इंद्र वशिष्ठ
सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले में लातूर के बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मनोज शिरुरे और पुणे के एक कोचिंग सेंटर के फिजिक्स टीचर तेजस हर्षद कुमार शाह को गिरफ्तार किया है, जिससे इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 13 हो गई है। लातूर के रहने वाले डॉक्टर मनोज शिरुरे ने आरोपी आरसीसी कोचिंग सेंटर के मालिक प्रोफेसर शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर के बेटे सहित तीन छात्रों को आरोपी केमिस्ट्री लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी से केमिस्ट्री के पेपर प्राप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आरोपी तेजस हर्षद कुमार शाह पुणे स्थित कोचिंग सेंटर डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी में फिजिक्स टीचर हैं। उन्हें लीक हुए फिजिक्स के प्रश्नपत्र गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार से मिले थे। इस मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीआई ने 22 मई को फिजिक्स का पेपर लीक करने के आरोप में मनीषा संजय हवलदार को गिरफ्तार किया है। वह पुणे में सेठ हीरालाल सर्राफ प्रशाला में प्रिंसिपल है। वह नीट परीक्षा प्रक्रिया में एनटीए द्वारा विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त की गई थी।
18 मई को लातूर(महाराष्ट्र) स्थित आरसीसी कोचिंग संस्थान के मालिक प्रोफेसर शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर उर्फ एम सर को गिरफ्तार किया। 16 मई को बायोलॉजी पेपर लीक मामले में मास्टर माइंड महाराष्ट्र के पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली में गिरफ्तार किया।15 मई को इस मामले में पुणे से मुख्य आरोपी/ सरगना केमिस्ट्री के लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार किया। पी.वी. कुलकर्णी, एनटीए की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थे। उनके पास प्रश्नपत्रों तक पहुंच थी। 14 मई को अहिल्या नगर के धनजंय लोखंडा और पुणे की मनीषा वाघमारे को गिरफ्तार किया। 13 मई को जयपुर के जमवारामगढ़ निवासी मांगीलाल बिवाल, विकास और दिनेश बिवाल, गुरुग्राम के यश यादव और नासिक के शुभम खेरनार को गिरफ्तार किया।
इस मामले में सिलसिलेवार कड़ी और साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है। सीबीआई ने अब तक विभिन्न स्थानों पर 49 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया है और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त की गई वस्तुओं का विस्तृत विश्लेषण जारी है।
विभिन्न विशेष टीमें मिलकर जांच कर रही हैं और जांच में परीक्षा से पहले प्रसारित रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और भौतिक विज्ञान के प्रश्न पत्रों के रिसाव के वास्तविक स्रोत का पता चला है।





