शुभमन व स्मृति बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर चुने गए
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : भारत के पूर्व धुरंधर क्रिकेटर राहुल द्रविड़, रॉजर बिन्नी और मिताली राज को भारतीय क्रिकेट में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने यहां रविवार शाम सालाना नमन पुरस्कार समारोह 2026 में अपने सर्वोच्च सम्मान कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। वहीं भारत के टेस्ट और वन डे कप्तान शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को 2024-25 में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए प्रतिष्ठित पॉली उमरीगर पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं स्मृति मंधाना को पांचवीं बार यह पुरस्कार दिया गया जबकि शुभमन गिल ने दूसरी बार क्रिकेटर ऑफ द ईयर का यह अवॉर्ड दिया गया।
बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2024-25 सीज़न के दौरान अंतर्राष्ट्रीय , घरेलू और आयु वर्ग क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों को भी सम्मानित किया गया। शुभमन गिल ने 2025 में टेस्ट में 70 से अधिक की औसत से 983रन बनाए,जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ उसकी धरती पर दो दो से ड्रॉ रही टेस्ट सीरीज में बनाए 754 रन भी शामिल है। शुभमन गिल ने भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में भी अहम भूमिका निभाई। शुभमन गिल ने वन डे चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में अविजित 101 रन और पूरे टूर्नामेंट में कुल 188 रन बनाए। शुभमन गिल ने 2025 में भारत के लिए वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 490 बनाए। अगला आईसीसी पुरुष वन डे क्रिकेट विश्व कप अक्टूबर- नवंबर में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामिबिया की संयुक्त मेजबानी में होगा और इसमें 14 टीमें शिरकत करेंगी।
वहीं स्मृति मंधाना ने 2025 का समापन भारत के लिए कुल 1903 रन के साथ किया और इसमें वन डे में बनाए 1703 अंतर्राष्ट्रीय रन भी शामिल हैं जो कि किसी भी महिला क्रिकेटर द्वारा बनाए एक कैलंडर वर्ष में बनाए सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय रन हैं। ऐसा कर मंधाना महिला वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एक हजार से ज्यादा रन बनाने वाली पहली महिला बैटर बन गई। मुंबई के आयुष म्हात्रे को 2024-25 मे घरेलू सीमित ओवरों के क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लाला अमरनाथ अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं विदर्भ के हर्ष दुबे रणजी ट्रॉफी 2024-25 सीजन में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर का लाला अमरनाथ अवार्ड दिया गया।
अंतिम लक्ष्य है 2027 वनडे विश्व कप जीतना : शुभमन गिल
शुभमन गिल ने बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए प्रतिष्ठित पॉली उमरीगर पुरस्कार से नवाजे जाने पर कहा, ‘ मैं सबसे पहले बीसीसीआई का इस पुरस्कार के लिए नवाजे जाने के लिए उसका धन्यवाद करता हूं। भारत के कई महान क्रिकेटरों यह पुरस्कार पहले भी मिल चुका है। मेरे लिए यह पुरस्कार पाना बहुत सम्मान की बात है। हम अपने सभी मैच जीत कर 2023 में आईसीसी वन डे विश्व कप के फाइनल में पहुंच ऑस्ट्रेलिया से हार कर खिताब जीतने से चूक गए थे। अब बेशक हमारा अंतिम लक्ष्य 2027 आईसीसी वन डे क्रिकेट विश्व कप जीतना है। 2023 में हम अपने घर में पिछली बार फाइनल में पहुंच आखिरी बाधा पर लड़खड़ा कर खिताब जीतने से चूक गए थे। 2027 में दक्षिण अफ्रीका में हमारे पास वन डे विश्व कप जीतने का एक और मौका मिलना बढ़िया है। हमारा लक्ष्य क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में विश्व कप जीतना है। भारत की महिला और पुरुष टीमों व और अंडर 19 टीमों सहित पांच आईसीसी ट्रॉफी जीती। भारतीय क्रिकेट के लिए बतौर एक समूह जो कुछ हासिल कर पाए, वह वाकई बहुत बड़ा था। भारत ने पांच आईसीसी ट्रॉफियां जीती जो कि इससे पहले कभी नहीं हुआ।’
