केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट-2026 पोस्टर का किया लोकार्पण

Union Law Minister Arjun Ram Meghwal unveiled the poster for the Anuvrat Creativity Contest-2026

नीति गोपेन्द्र भट्ट

नई दिल्ली : केंद्रीय विधि और न्याय ( स्वतंत्र प्रभार ) एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री तथा अणुव्रत संसदीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक अर्जुनराम मेघवाल ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर “हमारी ताकत – हमारा परिवार” विषय पर आयोजित किए जा रहे अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट-2026 (एसीसी -2026) के पोस्टर का लोकार्पण किया।

अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह दूगड़ ने केन्द्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो रहे अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट-2026 (एसीसी -2026) की जानकारी दी और बताया कि एसीसी-2026 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों और रचनात्मक चिंतन को विकसित करने का राष्ट्रव्यापी अभियान है। उन्होने अणुव्रत के तीर्थ राजस्थान के लाडनूं में अणुव्रत संसदीय मंच के सांसदों की संगोष्ठी आयोजित कराने का आग्रह किया।

केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल जोंकि जैन विश्व भारती संस्थान’ (डीम्ड यूनिवर्सिटी) लाडनूं के कुलाधिपति (चान्सलर) भी है,ने अणुविभा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि परिवार भारतीय संस्कृति की मूल इकाई है तथा विधार्थियों में पारिवारिक मूल्यों और नैतिक संस्कारों का विकास राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने ऐसे रचनात्मक एवं मूल्यपरक अभियानों को समाज के लिए उपयोगी बताया। मेघवाल ने अणुव्रत संसदीय मंच की संगोंष्ठी लाडनूं करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही दिल्ली विधानसभा की तर्ज पर राजस्थान विधानसभा में भी अणुव्रत विधायक मंच के गठन के लिए भी उपयोगी सुझाव दिये।

एसीसी पर्यवेक्षक और अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. कुसुम लुनिया ने इस अवसर पर प्रतियोगिता के विषय “हमारी ताकत – हमारा परिवार” के पीछे अंतर्निहित भावना से केंद्रीय मंत्री मेघवाल को अवगत कराया और बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देना तथा उनमें नैतिकता, पारिवारिक संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। शिक्षा के साथ सुसंस्कारों का समन्वय ही सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार है और यह प्रतियोगिता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य बाबुलाल दूगड एवं एडवोकेट प्रेक्षा दूगड ने केंद्रीय मंत्री मेघवाल को एसीसी -2026 से संबंधित सामग्री भेंट कर उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।