वागड़ के बांसवाड़ा और जालौर के भीनमाल में प्रधान मंत्री की हुंकार

Prime Minister's roar in Banswara of Vagad and Bhinmal of Jalore

गोपेन्द्र नाथ भट्ट

राजस्थान की सभी 25 सीटों को जीतने का ऐतिहासिक रिकार्ड बनाने के लिए राजस्थान के चुनावी रण को कांग्रेस की तुलना में भारतीय जनता पार्टी अधिक गंभीरता से ले रही है और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ ही प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश में अनवरत दौरे जारी है। इसी कड़ी में प्रधान मंत्री मोदी ने रविवार को अपने गृह प्रदेश गुजरात से सटे वागड़ के बांसवाड़ा और जालोर के भीनमाल से हुंकार भरी।

प्रधानमंत्री मोदी ने वागड़ के लोगों के साथ अपने पुराने और गहरे रिश्ते की याद दिलाते हुए कहा कि पूरे वागड़ से भाजपा का रिश्ता बहुत पुराना है। यहां की वीर धरा ने हमेशा भाजपा पर अपना विश्वास जताया है।

मोदी ने कहा कि आज की वैश्विक परिस्थितियों में पूरे वागड़ का भाजपा के साथ रहना… ये बहुत जरूरी है। आज भारत में स्थिर सरकार, मजबूत सरकार का होना भी बहुत जरूरी है। एक ऐसी सरकार जो सरहदों की रक्षा कर सके और जरूरत पड़े तो पाताल में भी खोज कर दुश्मनों का सफाया कर सके।

मोदी ने जनसभा में पूर्व मुख्य मंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए बिना उनका नाम लिए कहा कि कुछ दिन पहले मैंने गारंटी दी थी कि जादूगर का जादू नहीं चलेगा। आज चारों तरफ एक ही बात गूंज रही, फिर एक बार मोदी सरकार। आज की परिस्थितियों में पूरे वागड़ का भाजपमय होना जरूरी है।यहां की वीर धरा ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है।

मोदी ने कहा कि भाजपा ने हमेशा गरीबों और आदिवासियों की चिंता की है। कोरोना काल में लोगों को मुफ्त राशन दिया है।गरीब के घर में चूल्हा जलता रहना चाहिए।गरीब के घर में बच्चा भूखा नहीं सोना चाहिए। मेरी गारंटी है आने वाले 5 साल मुफ्त राशन मिलता रहेगा। सरकार सोलर प्लांट के लिए आपकी मदद करेगी। 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों का इलाज मुफ्त किया जाएगा।भाजपा गरीब कल्याण के लिए समर्पित है।कांग्रेस ने गरीबों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों को डराया है।कांग्रेस वाले आरक्षण को लेकर झूठ फैला रहे हैं. आज देश की प्रथम नागरिक आदिवासी समाज से है।कांग्रेस जैसी पार्टियां सिर्फ अपनी संतानों के लिए काम करती है।

प्रधानमंत्री ने बांसवाड़ा में कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार का नाम लिए बिना ही कहा कि कांग्रेस का शाही परिवार के सदस्य अब कांग्रेस को ही वोट नहीं देगा।कांग्रेस के खिलाफ आदिवासियों में आक्रोश है। कांग्रेस पार्टी अब वामपंथियों के चंगुल में फंसी हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालोर के भीनमाल की जन सभा को भी संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार का दीमक फैलाया। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने पानी में भी घोटाला किया। कांग्रेस सरकार ना होती तो हर घर जल पहुंच जाता। हर घर और खेत तक जल पहुंचाना मेरी प्राथमिकता है। गरीब के लिए राशन योजना अभी भी जारी है। जनता का सपना मोदी का संकल्प है। राजस्थान में भजनलाल सरकार घोटालों की जांच कर रही है।

प्रधान मंत्री मोदी ने कहा कि नर्मदा बांध के लिए मुख्यमंत्री रहते उपवास पर बैठा । हमने मोटे अनाज मिलेट्स श्री अन्न को विश्व बाजार तक पहुंचाने का काम किया. भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बनाना है।आपके एक-एक वोट से मोदी की ताकत बढ़ेगी। मोदी ने सभी से जल-पान से भी पहले मतदान अपील की । जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मेरा राम-राम हर घर तक पहुंचाना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश को 2014 से पहले के हालात में नहीं जाना चाहिए। कांग्रेस की सरकार रिमोट कंट्रोल से चलती थी। कांग्रेस के समय प्रधानमंत्री को कोई कुछ नहीं समझता था। कांग्रेस ने कभी भारत को मजबूत नहीं होने दिया। अपनी हालत की गुनहगार कांग्रेस पार्टी खुद है। देश को अब कांग्रेस की ऐसी सरकार नहीं चाहिए, जिस कांग्रेस पार्टी ने कभी 400 सीटें जीती थी अब 300 सीटों पर भी चुनाव नहीं लड़ पा रही. करीब 25 प्रतिशत सीटें ऐसी जहां गठबंधन के नेता आपस में लड़ रहे। कांग्रेस को आज उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे। देश का युवा कांग्रेस का मुंह नहीं देखना चाहता। पहले हर कोई देश को लूटने में लगा था । विपक्ष की पतंग उड़ने से पहले ही कट गई।

इधर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राजसमंद और जसोल में भाजपा पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बाड़मेर के सिवाना और जालौर संसदीय क्षेत्र के रानीवाड़ा में कांग्रेस प्रत्याशियों उम्मेदाराम बेनीवाल और वैभव गहलोत के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।

लोकसभा के दूसरे चरण में राजस्थान की शेष 13 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रेल को चुनाव होना है। इसके लिए 24 अप्रेल तक चुनाव प्रचार होंगा। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बांसवाड़ा से अपने दूसरे चरण के चुनाव प्रचार का शुभारंभ कर कर दिया है और आने वाले दिनों में उनके और भी अधिक धुंआधार दौरे होने की उम्मीद है। इसी प्रकार आने वाले दिनों में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के दौरे भी देखने मिल सकते है। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि इस बार भाजपा का राजस्थान में सभी 25 सीटे जीतने का सपना पूरा नहीं होंगा और हम इंडिया गठबंधन के साथ उम्मीद से अधिक लोकसभा सीटें जीतेंगे। यह बदलाव का चुनाव साबित होंगा।

देखना है कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के ये तूफानी दौरे राजस्थान में मतदाताओं पर क्या असर छोड़ेंगे?