आँकड़ों की कसौटी पर ‘पीएम सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना’

PM Surya Ghar, Free Electricity Scheme on the test of data

हरित ऊर्जा,आर्थिक बचत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सफल जनआंदोलन

विनोद कुमार सिंह “तकियावाला”

भारत में ऊर्जा सुरक्षा,पर्यावरण संरक्षण और आम नागरिकों की आर्थिक समृद्धि को एक साथ साधने वाली योजनाओं की चर्चा जब भी होगी,तब प्रधानमंत्री सूर्य घर,मुफ्त बिजली योजना का नाम प्रमुखता से लिया जाएगा।जून 2026 में इस महत्वाकांक्षी योजना के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उपलब्ध आँकड़े,सर्वेक्षण और जमीनी अनुभव यह संकेत देते हैं कि यह केवल एक सरकारी योजना नहीं रही,बल्कि देश में स्वच्छ ऊर्जा आधारित जनभागीदारी का एक व्यापक अभियान बन चुकी है।

देश में बढ़ती ऊर्जा माँग,जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता और बिजली उपभोग की बढ़ती लागत लंबे समय से नीति निर्माताओं के सामने चुनौती रही है।ऐसे समय में प्रधानमंत्री द्वारा प्रारम्भ की गई यह योजना आम परिवारों को अपने घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने और बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी लाने का अवसर प्रदान करती है।दो वर्षों की यात्रा के बाद यह आवश्यक हो जाता है कि योजना को भावनाओं या राजनीतिक विमर्श के बजाय आँकड़ों की कसौटी पर परखा जाए।

योजना की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इसने सौर ऊर्जा को बड़े उद्योगों और संस्थानों की सीमाओं से निकालकर आम नागरिक के घर तक पहुंचाया। पहले रूफटॉप सोलर सिस्टम को लेकर आम धारणा थी कि यह केवल संपन्न वर्ग की सुविधा है, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी, सरल पंजीकरण प्रक्रिया और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण की व्यवस्था ने इसे मध्यम वर्ग और ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने का कार्य किया।योजना के दो वर्ष पूर्ण होने पर किए गए सर्वेक्षणों से एक अत्यंत महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि जिन परिवारों ने इस योजना को अपनाया,उनमें से लगभग 71 प्रतिशत परिवारों ने अपने बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत की पुष्टि की। यह आँकड़ा केवल आर्थिक लाभ का संकेत नहीं है बल्कि यह बताता है कि सरकारी निवेश का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंच रहा है।ऐसे समय में जब घरेलू बजट पर महंगाई का दबाव लगातार बना हुआ है, बिजली बिल में होने वाली बचत परिवारों के लिए राहत का बड़ा स्रोत बनी है।सर्वेक्षण का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष जागरूकता से जुड़ा हुआ है।

आंकड़ों के अनुसार लगभग 71 प्रतिशत ऐसे परिवार जो अभी तक योजना से नहीं जुड़े हैं, वे जानकारी प्राप्त करने के लिए सरकारी स्रोतों पर भरोसा करते हैं। यह निष्कर्ष सरकार के लिए उत्साहजनक है क्योंकि इससे स्पष्ट होता है कि जनसंचार माध्यमों, सरकारी पोर्टलों,पंचायतों और प्रशासनिक तंत्र के माध्यम से लोगों तक सही सूचना पहुंचाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।इस योजना के विस्तार के लिए केवल विज्ञापन पर्याप्त नहीं होंगे बल्कि व्यक्तिगत संवाद और स्थानीय स्तर पर विश्वास निर्माण की आवश्यकता बनी रहेगी।सौर ऊर्जा के प्रति लोगों की सोच में परिवर्तन भी इस योजना की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कुछ वर्ष पूर्व तक अधिकांश लोग सौर ऊर्जा को तकनीकी रूप से जटिल और रखरखाव की दृष्टि से कठिन मानते थे।आज स्थिति बदल रही है। हजारों परिवार अपने अनुभवों के माध्यम से पड़ोसियों और रिश्तेदारों को इस तकनीक को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। यही कारण है कि सरकार अब लाभार्थियों को योजना के ‘ब्रांड एम्बेसडर’ के रूप में विकसित करने की रणनीति पर कार्य कर रही है।

हालाँकि उपलब्ध आँकड़े यह भी बताते हैं कि चुनौतियां पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं। सर्वेक्षण में पाया गया कि 31 प्रतिशत जागरूक परिवार अभी भी रूफटॉप सोलर को बिजली कटौती के समय बैकअप पावर के रूप में देखते हैं।तकनीकी रूप से यह पूरी तरह सही नहीं है क्योंकि सामान्य ग्रिड आधारित सौर संयंत्र बिना बैटरी के बिजली कटौती के समय कार्य नहीं करते।यह निष्कर्ष बताता है कि जागरूकता अभियान के अगले चरण में तकनीकी जानकारी को सरल भाषा में समझाना आवश्यक होगा ताकि लोगों की अपेक्षाएं वास्तविकता के अनुरूप बन सकें।वित्तपोषण के क्षेत्र में भी सुधार की पर्याप्त गुंजाइश दिखाई देती है।सर्वेक्षण के अनुसार 69 प्रतिशत इच्छुक परिवारों को योजना के अंतर्गत उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी नहीं है।

