समान अवसर, समान अधिकार और सबका सम्मान-यही समरस समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव है – चौधरी जयंत सिंह

Equal opportunities, equal rights, and respect for all—this is the strong foundation of a harmonious society and a developed nation. – Chaudhary Jayant Singh

दीपक कुमार त्यागी

मुस्तफाबाद, पचैण्डा, मुजफ्फरनगर:राष्ट्रीय लोकदल के तत्वावधान में 20 सितंबर 2026 रविवार को जनता इंटर कॉलेज मुस्तफाबाद पचैण्डा, मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार द्वारा आयोजित सामाजिक समरसता सम्मेलन को राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने संबोधित किया, इस सम्मेलन में जयंत चौधरी को सुनने के लिए अपार जनसमूह उपस्थित रहा।

चौधरी जयंत सिंह ने विशाल समरसता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत रत्न चौधरी चरण सिंह व भारत रत्न बाबासाहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को नमन किया और उनके विचारों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि समान अवसर, समान अधिकार और सबका सम्मान-यही समरस समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव है। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर और चौधरी चरण सिंह का मानना था कि राष्ट्र की प्रगति तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और अधिकार मिलें। इसी भावना के साथ संविधान के मूल्यों, सामाजिक न्याय और समान अवसर के संकल्प को साकार करने के लिए राष्ट्रीय लोकदल प्रतिबद्ध है।

चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि आज देश का नौजवान उद्यम और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ रहा है, यह खुशी का विषय है। सामाजिक समरसता सम्मेलन में विभिन्न धर्मों और सामाजिक वर्गों के लोगों की व्यापक भागीदारी हमारे लोकतांत्रिक समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। उन्होंने कहा कि यह चौधरी अजित सिंह की कर्मभूमि है। चौधरी साहब हमेशा भाईचारे और सभी को साथ लेकर चलने के पक्षधर रहे। सामाजिक समरसता का अर्थ है—एक-दूसरे का सम्मान, भेदभाव का अंत और समानता की भावना।

चौधरी जयंत सिंह ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए कहा कि हमें उनके बताए समानता और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलना है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की विचारधारा में समाज के सभी वर्गों के लिए सम्मान और समानता का भाव समाहित है। उन्होंने कहा कि “मेरा और आपका संबंध जाति का नहीं, इंसानियत का है।” टीम आरएलडी के गठन का उद्देश्य भी सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और समाज में भाईचारे तथा सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करना है।

चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास और किसानों, मजदूरों तथा नौजवानों के हितों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार में सहयोग किया गया है। सत्ता में रहकर जनता की भावनाओं और जरूरतों के अनुरूप फैसले लेना ही लोकतंत्र की सार्थकता है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की राजनीति किसान, मजदूर, नौजवान और सर्वसमाज के सम्मान एवं हितों के लिए समर्पित है। इस अवसर पर उन्होंने संगठन की ओर से यह संदेश भी दिया कि किसी भी समाज का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा और आरएलडी सभी वर्गों के सम्मान की राजनीति को आगे बढ़ाएगा।

चौधरी जयंत सिंह ने घोषणा की कि 23 दिसंबर को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर हापुड़ के नूरपुर में भव्य आयोजन किया जाएगा। चौधरी चरण सिंह की जन्मभूमि से किसान, मजदूर, नौजवान और भाईचारे का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचाया जाएगा। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्‍य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, जयंत चौधरी के राजनीतिक सलाहकार डॉक्टर बीरपाल मलिक, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, विधायक मदन भैया, प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चैयरमेन अमरजीत सिंह बिड्डी आदि सहित पार्टी के अन्य गणमान्य नेता व भारी संख्या में सम्मानित कार्यकर्ता व अपार जनसमूह उपस्थित रहे।