पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में अपराधियों की निगरानी हुई और सख्त

The surveillance of criminals in Police Commissionerate Ghaziabad has become more stringent

दीपक कुमार त्यागी

कमिश्नरेट गाजियाबाद में पुलिस कर रही है विशेष सत्यापन एवं तलाशी अभियान

गाजियाबाद : पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण, अपराधियों की प्रभावी निगरानी तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से 01 अगस्त 2026 एवं 02 अगस्त 2026 को विगत 05 वर्षों में सम्पत्ति सम्बन्धित अपराधों एवं गोवध अधिनियम के अभियोगों में संलिप्त अपराधियों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत कमिश्नरेट के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा लूट, स्नैचिंग, वाहन चोरी, अन्य चोरी तथा गोवध अधिनियम से सम्बन्धित अभियोगों में संलिप्त रहे अपराधियों के वर्तमान निवास, गतिविधियों एवं आपराधिक प्रवृत्तियों का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान संबंधित व्यक्तियों की वर्तमान स्थिति, निवास स्थान, रोजगार, सामाजिक गतिविधियों एवं पुनः अपराध में संलिप्तता की संभावना का भी परीक्षण किया गया।

अपराधियों के सत्यापन के जोनवार संख्यात्मक विवरण के अनुसार नगर जोन, ट्रांस हिण्डन जोन व ग्रामीण जोन में अपराध में संलिप्त अपराधियों की संख्या 4496 हैं अभियान के दौरान सत्यापन की कार्यवाही के अनुसार
जिसमें से 356 जेल में हैं, 2417 जमानत पर हैं, 718 फरार हैं और
993 का सत्यापन (शेष) है।अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा अपराधियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न होने की कड़ी चेतावनी दी गई तथा उन्हें कानून का पालन करने हेतु निर्देशित किया गया। जिन अपराधियों के संबंध में संदिग्ध गतिविधियां अथवा पुनः अपराध में संलिप्त होने की आशंका प्राप्त हुई, उन्हें चिन्हित कर उनकी सतत निगरानी की जा रही है। सत्यापित किये गये अपराधियों के सम्बन्ध मे यक्ष ऐप पर फीडिंग की जा रही है।

कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, सक्रिय निगरानी तथा सत्यापन अभियान आगे भी निरंतर संचालित किए जाएंगे। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्क एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जा रही है। आमजन से भी अपील की जाती है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जो अपराधी फरार हैं उनके सम्बन्ध में गहनता से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।