गाजियाबाद पुलिस के द्वारा शक्ति पूजा के महापर्व नवरात्रि में “शक्ति ऑन व्हील्स” महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल

Ghaziabad Police launches "Shakti on Wheels" as a new example of women empowerment during the grand festival of Shakti Puja, Navratri

दीपक कुमार त्यागी

गाजियाबाद‌ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के मिशन शक्ति अभियान के पाँचवें चरण के अंतर्गत पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड के निर्देशानुसार कमिश्नरेट गाजियाबाद में महिला सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक पहल की गई। जिस पहल के अंतर्गत महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी हथियारों से लैस होकर “शक्ति ऑन व्हील्स” कार्यक्रम के तहत पूरे आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय के साथ सड़कों पर उतरीं और विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी पेट्रोलिंग करने का कार्य किया।

इस दौरान महिला पुलिस की पैट्रोलिंग टीम ने न केवल आम जनमानस को सुरक्षा का भरोसा दिलाया बल्कि महिलाओं और बेटियों में यह विश्वास भी जगाया कि कानून-व्यवस्था पर महिला पुलिस की मजबूत पकड़ हर वक्त मौजूद है। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति की भावना को सशक्त बनाते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश देता है।

“शक्ति ऑन व्हील्स” पहल से गाजियाबाद पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि महिला शक्ति अब केवल घर तक सीमित नहीं, बल्कि सड़क से समाज तक हर जगह अपनी छाप छोड़ रही है। हथियारबंद महिला पुलिस का यह आत्मविश्वासी काफिला अपराधियों के लिए चेतावनी और समाज की महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की इस ऐतिहासिक पहल से न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में यह संदेश गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं को सुरक्षा का कवच देने के साथ-साथ उन्हें सशक्त बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संकल्पित नीतियों और मिशन शक्ति अभियान के सफल क्रियान्वयन की एक झलक है।

“शक्ति ऑन व्हील्स” सिर्फ पेट्रोलिंग नहीं, बल्कि यह महिला शक्ति का गर्वपूर्ण प्रदर्शन है, जो प्रदेश में सुरक्षा, सम्मान और विश्वास का माहौल बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।