मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी ने जू.और सब जू.महिला हॉकी खिताब जीते

Madhya Pradesh Hockey Academy won the Junior and Sub-Junior women's hockey titles

प्रीतम सिवाच एकडमी दोनों वर्गों में रही उपविजेता

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : मेजबान मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी ने चौथी महिला हॉकी इंडिया एकेडमी चैंपियनशिप 2026 -जोन ए व बी में ग्वालियर में सोमवार को जूनियर और सब जूनियर वर्ग के खिताब जीत लिए। मध्यप्रदेश हॉकी एकेडमी ने महिला जूनियर और सब जूनियर दोनों वर्ग के फाइनल में प्रीतम सिवाच हॉकी एकेडमी, सोनीपत को हरा कर दोहरा खिताब जीता।

मध्यप्रदेश हॉकी एकेडमी ने जूनियर महिला फाइनल में 0-2से पिछड़ने के बाद आखिरी दो क्वॉर्टर में गजब की वापसी करते हुए प्रीतम सिवाच हॉकी एकेडमी को 3-2से हरा कर खिताब जीता। ऋतिका(छठे मिनट) और मनजिंदर(35 वें मिनट) के एक एक गोल से प्रीतम सिवाच हॉकी अकेडमी ने फाइनल में आक्रामक अंदाज में आगाज कर 2-0 की बढ़त ले ली। तनवी (41 वें मिनट), भारत के लिए खेल चुकी नौशीन नाज (52 वें मिनट) और कनक पाल (54वें मिनट) के एक एक एक गोल से मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी ने 3-2 से जीत के साथ खिताब जीत लिया।
शिखा, पुनीता और श्वेता कुमारी के शूटआउट में एक एक गोल और अपनी गोलरक्षक मुस्कान की मुस्तैदी की बदौलत भाई बेहलो हॉकी एकेडमी, भग्ता ने राजा करण हॉकी एकेडमी को तीसरे स्थान के लिए मैच में निर्धारित समय में गोलरहित बराबरी के बाद 3-1 से हरा कर जूनियर महिला हॉकी का कांसा जीता।

मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी ने सब जूनियर महिला फाइनल में दो बार पिछड़ने के बाद दो दो की बराबरी पाने के बाद शूटआउट में अपनी गोलरक्षक परिधि मेवाड़ के मुस्तैदी से किए बचावों की बदौलत प्रीतम सिवाच हॉकी एकेडमी, सोनीपत को 3-1 से हरा कर खिताब जीता। कप्तान दिया(छठे मिनट) ने गोल कर प्रीतम सिवाच हॉकी एकेडमी, सोनीपत का फाइनल में खाता खोला लेकिन गीताश्री नामी ने तीन मिनट बाद गोल कर मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी को एक एक की बराबरी दिला दी। गुंजन ने 44 वें मिनट में गोल कर फिर प्रीतम सिवाच हॉकी एकेडमी, सोनीपत को 2-1 से आगे कर दिया। जागृति यादव ने खेल खत्म होने से पांच मिनट पहले गोल कर मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी को दो दो की बराबरी दिला दी और निर्धारित समय तक स्कोर दो दो रहने पर फाइनल शूटआउट में खिंच गया। शूटआउट में मध्यप्रदेश हॉकी एकेडमी के लिए भविका, सरोज मनासी और गीताश्री ने एक एक गोल किया।

इससे पहले राजा करण हॉकी एकेडमी ने चीमा हॉकी एकेडमी को सब जूनियर महिला वर्ग में तीसरे स्थान के रोमांचक मुकाबले में 4-3से हरा कर कांसा जीता। राजा करण एकेडमी के लिए तनवी (23 वें 26 वें मिनट) ने दो तथा रिया और दीक्षा (33 वें मिनट) ने एक एक गोल किया। हरप्रीत कौर (12 वें, 19 वें व 39वें मिनट) की हैट्रिक भी चीमा हॉकी को हार से नहीं बचा पाई।