डीडी किसान से देशभर में पहुंचेगा प्रधानमंत्री मोदी का योग संदेश

Prime Minister Modi's yoga message will reach the entire country via DD Kisan

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बीएसएफ जवानों के साथ योग का संदेश देंगे विश्व चैंपियन संदीप आर्या और योग गुरु आचार्य प्रतिष्ठा

विनोद कुमार सिंह ” तकियावाला”

नई दिल्ली : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्वस्थ भारत-समर्थ भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डीडी किसान चैनल आज प्रातः 8 बजे विशेष कार्यक्रम ‘योगा फॉर नेशन’ का प्रसारण करेगा। योग को जनांदोलन बनाने की दिशा में यह कार्यक्रम देश के किसानों, ग्रामीण समुदाय, युवाओं तथा आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

विशेष कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों की प्रेरक सहभागिता रहेगी। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवान योग के माध्यम से अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और शारीरिक क्षमता का संदेश देंगे।कार्यक्रम में सूर्य नमस्कार के विश्व चैंपियन संदीप आर्या तथा प्रसिद्ध योग गुरु आचार्य प्रतिष्ठा योग के विविध आयामों, उसके वैज्ञानिक महत्व और दैनिक जीवन में उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालेंगे।उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सतत प्रयासों के परिणाम स्वरूप वर्ष 2015 से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस वैश्विक स्तर पर मनाया जा रहा है।आज योग केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर नहीं,बल्कि विश्वभर में स्वास्थ्य, संतुलन और समग्र कल्याण का माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार योग को स्वस्थ जीवन, तनावमुक्त समाज और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताते रहे हैं।

डीडी किसान चैनल के हेड ऑफ प्रोग्राम (एडीपी) विनोद कुमार ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है। उन्होंने कहा कि आज जब जीवनशैली से जुड़ी बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं, तब योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करता है। डीडी किसान चैनल जनहित,स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में योगासन,प्राणायाम और सूर्य नमस्कार के व्यावहारिक पहलुओं को सरल ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा,जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के दर्शक लाभान्वित हो सकें।चैनल का मानना है कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ,आत्मविश्वासी और ऊर्जावान बनाता है, जिससे परिवार, समाज और राष्ट्र सभी को लाभ मिलता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रसारित होने वाला यह विशेष कार्यक्रम ‘योगा फॉर नेशन’ केवल एक टीवी कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश लेकर आएगा।