उम्मीद है हम और बुलंदियां चूमेंगे : स्मृति
बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए प्रतिष्ठित पॉली उमरीगर पुरस्कार से नवाजी गई भारत की बेहतरीन महिला बैटर स्मृति मंधाना ने कहा, ‘मैं बेशक इस पुरस्कार की बाबत बात कर सकती हूं, लेकिन मैं टीम का जिक्र किए बिना निजी उपलब्धियों की बाबत बात नहीं कर सकती। यह साल वाकई भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार रहा। सभी का खासतौर पर बीसीसीआई का आभार कि आपने महिला क्रिकेट का इतना समर्थन किया। मुझे उम्मीद है हम और बुलंदियां चूमेंगे।‘
बीते दशकों में भारतीय क्रिकेट बहुत आगे बढ़ी है : द्रविड़
भारत के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ बतौर बल्लेबाज अपनी सशक्त तकनीक और मजबूत रक्षण के बूते टेस्ट में भारत के लिए 13288 रन और वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 10889 रन बनाए। द्रविड़ के चीफ कोच रहते भारतीय टीम 2023 के वन डे विश्व कप में अपने सभी मैच फाइनल में पहुंच ऑस्ट्रेलिया से हार आखिरी बाधा पर लड़खड़ा खिताब जीतने से चूक गई थी। द्रविड़ के चीफ रहते भारत ने 2024 में अमेरिका में टी 20 क्रिकेट विश्व कप खिताब जीता। द्रविड़ ने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट में बरसों से मौजूदा अपार प्रतिभा अब मैदान पर मिल रही कामयाबियों के रूप में दिख रहीं है। बीते कुछ बरसों में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंटों में मिल रही कामयाबियां यह बताती हैं कि भारतीय क्रिकेट की संभावनाएं अब वास्तविक उपलब्धियों में तब्दील हो रही है। भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा की कभी कमी नहीं रही। हमारे पास अच्छे प्रशासक, बेहतरीन क्रिकेट उस्ताद व मजबूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध है। मजबूत घरेलू क्रिकेट ने हमारे क्रिकेटरों को आगे बढ़ने का मंच मुहैया कराया है। बीते कई दशकों में भारतीय क्रिकेट बहुत आगे बढ़ी है।’
2024टी 20 विश्व कप की खिताबी जीत ने ही आईसीसी खिताब जीतने के लिए प्रेरित किया : सूर्य
वहीं अपनी कप्तानी मे भारत को अभी हाल ही में अपने घर में आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले सूर्य कुमार यादव ने कहा, ‘2024 आईसीसी टी 20 विश्व कप की खिताबी जीत ने ही देश की महिला टीम और पुरुष टीमों को हाल के आईसीसी खिताब जीतने के लिए प्रेरित किया। अगर कोई ऐसा मैच है जिसे मैं फिर खेलना और जीतना चाहूंगा तो वह बेशक 2023 वनडे विश्व कप का फाइनल होगा । 2023 वन डे विश्व कप में हमें बस एक आखिरी बाधा पार करने की जरूरत थी। हमने 2024 में टी 20 विश्व कप जीत पार कर लिया। उसके बाद 2025 में हमने चैंपियंस ट्रॉफी, फिर 2025 में महिला टीम ने वन डे विश्व कप जीता। अब हम 2026 में अपने घर में टी 20 पुरुष क्रिकेट विश्व कप जीते। वह एक कदम अहम था। टी 20 विश्व कप जीतने का वह स्वाद अहम था कि हर कोई समझ पाए कि आईसीसी ट्रॉफी जीतने के लिए क्या कुछ करना पड़ता है।’





