रविवार दिल्ली नेटवर्क
ग्राम खेरिया में हुई घटना, पांच नामजद लोगों के खिलाफ थाना हाथरस जंक्शन में दी शिकायत
हाथरस : हाथरस जिले के ग्राम खेरिया में सरकारी राशन की दुकान चलाने वाली महिला शालिनी पत्नी पंकज के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पांच लोगों के खिलाफ थाना हाथरस जंक्शन में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शालिनी के अनुसार, घटना के समय वह अपनी राशन की दुकान की साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान ललिता, प्रेमचंद, पुष्पेंद्र, अशोक बंगाली और कालीचरण करुआ एक साथ दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने उनके साथ बदतमीजी की और अश्लील इशारे करते हुए गुप्तांग की तरफ इशारा किया। इस दौरान उनके साथ भद्दी-भद्दी गालियां भी दी गईं।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके हाथ पर जलती हुई सिगरेट लगा दी, जिससे उन्हें चोट पहुंची। महिला का कहना है कि इस घटना से उन्हें काफी मानसिक और शारीरिक पीड़ा हुई।
घटना से आहत शालिनी ने थाना हाथरस जंक्शन पहुंचकर पांचों लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच का इंतजार है।





