मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव के बाद अब बज गया है नगर निकाय चुनाव का बिगुल

रविवार दिल्ली नेटवर्क

सागर: मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव के बाद अब नगर निकाय चुनाव का बिगुल भी बज गया है। नगरीय निकाय का चुनाव प्रचार भी धीरे-धीरे जोर पकड़ रहा है। खासकर प्रदेश की 16 नगर निगम के महापौर के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने अपना तूफानी प्रचार शुरू कर दिया है। सभी छोटे-मोटे नेता अपने-अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए जोरआजमाइश कर रहे हैं। बीजेपी के साथ-साथ अब कांग्रेस भी चुनावी मैदान में उतर चुकी है। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री और मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को सागर में महापौर प्रत्याशी निधि सुनील जैन के समर्थन में रोड शो किया। इस रोड शो में भारी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।

यह रोड शो कांग्रेस प्रत्याशी निधि सुनील जैन के घर से शुरू हुआ। कमलनाथ ने करीब 6 किलोमीटर का रोड शो किया। इस शो में उन्होंने नारा दिया : अब शहर की सरकार बदलो। इस दौरान कमलनाथ ने सागर की जनता से कहा कि इस चुनाव में फैसला देश का नहीं, राज्य का नहीं, बल्कि सागर के भविष्य का है। यहां से छात्र कोचिंग के लिए कोटा जाते हैं। यहां कोई कोचिंग सेंटर नहीं है। भ्शिवराज सिंह का रिकॉर्ड क्या है – भ्रष्टाचार में नंबर वन, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर नंबर वन… यह है शिवराज सिंह का रिकॉर्ड। शिवराज सिंह दूरदर्शन के बारे में सोचते हैं, दूरदृष्टि के बारे में नहीं।

पूर्व सीएम कमलनाथ नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रविवार को सागर के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने महापौर प्रत्याशी निधि सुनील जैन और सागर नगर निगम के कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर दिखे।

वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने अपने रोड शो के दौरान आगे कहा कि सागर की सड़कों पर आए लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने ‘सबके साथ – कमलनाथ’ का नारा भी दिया।