नीट बायोलॉजी पेपर लीक की मास्टर माइंड बॉटनी टीचर गिरफ्तार

Botany teacher, mastermind of NEET Biology paper leak, arrested

इंद्र वशिष्ठ

सीबीआई ने नीट परीक्षा के बायोलॉजी पेपर लीक मामले में मास्टर माइंड महाराष्ट्र के पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली में गिरफ्तार किया है। वह नीट परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थीं और उन्हें एनटीए द्वारा विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया था। बॉटनी और जूलॉजी के पेपर तक उनकी पूरी पहुंच थी। अप्रैल 2026 के दौरान उन्होंने पुणे की मनीषा वाघमारे के माध्यम से नीट परीक्षा के संभावित उम्मीदवारों को संगठित किया और अपने पुणे स्थित आवास पर इन छात्रों के लिए विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित कीं। इन कक्षाओं के दौरान उन्होंने बॉटनी और जूलॉजी विषयों के विभिन्न प्रश्नों को समझाया और छात्रों को उन्हें अपनी नोटबुक में लिखने और किताबों में चिह्नित करने के लिए कहा। इनमें से अधिकांश प्रश्न 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा के वास्तविक प्रश्न पत्र से मेल खाते थे।

मनीषा मंधारे पुणे के शिवाजीनगर में स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ आर्ट्स साइंस एंड कॉमर्स में बॉटनी की लेक्चरर हैं। बताया जाता है कि मनीषा पिछले 5-6 वर्षों से एनटीए के लिए नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया में शामिल रही है।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने 12 मई 2026 को यह मामला दर्ज किया था।

इस मामले में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई ने 15 मई को इस मामले में पुणे से मुख्य आरोपी/ सरगना केमिस्ट्री के लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार किया। पी.वी. कुलकर्णी, एनटीए की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थे। उनके पास प्रश्नपत्रों तक पहुंच थी। 14 मई को अहिल्या नगर के धनजंय लोखंडा और पुणे की मनीषा वाघमारे को गिरफ्तार किया। 13 मई को जयपुर के जमवारामगढ़ निवासी मांगीलाल बिवाल उनके बेटों विकास और दिनेश बिवाल, गुरुग्राम के यश यादव और नासिक के शुभम खेरनार को गिरफ्तार किया।

विशेष टीमों द्वारा जांच जारी है और अब तक की जांच में केमिस्ट्री और बायोलॉजी के पेपर के लीक होने के वास्तविक स्रोत के साथ-साथ उन बिचौलियों का भी पता चला है जो उन छात्रों को जुटाने में शामिल थे जिन्होंने नीट परीक्षा में आने वाले प्रश्नों को पढ़ाने और उन पर चर्चा करने के लिए लाखों रुपये का भुगतान किया था।