आरटीओ के पूर्व अधिकारी के यहां मिला कुबेर का खजाना

'Kuber's treasure' found at former RTO official's residence

अजय कुमार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यूपी विजिलेंस (सतर्कता अधिष्ठान) की टीम ने एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। परिवहन विभाग के एक छोटे स्तर से सेवानिवृत्त हुए अधिकारी ललित कुमार के ठिकानों पर जब विजिलेंस की टीम ने छापेमारी की, तो वहाँ का मंजर देखकर खुद जांच अधिकारी भी दंग रह गए। रिटायर अफसर के घर से बेहिसाब सोना, चांदी, जवाहरात और चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिसे देखकर लोग इसे कुबेर का खजाना कह रहे हैं। विजिलेंस सूत्रों से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी में अब तक करीब 13 किलोग्राम शुद्ध सोना और 9 किलोग्राम चांदी बरामद की जा चुकी है। सोने-चांदी के इन भारी-भरकम बिस्कुटों और आभूषणों की बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

इसके अलावा, भारी मात्रा में नकदी और कीमती जवाहरात भी बरामद किए गए हैं, जिनकी गिनती और मूल्यांकन की प्रक्रिया अभी भी जारी है। तलाशी के दौरान विजिलेंस टीम को बड़ी संख्‍या में प्रॉपर्टी के दस्‍तावेज मिले हैं। इनमें लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में आवासीय प्‍लॉट, फ्लैट, कृषि भूमि और अन्‍य अचल संपत्तियां शामिल हैं। दो लग्‍जरी कारों के साथ बैंक, पोस्‍ट ऑफिस, म्‍यूचुअल फंड और फिक्‍स्‍ड डिपॉजिट में एक करोड़ से अधिक के निवेश संबंधी दस्‍तावेज बरामद हुए हैं।विजिलेंस टीम को घर से टोयोटा इनोवा और हुंडई आई 20 कार बरामद हुई है। इसके अलावा आरोपी अफसर ने अपने मकान की साजसज्‍जा और घरेलू उपकरण खरीदने में लाखों रुपये खर्च हैं।