सरकारी साधारण बीमा कंपनियों के एकीकृत की मांग

Demand for the integration of government general insurance companies

रविवार दिल्ली नेटवर्क

कोलकाता : लाइफ़ एण्ड जेनरल इंश्योरेंस वेलफेयर ट्रस्ट ने इंडियन चेम्बर आफ़ कामर्स के सभागार में एक सभा आयोजित की, जिसमें मुख्य रूप से चारों सरकारी साधारण बीमा कंपनियों के पेंशनर्स तथा जीवन बीमा निगम के भी कुछ अवकाश प्राप्त कर्मचारी उपस्थित हुए। इस मौके पर ट्रस्ट के प्राण पुरुष श्री बिजन बागची तथा चण्डीगढ़ से सुभाष शर्मा,दिल्ली से धीरेन्द्र मोहन चावला तथा लखनऊ से पधारे जनाब शमीम अब्बास ने सभा को सम्बोधित किया तथा युनाइटेड के देवाशीष पुरकायत तथा नेशनल के सुजीत दास के संदेश सुनाये गये।इसके अलावा निहार सरकार,डा ए के पालित,संदीप गोस्वामी,आर एस खानूजा ने भी अपनी बातें रखीं।

सभी के वक्तव्यों का लब्बोलुआब यही रहा कि भारतीय बीमा क्षेत्र को वर्ष 2000 में प्राइवेट कम्पनियों के लिए खोले जाने से पहले, चारों वित्तीय स्थिरता के स्तंभ के रूप में कार्य करती थीं‌ और ये देश के सुदूरतम कोनों तक सामाजिक दायित्वों को पूरा करते हुए निरंतर लाभ अर्जित करती थीं। लेकिन पिछले ढाई दशकों में, एक उदारीकृत बाजार में चार सरकारी स्वामित्व वाली इन कम्पनियों को एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने के लिए मजबूर करने के कारण उनकी वित्तीय स्थिति को गंभीर रूप से कमजोर कर दिया है और वे लगातार घाटे में चल रही हैं। इन सब से उबरने का एकमात्र उपाय यही है कि चारों साधारण बीमा कंपनियों न्यू इंडिया,नेशनल, युनाइटेड और ओरिएंटल को मिलाकर एक कर दिया जाये जिससे आपस की प्रतिस्पर्धा न हो और प्रशासनिक खर्च में भी कटौती हो तथा वे फिर सरकार को बेहतर लाभांश दे सकें।‌सभी का मत था कि ये विचार देश‌ हित में अति आवश्यक है और सरकार को शीघ्र ही इस पर निर्णय लेना चाहिए।