यह स्थिति बताती है कि अनेक परिवार केवल प्रारंभिक निवेश की चिंता के कारण योजना से दूर हैं, जबकि व्यवहारिक रूप से बैंक ऋण और सब्सिडी के संयोजन से यह निवेश अपेक्षाकृत सरल हो सकता है।यदि वित्तीय संस्थाएं, स्वयं सहायता समूह,सहकारी बैंक और ग्रामीण विकास संस्थान इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं तो योजना की पहुंच और अधिक बढ़ सकती है।ग्रामीण भारत के संदर्भ में यह योजना विशेष महत्व रखती है।देश के अनेक राज्यों में कृषि, घरेलू उपभोग और छोटे व्यवसायों के लिए बिजली व्यय एक महत्वपूर्ण आर्थिक कारक है।यदि ग्रामीण परिवार और छोटे उद्यमी सौर ऊर्जा को अपनाते हैं तो उनकी उत्पादन लागत कम होगी और आय में वृद्धि की संभावना बनेगी। इससे गांवों में आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।पर्यावरणीय दृष्टि से भी योजना का योगदान कम महत्वपूर्ण नहीं है।भारत ने वैश्विक मंचों पर कार्बन उत्सर्जन में कमी और स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार का संकल्प लिया है। लाखों घरों की छतों पर स्थापित सौर संयंत्र केवल बिजली उत्पादन का माध्यम नहीं हैं बल्कि वे जलवायु परिवर्तन के विरुद्ध भारत के संघर्ष में नागरिक भागीदारी का प्रतीक भी हैं।प्रत्येक सौर संयंत्र पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करता है और भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में योगदान देता है।

योजना का एक और सकारात्मक पक्ष डिजिटल शासन का सफल उपयोग है। .आवेदन,अनुमोदन, सब्सिडी वितरण और निगरानी की अधिकांश प्रक्रियाओं को ऑनलाइन बनाकर पारदर्शिता बढ़ाई गई है।इससे भ्रष्टाचार और अनावश्यक देरी की संभावनाएं कम हुई हैं।हालाँकि डिजिटल साक्षरता की कमी वाले क्षेत्रों में अभी भी सहायता तंत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।दो वर्षों के अनुभव से यह स्पष्ट है कि योजना की सफलता केवल सरकारी अनुदान पर आधारित नहीं है।इसकी वास्तविक शक्ति जनविश्वास,तकनीकी विश्वसनीयता और आर्थिक लाभ में निहित है।जब कोई परिवार अपने बिजली बिल में कमी देखता है,तब वह स्वयं योजना का प्रचारक बन जाता है। .यही कारण है कि कई राज्यों में लाभार्थियों के अनुभव नए आवेदकों के लिए सबसे प्रभावी प्रेरणा स्रोत बन रहे हैं। सरकार को जागरूकता अभियान,वित्तीय सहायता, तकनीकी प्रशिक्षण और सेवा गुणवत्ता पर समान रूप से ध्यान देना होगा।विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में प्रमाणित विक्रेताओं का नेटवर्क मजबूत करना आवश्यक होगा ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं समय पर मिल सकें।

दो वर्षों के आंकड़े यह संकेत देते हैं कि प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना ने अपने घोषित उद्देश्यों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। बिजली बिल में बचत,स्वच्छ ऊर्जा का विस्तार, कार्बन उत्सर्जन में कमी,नागरिक सहभागिता और ऊर्जा आत्मनिर्भरता जैसे अनेक मानकों पर यह योजना सकारात्मक परिणाम देती दिखाई देती है। चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं, लेकिन उपलब्ध उपलब्धियां यह बताती हैं कि सही दिशा में उठाया गया कदम किस प्रकार राष्ट्रीय आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सकता है।

संक्षेप में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का दो वर्ष का सफर केवल सरकारी उपलब्धि नहीं,बल्कि करोड़ों भारतीय परिवारों की भागीदारी से लिखी गई एक नई ऊर्जा क्रांति की कहानी है।आंकड़ों की कसौटी पर परखें तो यह योजना अब तक खरा सोना साबित होती दिखाई देती है।यदि यही गति और जनसहभागिता बनी रही तो आने वाले वर्षों में भारत विश्व के सबसे बड़े घरेलू सौर ऊर्जा नेटवर्क वाले देशों में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सकता है।