भारत ने बेहद रोमांचक फाइनल में पाक को किया पस्त
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : मोहित अल्वा ने मैच की आखिरी गेंद लेग स्पिनर अहमद हुसैन की गेंद पर चौका जड़ भारत को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ उमस भरे अल अमेरात में एसीसी अंडर 19 वन डे एशिया कप क्रिकेट फाइनल में एक विकेट से चमत्कारिक जीत दिला चैंपियन बना हर किसी को ‘मोहित’ कर दिया। भारत ने पाकिस्तान पर फाइनल में जीत के साथ उसके हाथों ग्रुप मैच में मिली हार का भी हिसाब चुकता कर दिया।
जीत के लिए 338 रन के पहाड़ के से लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 42 वें ओवर में आठ विकेट जब 252 रन पर गंवा दिए थे तब उसकी हार साफ दिखाई दे रही थी। ऐसे में मैन ऑफ द‘ मैच मोहित अल्वा ने धैर्य बरकरार रखते हुए सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे मनल चौहान के साथ नौवें विकेट के लिए 35 गेंद में 57 और फिर चिगुरूपति वेंकट के साथ आखिरी विकेट के लिए 30 रन की अटूट भागीदारी कर भारत को ऐसी यादगार जीत दिलाई जो बरसों याद रहेगी। पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट में कथित तौर पर 19 बरस से आधा दर्जन खिलाड़ियों को उतारा लेकिन उसे भारत के नौजवान खिलाड़ियों के खिलाफ के मिली यह हार लंबे समय तक सताएगी।
सलामी बल्लेबाज उस्मान खान (107 रन, 111 गेंद, 3 छक्के व 11 चौके) के शतक और उनकी अब्दुल कादिर (80 रन, 54 गेंद, 8 छक्के व तीन चौके) के साथ दूसरे विकेट की 135 तथा खुद आउट होने से पहले कप्तान फरहान युसूफ (63 रन, 60 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) के साथ 43 रन की भागीदारी की बदौलत पाकिस्तान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन का पहाड़ का स्कोर बनाया। उस्मान तीसरे बल्लेबाज के रूप में भारत के सबसे कामयाब गेंदबाज काव्या परेश पटेल (4/68) की गेंद को उड़ाने की कोशिश में तीसरे बल्लेबाज के रूप में पारी के 37 वें में मिड ऑफ पर अर्जुन राजपूत को कैच थमा कर आउट हुए। तेज पारी खेलने वाले अब्दुल कादिर ने ऑफ स्पिनर अर्जुन राजपूत की गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने के फेर में कवर में विनित को कैच थमाया ।काव्य पटेल ने साथ ही सलामी बल्लेबाज हयम खान (21 रन, 23 गेंद,चार चौके), विकेटकीपर हम्जा जहूर (10 रन, 10 गेंद) और निकाब शफीक (11 दन, 9 गेंद, एक छक्का) को भी आउट किया। मध्यम तेज गेंदबाज चिगरुपति वेंकट (3/40)ने पाकिस्तान की पारी के आखिर में उसके कप्तान फरहान युसूफ (63), अहमद हुसैन (17 रन, 20 गेंद, एक चौका) और हसनैन अब्बास डार(2 रन, 4 गेंद) को आउट किया।
जीत के लिए 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80 रन,101 गेंद, 5 चौके) की अपने सलामी जोड़ीदार आर्यवीर सहवाग (58 रन, 61 गेंद, 9 चौके) के साथ 95 रन और मोहित अल्वा (अविजित 49 रन, 26 गेंद, 3 छक्के, 5 चौके) की मनल चौहान (47 रन , 32 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ नौवें विकेट की 57 और वेंकट के साथ आखिरी विकेट की 30 रन की अटूट भागीदारियों की बदौलत भारत ने नामुमकिन को मुमकिन करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट विकेट पर 339 रन बनाकर फाइनल जीत लिया। मनल चौहान पारी के 48 वें ओवर की दूसरी गेंद पर पाकिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर निकाब शफीक की गेंद को उड़ाने के फेर में लॉन्ग ऑफ पर उस्मान कैच थमा बैठे और भारत ने नौवां विकेट 309 रन पर खो दिया। तब भारत जीत के लिए 16 गेंदों में 29 रन की जरूरत थी लेकिन तब भी मोहित अल्वा ने धैर्य से खेलते हुए फाइनल में अहमद हुसैन की आखिरी गेंद पर कदमताल कर वाइड लॉन्ग ऑन के बीच से चौका जड़ भारत को ऐसी यादगार जीत दिलाई की मैदान पर मौजूद हर क्रिकेट ने नतमस्तक हो उनकी इस बेमिसाल पारी का करतल ध्वनि से स्वागत किया।
आर्यवीर सहवाग (58) ने बाएं हाथ के स्पिनर निकाब शफीक की फ्लाइटेड गेंद को उड़ाने की कोशिश में उस्मान खान को लॉन्ग ऑन पर कैच थमा दिया और भारत ने पहला विकेट 18 वें ओवर में 95 पर खोया। आर्यवीर सहवाग ने अली रजा की गेंद पर हाथ में चोट लगने के बावजूद अपना अर्द्ध शतक 51 गेंद खेल कर 8 चौकों की मदद से पूरा किया। वीके विनित (24 रन, 21 गेंद, 3 चौके) ने मध्यम तेज गेंदबाज रिजवान उल्लाह की शॉर्ट गेंद को पुल करने करने की कोशिश में मिड विकेट पर उस्मान खान को कैच थमाया और भारत ने दूसरा विकेट 27 वें ओवर में 146 रन पर गंवाया। भारत ने एक समय 33 ओवर में तीन विकेट पर 186 रन बनाए थे। तब भारत को जीत के लिए प्रति ओवर आठ रन की दर से भी ज्यादा से रन बनाने जरूरत थी। तब पिच पर गेंद कुछ रूक कर आने लगी थी। भारत ने ऐसे में जब अपने पांच विकेट 80 रन के भीतर गंवा तो उस पर हार का खतरा मंडराने लगा तब पाकिस्तान के तेज गेंदबाज रिजवान उल्लाह (3/ 53) ने वीके विनित (24),अर्जुन राजपूत (16 रन, 18 गेंद, दो छक्कों) और आर्यन सवसानी (9 रन, 14 गेंद) को आउट किया जबकि यशवर्द्धन चौहान (9 रन 5 गेंद,एक चौका) को बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हसनैन अब्बास डार ने आउट किया भारत ने चौथा विकेट 33 वें ओवर में 186 रन पर खो दिया। भारत के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80) को पारी के 37 वें ओवर में सबसे बूढ़े अली रजा ने डार के हाथों कैच करा भारत का कककोार पांच विकेट पर 216 कर दिया और इसी स्कोर पर अनवय द्रविड़(19 रन, 12 गेंद, 3 चौके) के रनआउट होने से भारत छठा विकेट गंवा गहरे संकट में फंस गया। भारत ने 41 वें ओवर सवसानी और 42 वें ओवर में काव्य परेश पटेल (0 रन, 2 गेंद) के रूप में दो रन के दो भीतर दो विकेट गंवाए और सका स्कोर आठ विकेट पर 252 रन हो गया। मोहित अलवा, मनल चौहान और वेंकट ने मिल कर आखिरी 51 गेंदों पर 87 रन जोड़ कर भारत को यह सांस रोक देने वाला रोमाचक फाइनल जिता कर ही दम लिया।





