें समय के साथ बदलते माध्यमों में ढलती रही हैं, लेकिन उनकी आत्मा आज भी जीवित है।
के.सी. मालू ने जिस विश्वास और समर्पण के साथ वीणा म्यूजिक की नींव रखी थी, हेमजीत मालू और उनकी टीम के सामने अब उस विरासत को डिजिटल युग की संभावनाओं से जोड़ने का अवसर है।
29 नवंबर को जयपुर से शुरू होने वाली यह पहल यदि कलाकारों, सरकार, समाज, प्रवासी समुदाय और अंतरराष्ट्रीय श्रोताओं को एक साझा मंच पर जोड़ने में सफल होती है, तो यह राजस्थान की सांस्कृतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
आने वाले समय में राजस्थान के किसी छोटे से गाँव में बैठा लोकगायक अपनी आवाज से लंदन, न्यूयॉर्क, टोक्यो, दुबई और मॉरीशस के श्रोताओं तक पहुँच सकेगा। किसी पारंपरिक कलाकार की पीढ़ियों पुरानी धुन डिजिटल अभिलेखागार में सुरक्षित रह सकेगी और दुनिया के किसी विश्वविद्यालय में राजस्थान के लोकसंगीत पर शोध का आधार बन सकेगी।
यही डिजिटल युग की वास्तविक उपलब्धि होगी—जब तकनीक केवल बाजार का विस्तार न करे, बल्कि संस्कृति को बचाए, कलाकार को सम्मान दिलाए और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़े।
राजस्थान का संगीत केवल राजस्थान की धरोहर नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक संपदा और मानवता की साझा विरासत है। इसे दुनिया तक पहुँचाना हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है और भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारा दायित्व भी।
रेगिस्तान की रेत से उठी ये स्वर लहरियाँ अब स्वर सरिता मासिक पत्रिका, विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ ही डिजिटल आकाश में नया विस्तार पाएँगी। जब माँड़ की मिठास, घूमर की थिरकन, मांगणियारों की स्वर साधना और ‘केसरिया बालम’ की पुकार दुनिया के हर कोने में गूँजेगी, तब राजस्थान केवल अपनी सांस्कृतिक पहचान का उत्सव नहीं मनाएगा, बल्कि भारत की सभ्यतागत विरासत का वैश्विक परिचय भी देगा।





