सत्येन्द्र पाल सिंह
मोहाली(पंजाब) : मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक होने वाली एएचएफ मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, भोपाल 2026 में अपने अभियान का आगाज मलयेशिया के खिलाफ पहले 19 नंवबर को खेले जाने वाले राउंड रॉबिन लीग मैच से करेगी। टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा बुधवार को की गई। राउंड रॉबिन लीग आधार पर भोपाल में खेले जाने इस टूर्नामेंट में दुनिया की सातवें और एशिया की दूसरे नंबर की टीम भारत, जापान, चीन, मलयेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया सहित छह टीमें शिरकत करेंगी। सभी मैच भोपाल के नाथू बारखेड़ा इंटरनैशनल स्पोटर्स स्थित नए हॉकी स्टेडियम मे खेले जाएंगे। भारतीय महिला हॉकी टीम अपने घर मे अपना खिताब बरकरार रखने उतरेगी। छह महिला टीमें एशियाई हॉकी में अपना दबदबा साबित करने उतरेंगी।
राउंड रॉबिन लीग के आधार पर खेले इस टूर्नामेंट में शिरकत करने वाली सभी छह टीमें एक दूसरे के खिलाफ पांच पांच मैच खेलेगी। लीग की समाप्ति पर शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वॉलिफाई करेंगी। 20, 23 व 26 को विश्राम के दिन होंगे। भारतीय महिला हॉकी टीम टूर्नामेंट के पहले 19 नवंबर को अपना अभियान मलयेशिया के खिलाफ खेल कर शुरू करेगी और टूर्नामेट का उदघाटन मैच एशिया की शीर्ष टीम चीन और थाईलैंड के बीच खेला जाएगा। भारत की टीम अपने दूसरे मैच में 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से खेलेगी।
जापान में एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम पहला बड़ा टूर्नामेंट खेलेगी । भारतीय महिला टीम एशिया की छह टीमों के बीच अपना खिताब बरकरार रख कर अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखने उतरेगी। इसमें एशिया की छह सर्वश्रेष्ठ महिला हॉकी टीम खेलेंगी। दोनों सेमीफाइनल के साथ पांचवें व छठे स्थान के मैच 27 नवंबर को होंगी। 28 नवंबर को फाइनल और तीसरे व स्थान का मैच खेला जाएगा।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ओलंपियन दिलीप तिर्की ने कहा,‘मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी भोपाल, 2026 एशिया में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत का जश्न मनाने का मौका है। मुझे खुशी है कि भोपाल एशिया की छह शीर्ष हॉकी टीमों की मेजबानी करेगा। मैं उम्मीद करता हूं कि हमारी यह भारतीय महिला हॉकी टीम एशियाई खेलों में अपनी सुनहरी कामयाबी से प्रेरित होकर भोपाल में महिला एशियंस ट्रॉफी हॉकी में अपना खिताब बरकरार रखेगी।’
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, ‘महिला एशियन चैंपियंस भोपाल का कार्यक्रम घोषित हो गया है और इसमें एशियाई हॉकी की छह मजबूत टीमें एक दूसरे खिलाफ खेलेंगी। हमारी खिलाड़ियों के लिए एशियाई खेलों की अपनी सुनहरी कामयाबी की लय को महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में जारी रखने का मौका है। हम मध्यप्रदेश सरकार के सहयोग और समर्थन के लिए उसके आभारी हैं।‘





