राज्यसभा के सेवानिवृत्त सदस्यों को दी गई गरिमामय विदाई

Retiring Rajya Sabha members given a dignified farewell

प्रमोद शर्मा

नई दिल्ली : राज्यसभा के सेवानिवृत्त एवं सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों के सम्मान में बुधवार को उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2025 में सेवानिवृत्त हुए 26 तथा वर्ष 2026 में सेवानिवृत्त/सेवानिवृत्त हो रहे 73 सदस्यों को सम्मानित किया गया। इनमें राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश भी शामिल हैं।

समारोह में राज्यसभा के सभापति श्री सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री तथा विदाई आयोजन समिति के संयोजक श्री किरेन रिजिजू ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल तथा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

अपने संबोधन में सभापति श्री राधाकृष्णन ने कहा कि राज्यसभा में हर दो वर्ष में होने वाला सदस्यों का परिवर्तन लोकतांत्रिक व्यवस्था में निरंतरता और बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने सेवानिवृत्त सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझ-बूझ, गंभीर बहसों और जनसेवा के प्रति समर्पण ने सदन की गरिमा को बढ़ाया है और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ किया है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये सदस्य आगे भी अपने अनुभव से सार्वजनिक जीवन में योगदान देते रहेंगे।कार्यक्रम के दौरान सभापति द्वारा सभी सेवानिवृत्त सदस्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इसके बाद उनके सम्मान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भवाई लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत प्रस्तुति और संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।