संजय गोयल
नई दिल्ली : विश्व सर्वाधिकार एवं ब्रह्माण्डीय न्याय परिषद (वर्ल्ड काउंसिल ऑन कॉस्मिक राईट्स एंड युनिवर्सल जस्टिस –WCHRCJ) की ओर से 10 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में एक राष्ट्रीय प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।
परिषद के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय “मास्टर आरटीआई VERSION 1.0” होगा। इस दौरान सार्वजनिक महत्व की एक परियोजना से संबंधित सूचना का अधिकार (RTI) के तहत मांगे गए सरकारी अभिलेखों, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व, सुशासन तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जानकारी साझा की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिलायंस–HSIIDC संयुक्त उपक्रम से संबंधित उपलब्ध सरकारी अभिलेखों, भूमि अधिग्रहण एवं भूमि हस्तांतरण से जुड़े रिकॉर्ड, परियोजना की वर्तमान कानूनी स्थिति, किसानों, श्रमिकों एवं स्थानीय नागरिकों से संबंधित उपलब्ध सरकारी दस्तावेजों, पर्यावरण, जल संसाधन, जैव-विविधता तथा आधारभूत संरचना से जुड़े विभागीय अभिलेखों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में सूचना के अधिकार की भूमिका पर भी विचार रखे जाएंगे।
कार्यक्रम को विश्व सर्वाधिकार एवं ब्रह्माण्डीय न्याय परिषद के संस्थापक एवं संयोजक तथा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार रक्षक सरदार चरणजीत सिंह संबोधित करेंगे। वे प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान RTI के माध्यम से प्राप्त किए जाने वाले सार्वजनिक अभिलेखों और आगे की विधिक एवं लोकतांत्रिक पहल की रूपरेखा भी प्रस्तुत करेंगे।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य किसी व्यक्ति, कंपनी अथवा संस्था के विरुद्ध आरोप लगाना नहीं है। इसका उद्देश्य केवल सार्वजनिक महत्व के विषयों पर उपलब्ध सरकारी अभिलेखों, सूचना के अधिकार, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व से जुड़े तथ्यों को मीडिया के समक्ष रखना तथा जनहित में सार्थक सार्वजनिक संवाद को बढ़ावा देना है।





